देश

UP Election 2027: कांग्रेस ने अखिलेश यादव को थमाई 130 सीटों की लिस्ट, क्या है सपा का ऑफर

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले INDIA गठबंधन में सीटों के बंटवारे को लेकर हलचल तेज हो गई है। सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को उन सीटों की सूची सौंपी है, जहां वह चुनाव लड़ना चाहती है। कांग्रेस 125 से 130 सीटों की मांग कर रही है, जबकि सपा 40 से 50 सीटें देने के पक्ष में बताई जा रही है। ऐसे में यूपी चुनाव से पहले दोनों दलों के बीच सीट शेयरिंग को लेकर पेच फंस सकता है।

Image

अखिलेश से कांग्रेस ने मांगी 130 सीटें, सपा का 50 सीटों का ऑफर। ANI

Photo : ANI

UP Election 2027: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर इंडी गठबंधन में सीटों के बंटवारे की चर्चा तेज हो गई है। सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस ने आगामी विधानसभा चुनाव में अपने उम्मीदवार उतारने के लिए समाजवादी पार्टी को सीटों की एक सूची सौंपी है। कांग्रेस करीब 125 से 130 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है। हालांकि, समाजवादी पार्टी इतनी बड़ी संख्या में सीटें देने के पक्ष में नहीं बताई जा रही है।

सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने यह सूची सीधे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को सौंपी है। वहीं, सपा की ओर से कांग्रेस को 40 से 50 सीटें देने की तैयारी की बात सामने आ रही है। ऐसे में दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत अहम मोड़ ले सकती है।

125-130 सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है कांग्रेस

सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की 403 सीटों में से करीब 125 से 130 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारना चाहती है। पार्टी ने इसी रणनीति के तहत उन विधानसभा क्षेत्रों की सूची तैयार की है, जहां वह चुनाव लड़ना चाहती है।

हालांकि, समाजवादी पार्टी का नेतृत्व कांग्रेस की इस मांग से सहमत नहीं बताया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, सपा फिलहाल कांग्रेस को 40 से 50 सीटों से अधिक देने के पक्ष में नहीं है। इसके पीछे पार्टी कांग्रेस के पिछले चुनावी प्रदर्शन और कम वोट प्रतिशत को वजह बता रही है।

कांग्रेस को ज्यादा सीटें देने के पक्ष में क्यों नहीं सपा?

दरअसल, समाजवादी पार्टी का मानना है कि पिछले विधानसभा चुनावों में कांग्रेस का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा था। ऐसे में कांग्रेस को ज्यादा सीटें देने से गठबंधन की चुनावी संभावनाओं पर असर पड़ सकता है।

सूत्रों के अनुसार, सपा 2027 के चुनाव में अपने चुनाव चिह्न पर 340 से 350 सीटों पर उम्मीदवार उतारने की तैयारी कर रही है। पार्टी का मानना है कि ज्यादा से ज्यादा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारकर वह अपनी चुनावी सफलता का स्ट्राइक रेट बनाए रख सकती है।

गौरतलब है कि 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी ने अपने चुनाव चिह्न पर 347 सीटों पर चुनाव लड़ा था। बाकी सीटें गठबंधन के सहयोगियों के लिए छोड़ी गई थीं।

अखिलेश यादव ने क्या कहा था?

सीटों के बंटवारे को लेकर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पहले भी अपना रुख स्पष्ट कर चुके हैं। उन्होंने कहा है कि वह सीटों के बंटवारे को लेकर किसी से भी बातचीत करने के लिए तैयार हैं।

अखिलेश यादव की इच्छा है कि उत्तर प्रदेश में INDIA गठबंधन मजबूत हो और समाजवादी पार्टी तथा कांग्रेस दोनों को मजबूती मिले। हालांकि, कांग्रेस की 125-130 सीटों की मांग और सपा की 40-50 सीटें देने की कथित तैयारी के बीच दोनों दलों के लिए सहमति बनाना चुनौतीपूर्ण हो सकता है।

2027 से पहले INDIA गठबंधन की अग्निपरीक्षा

उत्तर प्रदेश में 2027 का विधानसभा चुनाव अभी दूर है, लेकिन सीटों के बंटवारे को लेकर सामने आ रही चर्चाओं ने सियासी हलचल बढ़ा दी है। कांग्रेस जहां प्रदेश में अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने के लिए ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है, वहीं सपा अपने चुनावी प्रदर्शन और संगठनात्मक ताकत को ध्यान में रखकर सीटों का बंटवारा करना चाहती है।

अब देखना होगा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सीटों को लेकर किस तरह सहमति बनती है और क्या दोनों दल 2027 के चुनाव में एकजुट होकर उतर पाते हैं।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article