Tejashwi Yadav Slams BJP: बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव ने बुधवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया था, जिसमें वो विकासशील इंसान पार्टी (VIP) चीफ मुकेश सहनी के साथ लंच करते नजर आ रहे थे, इस दौरान उन दोनों ने मछली का सेवन किया था। इसी वीडियो के बाद तेजस्वी के खिलाफ भाजपा ने मोर्चा खोल दिया था। बीजेपी नेताओं ने चैत नवरात्र में मछली खाने का वीडियो शेयर करने पर आपत्ति जताई थी। हालांकि इसके बाद तेजस्वी ने जवाब दिया था कि वो अपने विरोधियों का आईक्यू चेक कर रहे थे, ये वीडियो 08/04/2024 का है। अब तेजस्वी और सहनी ने नए अंदाज में भाजपा की चुटकी ली है।
हेलीकॉप्टर में संतरा खाते हुए तेजस्वी ने BJP पर कसा तंज
मुकेश सहनी ने कहा आज हम लोग संतरा खा रहे हैं, मुझे लगता है कि भाजपा वालों को पेट में तकलीफ होगा कि हम ऑरेंज खा रहे हैं, इसको भी वो लोग धर्म से जोड़ देंगे। बताइए कि हम लोग न खाएं न पीएं, वो लोग चाहते हैं कि हम लोग गरीब किसान और पिछड़ा का बेटा नमक रोटी खाए। एक तो समय नहीं मिल रहा है, दिन-रात प्रचार करते हैं, वापसी के समय कुछ खा पी लेते हैं कि शरीर में शक्ति रहे और ऐसे लोगों से हम लोगों को लड़ना है, बड़ी शक्ति से लड़ना है, हमें लगता कि कल ऑरेंज के लिए भी कहेंगे कि हमारा भगवा कलर है, अरे भई तुम्हारा नहीं हमारा भी कलर है। खाने का चीज है तो खाएंगे ही न, मुझे लगता है मिर्ची न लगे।
तेजस्वी ने पूछा- संतरा के रंग से तो वो नहीं ना चिढ़ेंगे?
इसके बाद तेजस्वी यादव ने अपने हाथ में संतरा लिया और ये कहा कि इसको हमें जमुई की जनता ने दिया है, जनता ने दिया है। इतना कहकर तेजस्वी संतरा खाने में जुट गए। उन्होंने इस वीडियो को अपने सोशल मीडिया अकाउंट X पर शेयर करते हुए ये लिखा कि 'हैलो फ्रैंड्स, आज हेलीकॉप्टर में नारंगी पार्टी हुई। Orange के रंग से तो वो नहीं ना चिढ़ेंगे?'
पिछले वीडियो में पूर्व उपमुख्यमंत्री यादव VIP के प्रमुख मुकेश सहनी के साथ हेलीकॉप्टर में दोपहर का भोजन करते नजर आ रहे हैं। तेजस्वी और सहनी वीडियो में मछली और रोटी खाते दिखे। राजद नेता ने आठ अप्रैल को उक्त वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा था, ‘चुनावी भागदौड़ एवं व्यस्तता के बीच हेलीकॉप्टर में भोजन। चुनाव प्रचार के दौरान जो 10-15 मिनट मिलते हैं, उसमें वह खाना खा लेते हैं।’
भाजपा ने तेजस्वी को बताया मौसमी सनातनी
वीडियो में सहनी ने मिर्च दिखाकर विरोधियों पर तंज कसते हुए कहा, ‘हमारा वीडियो देखकर बहुतों को मिर्ची लगेगी।’ जिसके बाद केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह और बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने यादव को ‘मौसमी सनातनी’ बताते हुए उनपर ‘तुष्टिकरण की राजनीति’ करने का आरोप लगाया। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता विजय कुमार सिन्हा ने बुधवार को एक वीडियो संदेश में ‘तुष्टीकरण की राजनीति’ करने के लिए तेजस्वी की आलोचना की और उन्हें ‘मौसमी सनातनी’ कहा।
विजय सिन्हा ने कहा, ‘वे (राजद के नेता) मौसमी सनातनी हैं और यह नहीं जानते कि सनातन धर्म की प्रथाओं का पालन कैसे किया जाए। मुझे लोगों के खान-पान पर कोई आपत्ति नहीं है.... लेकिन श्रावण मास में मटन और नवरात्रि में मछली का सेवन करना एक सच्चे सनातनी का खान-पान नहीं हो सकता। यह सब करके वे तुष्टिकरण की राजनीति कर रहे हैं।’ सिन्हा ने पिछले साल की एक घटना का भी जिक्र किया जब कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने लालू प्रसाद के दिल्ली आवास पर भोजन किया था (श्रावण के महीने के दौरान मटन की दावत)।
BJP नेताओं की टिप्पणियों पर पलटवार करते हुए तेजस्वी ने जवाब दिया था कि 'भाजपाइयों और गोदी मीडिया के भक्तों के 𝐈𝐐 का टेस्ट लेने के लिए ही हमने यह video डाला था और हम अपनी सोच में सही भी साबित हुए। ट्वीट में “दिनांक” यानि 𝐃𝐚𝐭𝐞 लिखा हुआ है, लेकिन बेचारे अंधभक्तों को क्या मालूम? आख़िर में सहनी जी द्वारा मिर्ची लगने का भी जिक्र किया गया है।'
अब तेजस्वी ने नया वीडियो शेयर करके भाजपा पर तीखा तंज कसा है। इस वीडियो में वो मुकेश सहनी के साथ संतरा खाते नजर आ रहे हैं।
