Lok Sabha Election 2024: देश की राजधानी दिल्ली में लोकसभा चुनाव-2024 के लिए मतदान होने से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। शीला दीक्षित की कांग्रेस सरकार में मंत्री रहे राजकुमार चौहान ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। जानकारी के अनुसार, राजकुमार चौहान उत्तर पश्चिमी दिल्ली सीट से उदित राज को पार्टी का उम्मीदवार बनाए जाने से नाराज थे। इससे पहले उत्तर-पश्चिमी दिल्ली से कांग्रेस प्रत्याशी उदित राज का विरोध कर रहे पूर्व मंत्री राजकुमार चौहान के विरुद्ध शिकायत की गई थी। नरेंद्र नाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस की अनुशासनात्मक समिति ने पार्टी कार्यालय में एक बैठक की थी। जहां इस शिकायत पर कार्रवाई का निर्णय सर्वसम्मति एआइसीसी पर छोड़ दिया गया था। पूर्व मंत्री राजकुमार चौहान पर उदित राज के खिलाफ गलत बोलने का आरोप लगा था।
बता दें, दिल्ली की सभी सात सीटों के लिए आम आदमी पार्टी और कांग्रेस सीट शेयरिंग फॉर्मूला के तहत गठबंधन में चुनाव लड़ रही है। इसमें आप ने चार और कांग्रेस ने तीन लोकसभा सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे हैं। कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के लिए तीन सीटों में से उत्तर-पूर्वी दिल्ली से कन्हैया कुमार, चांदनी चौक से जेपी अग्रवाल और उत्तर पश्चिमी दिल्ली से उदित राज को अपना प्रत्याशी बनाया है।
