इलेक्शन

5 जून से हर महिला के अकाउंट में भेजेंगे 1 लाख रुपये, राहुल गांधी ने अमेठी में लगाई वादों की झड़ी

अमेठी में राहुल ने कहा कि 4 जून को हर प्रदेश के गरीब लोगों की लिस्ट बनेगी, हर गरीब परिवार में से एक महिला का नाम चुना जाएगा और फिर 5 जून को हम कानून बना देंगे और हर महिला के अकाउंट में साल के एक लाख रुपए भेजेंगे।

Image

राहुल गांधी और अखिलेश

Rahul Gandhi in Amethi: उत्तर प्रदेश के अमेठी में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी और सपा मुखिया अखिलेश यादव ने संयुक्त रूप से एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान राहुल गांधी ने कहा कि अमेठी में फूड पार्क से लाखों लोगों को रोजगार मिलता, लेकिन, मोदी सरकार ने वह आपसे छीन लिया। उन्होंने कहा कि हम अमेठी में फूड पार्क लेकर आए थे। फूड पार्क से अमेठी बदल जाती। यहां चिप्स, अचार, टोमैटो केचअप जैसे फूड प्रोसेसिंग के कई कारखाने लगते। फूड पार्क से लाखों लोगों को रोजगार मिलता। लेकिन, मोदी सरकार ने वह आपसे छीन लिया। इंडिया गठबंधन की सरकार बनते ही मैं अमेठी में फूड पार्क लगवाऊंगा। यह मेरी गारंटी है।

5 जून से हर महिला के अकाउंट में भेजेंगे 1 लाख

उन्होंने कहा कि 4 जून को हर प्रदेश के गरीब लोगों की लिस्ट बनेगी, हर गरीब परिवार में से एक महिला का नाम चुना जाएगा और फिर 5 जून को हम कानून बना देंगे और हर महिला के अकाउंट में साल के एक लाख रुपए भेजेंगे। राहुल गांधी ने कहा कि मेरे पापा ने 150 कोऑर्डिनेटर बनाए थे। उसमें किशोरी लाल शर्मा भी थे। किशोरी जी ने अमेठी में आपके लिए काम किया। आप बाकी कोऑर्डिनेटर को देखें, तो कोई कुछ न कुछ जरूर बन गया। कोई कहीं एमपी और एमएलए बन गए। सभी ने स्टेट तक चलाए, लेकिन, किशोरी लाल ने 40 साल अमेठी की जनता को दिए हैं। इन्होंने आपके लिए अपना सबकुछ न्योछावर कर दिया। अपना पूरा पॉलिटिकल करियर यहां की जनता को दिया है। इसलिए इन्हें यहां का एमपी बनाइए।

अपने पिता और अमेठी के बीच मोहब्बत भरा रिश्ता देखा

उन्होंने कहा कि मैंने अपनी आंखों से अपने पिता और अमेठी के बीच मोहब्बत भरा रिश्ता देखा है। मेरी भी ऐसी ही राजनीति है। मैं अमेठी का था, हूं और अमेठी का रहूंगा। सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कहा कि अमेठी में 'सिलेंडर' वाले लोग अब 'सरेंडर' कर रहे हैं। मैं समाजवादी साथियों से अपील करने आया हूं कि इस बार कांग्रेस प्रत्याशी को जिताएं। देश की जनता ने तय कर लिया है कि भाजपा वालों को 140 सीटों के लिए भी तरसा देंगे। यह लोग संविधान और हमारे-आपके हक को बदलना चाहते हैं। अब जनता इनको बदल देगी। मुझे वह समय भी याद है, जब अमेठी में मीठी चीनी के लिए कड़वा झूठ बोला गया था। (आईएएनएस इनपुट)

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article