शहर

Delhi Weather: दिल्ली में रिकॉर्डतोड़ बारिश से पारा गिरा, 1951 के बाद रहा सबसे ठंडा दिन, जानें आज कैसा रहेगा मौसम

Delhi Weather Update 31 October दिल्ली का मौसम: चक्रवाती तूफान 'अर्नब' के असर से दिल्ली-NCR में मौसम ने 1951 के बाद का सबसे बड़ा रिकॉर्ड तोड़ा है। 30 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 20.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और AQI घटकर 60 पर आ गया।

Image

दिल्ली में रिकॉर्डतोड़ बारिश

Delhi Weather Update: देश के कई राज्यों में तबाही और भारी बारिश लाने वाले चक्रवाती तूफान 'अर्नब' का असर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के NCR क्षेत्रों में ऐतिहासिक रूप से दर्ज किया गया है। पिछले दो दिनों से हो रही लगातार बारिश, घने बादलों और ठंडी हवाओं के कारण दिल्ली के मौसम ने एक-दो नहीं, बल्कि कई बड़े रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं। शुक्रवार, 30 अक्टूबर 2026 को दिल्ली में 1951 के बाद 30 अक्टूबर का सबसे कम अधिकतम तापमान दर्ज किया गया, जिससे नवंबर शुरू होने से पहले ही राजधानी में गुलाबी ठंड की जगह कड़ाके की ठिठुरन का अहसास होने लगा है।

20.7 डिग्री पर सिमटा दिन का पारा

मौसम विभाग (IMD) के आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार को चक्रवाती परिसंचरण और बारिश के प्रभाव से दिल्ली का अधिकतम तापमान गिरकर 20.7 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। यह सामान्य से कई डिग्री कम है। इससे पहले 30 अक्टूबर के दिन इतना कम तापमान कभी दर्ज नहीं किया गया। इससे पूर्व 25 अक्टूबर 1975 को अधिकतम तापमान 21.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। मयूर विहार में अधिकतम तापमान 20 डिग्री, पालम में 20.5 डिग्री और अयानगर में 20.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी में रात का न्यूनतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।

सामान्य से 717% अधिक हुई वर्षा

अक्टूबर के महीने में आमतौर पर दिल्ली में सूखा मौसम रहता है, लेकिन इस बार चक्रवात 'अर्नब' के कारण बारिश ने पिछले चार सालों के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए। इस अक्टूबर में दिल्ली में कुल 123.3 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है, जबकि इस महीने का सामान्य औसत मात्र 15.1 मिमी रहता है। यानी इस बार सामान्य से 717 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है।

AQI गिरकर पहुंचा 60 पर

बारिश और तेज हवाओं का सबसे बड़ा फायदा दिल्लीवासियों को सांसों की राहत के रूप में मिला है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार जो वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) बुधवार और गुरुवार को 200 के पार 'खराब' श्रेणी में था, वह शुक्रवार शाम 4 बजे तक सुधरकर मात्र 60 पर आ गया। यह 'संतोषजनक' श्रेणी में आता है। 30 अक्टूबर का दिन 2022 के बाद अक्टूबर महीने का सबसे साफ दिन साबित हुआ है। सेंटर फॉर रिसर्च ऑन एनर्जी एंड क्लीन एयर (CREA) के अनुसार, इस पूरे अक्टूबर महीने का औसत AQI 167 रहा, जो 2015 के बाद इस महीने का सबसे बेहतर और साफ आंकड़ा है।

आज कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विज्ञान केंद्र (IMD) के अनुसार, शनिवार (31 अक्टूबर) से मौसम धीरे-धीरे स्थिर होने लगेगा। आज दिन भर आसमान में हल्के और आंशिक बादल छाए रहेंगे और धूप खिलेगी। आज बारिश की कोई संभावना नहीं है। दिन के दौरान 5 से 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हल्की हवाएं चलेंगी। आज अधिकतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। 1 और 2 नवंबर से आसमान पूरी तरह साफ हो जाएगा। मौसम विभाग का अनुमान है कि धूप निकलने के साथ ही अगले 5 दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article