लालू यादव के बड़े बेटे और राजद के पूर्व नेता तेज प्रताप यादव ने फिर से 5 परिवारों को लेकर दावा किया है। तेज प्रताप यादव ने दावा किया है कि इन्हीं पांच परिवारों ने उनके खिलाफ साजिश रची है। हालांकि तेज प्रताप ने इस पांचों परिवारों के नाम का खुलासा नहीं किया है, लेकिन उन्होंने कहा कि वो आने वाले दिनों में इनका नाम बता देंगे। तेज प्रताप यादव ने कोर्ट जाने की भी धमकी दी है।
तेज प्रताप यादव जाएंगे कोर्ट
पीटीआई से बात करते हुए अपने ट्वीट पर बिहार के पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव ने कहा- "पांच लोगों ने मिलकर मेरी जिंदगी पूरी तरह बर्बाद करने का काम किया... वे मेरे खुशमिजाज स्वभाव को बर्दाश्त नहीं कर सके और इसलिए मेरे करियर को बर्बाद करने के लिए इस तरह के आरोप लगाए। मैं कोर्ट जाऊंगा और केस भी करूंगा... मुझे लगता है कि इन लोगों ने आरएसएस और बीजेपी से पैसे लिए और मेरी छवि खराब करने की कोशिश की क्योंकि उन्होंने देखा कि चुनाव आ रहे हैं और युवाओं में मेरे लिए क्रेज है। मैं जल्द ही पांच परिवारों के इन लोगों के नाम सबके सामने रखूंगा...।"
राजद के बाहर के नेता- तेज प्रताप
आगे तेज प्रताप यादव ने दावा किया कि इन साजिशकर्ताओं का पटना से दिल्ली तक गिरोह है... वे राजद में हुआ करते थे लेकिन अपने कुकर्मों के कारण निष्कासित कर दिए गए थे... इन लोगों के पास सोशल मीडिया पर लगातार सक्रिय रहने और दूसरों की छवि खराब करने के अलावा कोई और काम नहीं है।
पहले किया था ट्वीट
तेज प्रताप यादव ने एक्स पर लिखा- "मेरे राजनीतिक जीवन को पांच परिवार के लोगों ने मिलकर और बृहद रूप से षडयंत्र कर समाप्त करने का प्रयास किया। मैंने अपने 10 सालों से अधिक राजनीतिक जीवन में किसी के प्रति कभी गलत नहीं किया, कभी भी किसी के प्रति कोई षड्यंत्र नहीं किया, लेकिन इन पांच परिवार के लोगों के द्वारा मेरे राजनीतिक और पारिवारिक जीवन को पूर्णरूप से समाप्त करने की पूरी कोशिश की गई।"
