Rahul Gandhi to Contest From Amethi: राहुल गांधी ने अमेठी से चुनाव लड़ने के लिए अपनी हामी भर दी है। सीधे शब्दों में समझा जाए तो अमेठी से राहुल गांधी का चुनाव लड़ना तय हो गया है। राहुल गांधी के नाम पर आनलाइन नामांकन पत्र खरीदा गया है। अगर ऐसा होता है तो अमेठी में एक बार फिर स्मृति ईरानी बनाम राहुल गांधी की चुनावी लड़ाई देखने को मिलेगी। ऐसा तीसरी बार होगा, जब दोनों नेता आमने-सामने होंगे।
अमेठी सीट से कब नामांकन दाखिल करेंगे राहुल गांधी?
राहुल गांधी वायनाड के साथ-साथ अमेठी लोकसभा सीट से भी चुनाव लड़ेंगे। दावा किया गया है कि शुक्रवार (3 मई, 2024) को दोपहर एक बजे राहुल गांधी अमेठी लोकसभा से पांचवी बार नामांकन करेंगे। नामांकन में सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी, रॉबर्ट भी शामिल हो सकते हैं। इंडिया गठबंधन के पोस्टर भी सामने आये हैं।
मल्लिकार्जुन खड़गे करेंगे आधिकारिक घोषणा
उनके अमेठी से चुनाव लड़ने की आधिकारिक घोषणा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे करेंगे। रिपोर्टों में सूत्रों के हवाले से कहा गया कि वह शुक्रवार को अमेठी पहुंचकर अपना नामांकन भरेंगे। इस सीट पर उनका मुकाबला एक बार फिर केंद्रीय मंत्री और भाजपा प्रत्याशी स्मृति इरानी से होगा। 2019 लोकसभा चुनाव में राहुल अमेठी सीट पर स्मृति इरानी से चुनाव हार गए थे।
अमेठी में फिर होगा स्मृति ईरानी बनाम राहुल गांधी
राहुल गांधी के अमेठी से चुनाव लड़ने को लेकर अब तक सस्पेंस बना हुआ था। लेकिन इस सीट से भी चुनाव लड़ने के तैयार होने के बाद अटकलें बंद हो गई हैं। बता दें कि कांग्रेस नेता केरल के वायनाड सीट से भी चुनाव लड़ा है। वायनाड सीट पर दूसरे चरण में 26 अप्रैल को वोटिंग हुई। अमेठी में नामांकन की अंतिम तारीख 3 मई है। यहां पांचवें चरण में 20 मई को मतदान होगा। खास बात यह है कि अमेठी में अब राहुल गांधी और स्मृति ईरानी के बीच फिर सामना होगा। स्मृति ईरानी पर जहां अपनी जीत दोहराने का दबाव होगा तो राहुल गांधी यहां से चुनाव जीतकर अपनी परंपरागत सीट पर फिर से कब्जा करना चाहेंगे।
राहुल की उम्मीदवारी पर बना रहा सस्पेंस
अमेठी सीट कांग्रेस की परंपरागत सीट रही है। खुद राहुल इस सीट पर 2004, 2009 और 2014 में चुनाव जीत चुके हैं लेकिन 2019 के लोकसभा चुनाव में उन्हें ईरानी ने करीब 55 हजार वोटों से हरा दिया। 2019 में राहुल ने वायनाड सीट से भी चुनाव लड़ा और यहां से वह विजयी हुए। 2024 में जब वह वायनाड से उम्मीदवार बने तो भाजपा हमलावर हो गई। उसने अमेठी से चुनाव लड़ने की चुनौती दी।
अजय राय ने कहा था अमेठी से चुनाव लड़ेंगे राहुल
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने चुनौती स्वीकार करते हुए कहा कि अमेठी से राहुल गांधी और रायबरेली से प्रियंका गांधी चुनाव लड़ेंगी। राहुल की अमेठी से उम्मीदवारी को लेकर कांगेस के छोटे नेताओं के तो बयान आते रहे लेकिन पार्टी हाई कमान या खुद राहुल ने खुले तौर पर कुछ नहीं कहा। कुछ दिनों पहले अमेठी से चुनाव लड़ने पर उनसे जब सवाल हुआ तो उन्होंने यह जरूर कहा कि उम्मीदवारी का फैसला सीईसी करती है। वह पार्टी का फैसला मानेंगे।
