Congress Meeting on Delhi Candidates: कांग्रेस के शीर्ष नेताओं ने शुक्रवार को यहां बैठक की जिसमें दिल्ली की तीन संसदीय सीटों पर उम्मीदवारों के नामों को लेकर चर्चा की गई। सूत्रों ने बताया कि उम्मीदवारों के नामों की घोषणा जल्द ही की जाएगी। कांग्रेस चुनाव समिति की बैठक में पश्चिम बंगाल और हरियाणा राज्यों को लेकर भी चर्चा की गयी और उसके अधिकांश वरिष्ठ नेता इसमें मौजूद रहे। बैठक की अध्यक्षता पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने की। इसमें पूर्व पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी, महासचिव (संगठन) के सी वेणुगोपाल, वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद और पीएल पूनिया समेत अन्य नेता उपस्थित रहे।
आप-4, कांग्रेस-3 सीटें
बता दें कि दिल्ली में 7 लोकसभा सीटों पर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच सीटों पर समझौता हुआ है। इसके तहत आप चार सीटों पर जबकि कांग्रेस तीन सीटों पर चुनाव लड़ेगी। दिल्ली में आप चार सीटों - पश्चिमी दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली, नई दिल्ली और पूर्वी दिल्ली पर चुनाव लड़ेगी। वहीं, कांग्रेस चांदनी चौक, उत्तर पूर्वी दिल्ली और उत्तर पश्चिमी दिल्ली सीट पर ताल ठोकेगी।
आप: 4 सीटें (पश्चिमी दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली, नई दिल्ली, पूर्वी दिल्ली)
कांग्रेस: 3 सीटें (चांदनी चौक, उत्तर पूर्वी दिल्ली, उत्तर पश्चिमी दिल्ली)
भाजपा के लिए बढ़ी चुनौती
2019 चुनाव में दिल्ली की सातों सीटों पर बीजेपी ने कब्जा जमाया था। पिछले चुनाव में आप-कांग्रेस ने अलग-अलग चुनाव लड़ा था। इस बार दोनों साथ आ गए हैं जिससे बीजेपी के लिए चुनौती बढ़ गई है। लंबे मंथन के बाद दोनों दलों के बीच सीटों पर सहमति बनी थी। केजरीवाल की गिरफ्तारी से सियासी समीकरण और अहम हो गए हैं। दोनों पार्टियां के साथ आने से बीजेपी के लिए राह आसान नहीं रह गई है।
दिल्ली में भाजपा ने मारी बाजी
2014 और 2019 में हुए पिछले दो लोकसभा चुनावों में बीजेपी 50 प्रतिशत से अधिक वोट शेयर के साथ दिल्ली की सभी सीटों पर कब्जा जमाया था। बीजेपी ने इस बार अपने कई पुराने सांसदों के टिकट काटकर नए उम्मीदवारों को मौका दिया है। पार्टी ने इस बार मीनाक्षी लेखी, प्रवेश वर्मा, रमेश बिधूड़ी और डॉ. हर्षवर्धन का टिकट काट दिया है।
कांग्रेस-आप समझौता
वहीं, गुजरात में कांग्रेस 24 सीटों पर लड़ेगी जबकि आम आदमी पार्टी गुजरात की दो लोकसभा सीटों भरूच और भावनगर पर लड़ेगी। हरियाणा में एक सीट कुरुक्षेत्र आम आदमी पार्टी को दी गई है है। वहीं, चंडीगढ़ सीट पर कांग्रेस लड़ेगी। गोवा की दोनों सीटों पर कांग्रेस ही चुनाव लड़ेगी।
