इलेक्शन

Bihar Election: 47 उम्मीदवारों की घोषणा के बाद राजभर का आया बयान; इस एक शर्त पर अब भी वापस ले सकते हैं पर्चा

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) ने अकेले चुनाव लड़ने का ऐलान करते हुए बुधवार को अपने प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी। सुभासपा प्रमुख ओमप्रकाश राजभर ने भाजपा से नाराजगी जताते हुए कहा कि उन्हें एक भी सीट नहीं दी गई, जबकि मांग सिर्फ चार-पांच सीटों की थी। वीडियो में देखिए क्या कह रहे हैं राजभर।

Image

ओम प्रकाश राजभर की पार्टी 153 सीटों पर लड़ेगी बिहार चुनाव

Photo : Times Now Digital

Om Prakash Rajbhar News: बिहार चुनाव में अकेले ताल ठोकने के बाद सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) ने बुधवार को विधानसभा चुनाव 2025 के लिए अपने प्रत्याशियों की पहली सूची भी जारी कर दी। पटना में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पार्टी के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव डॉ. अरविंद राजभर ने इस सूची को औपचारिक रूप से जारी किया। पार्टी ने 153 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है, जिसमें पहली सूची 47 प्रत्याशियों की जारी की गई है।

भाजपा से नाराजगी

इस मौके पर सुभासपा प्रमुख ओमप्रकाश राजभर ने भाजपा के प्रति नाराजगी जताते हुए कहा कि बिहार भाजपा इकाई ने उन्हें एक भी सीट नहीं दी, जबकि पार्टी सिर्फ चार से पांच सीटें चाहती थी। उन्होंने कहा, “बिहार भाजपा को डर था कि अगर सुभासपा यहां एंट्री कर गई तो उसे सरकार में शामिल करना पड़ेगा और विभाग देना पड़ेगा। हम सिर्फ चार-पांच सीट चाहते थे, पर उन्होंने एक भी नहीं दी।”

अब भी बन सकती है बात

राजभर ने कहा, भाजपा चाहे तो आज भी गठबंधन संभव है। ओमप्रकाश राजभर ने आगे कहा कि अगर भाजपा चाहे तो अभी भी बात बन सकती है “अगर भाजपा हमें तीन-चार सीट दे दे, तो हम आज ही पर्चा वापस ले लेंगे।” राजभर ने बताया कि उपचुनाव के दौरान करारी और रामगढ़ सीटों से सुभासपा ने नामांकन किया था, लेकिन प्रदेश भाजपा अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल ने कहा था कि इससे नुकसान होगा। राजभर ने व्यंग्य करते हुए कहा कि भाजपा को अपनी ही हार का डर है। राजभर ने यह भी स्पष्ट किया कि पार्टी बिहार में भागीदारी पार्टी के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि बिहार में भाजपा से सीट न मिलने का असर उत्तर प्रदेश में भाजपा के साथ गठबंधन पर नहीं पड़ेगा।

पहली सूची जारी और नाम आने बाकी

डॉ. अरविंद राजभर ने बताया कि 47 सीटों की पहली सूची जारी की गई है और आने वाले दिनों में बाकी 106 सीटों के लिए प्रत्याशियों की घोषणा की जाएगी। सुभासपा का लक्ष्य बिहार की राजनीति में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराना है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article