इलेक्शन

मछली, सुअर खाइए ..जो मन में आए सो खाइए लेकिन दिखाते क्यों हैं? तेजस्वी यादव पर राजनाथ सिंह का तीखा हमला

  • Written by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Apr 15, 2024, 07:46 AM IST

Rajnath Singh : रविवार को जमुई में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने बिना उनका नाम लेते हुए कहा कि 'उन्होंने सोचा होगा कि नवरात्रि के दौरान उनका मछली खाना देखकर दूसरे समुदाय के लोगों को अच्छा लगेगा।'

Image

जमुई रैली में तेजस्वी यादव पर भड़के राजनाथ सिंह।

KEY HIGHLIGHTS
  • राजद नेता तेजस्वी यादव के मछली खाने वाले वीडियो पर विवाद थम नहीं रहा है
  • रविवार को जमुई रैली में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने तेजस्वी यादव पर हमला किया
  • भाजपा नेता ने कहा कि मछली दिखाकर तेजस्वी ने हिंदू भावनाओं को आहत किया

Rajnath Singh : राष्ट्रीय जनता दल (RJD)तेजस्वी यादव के मछली खाने वाले वीडियो पर विवाद थमता नजर नहीं आ रहा है। अपने इस वीडियो के बाद तेजस्वी भारतीय जनता पार्टी (BJP) के निशाने पर हैं। अब रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने राजद नेता एवं बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम पर हमला किया है। रविवार को जमुई में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने बिना उनका नाम लेते हुए कहा कि 'उन्होंने सोचा होगा कि नवरात्रि के दौरान उनका मछली खाना देखकर दूसरे समुदाय के लोगों को अच्छा लगेगा।'

मछली दिखाकर भावनाओं को आहत किया-राजनाथ सिंह

राजनाथ सिंह यही नहीं रुके, उन्होंने आगे कहा, 'आप कुछ भी खा सकते हैं। आप मछली, सूअर, हाथी अथवा घोड़ा खा सकते हैं लेकिन ऐसे समय में जब लोग नवरात्रि का उपवास कर रहे हैं तो आपने उनकी भावनाओं को आहत क्यों किया।' बता दें कि नवरात्रि के पहले दिन तेजस्वी यादव ने हेलिकॉप्टर में मछली खाते एक वीडियो शेयर किया। हेलिकॉप्टर में उनके साथ राज्य के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी भी थे। इस वीडियो में तेजस्वी यादव बताते हैं कि चुनाव प्रचार के दौरान गर्मी और लू से बचने के लिए खाने में वे अपने साथ क्या-क्या लेकर चलते हैं।

'चारा खाने वाले लोग अब मछली खा रहे'

रक्षा मंत्री ने कहा कि चारा खाने वाले परिवार के लोग नवरात्र के दौरान हेलीकॉप्टर में बैठकर मछली खाकर क्या संदेश देना चाहते हैं। ये लोग तुष्टिकरण की राजनीति करते हैं। राजनाथ सिंह ने अपने भाषण के अंत में उपस्थित भीड़ से राजग प्रत्याशी अरुण भारती को भारी मतों से जिताने की अपील की। राजनाथ सिंह ने कहा कि 2019 के चुनावी घोषणा पत्र में हमने कहा था कि संसद के दोनों सदनों में जब हमारा पूर्ण बहुमत होगा तो जम्मू कश्मीर से धारा 370 को समाप्त करेंगे। हमने उसे समाप्त कर दिया।

मीसा के बयान पर जाहिर की नाराजगी

मीसा भारती के बयान पर नाराजगी जाहिर करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद को उनके ‘पुराने मित्र’ हैं। सिंह ने कहा, ''लालू जी के परिवार के सदस्यों का कहना है कि अगर भाजपा सत्ता से बाहर हो गई तो नरेन्द्र मोदी को जेल भेज दिया जाएगा। मुझे उनकी इस सोच पर दया आती है क्योंकि भाजपा चुनाव जीतने जा रही है।'' वहीं भारती ने अपने बयान को मीडिया द्वारा तोड़-मरोड़कर पेश किये जाने का आरोप लगाते हुए कहा था कि वह चुनावी बॉण्ड पर उच्चतम न्यायालय के फैसले के बारे में बोल रही थीं।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article