PM Modi Jamui Rally : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कांग्रेस और आरजेडी पर जमकर निशाना साधा। जमुई रैली में पीए ने कहा कि अपनी सरकार के दोरान कांग्रेस और आरजेडी ने दुनिया भर में देश का नाम खराब किया। जबकि भाजपा और एनडीए का एक मात्र लक्ष्य विकसित भारत और समृद्ध बिहार का निर्माण करना है। प्रधानमंत्री ने कहा कि आपको याद होगा कि 10 साल पहले भारत के बारे में दुनिया क्या राय रखती थी? जमुृई में पहले चरण में मतदान होना है। पहले चरण का मतदान 19 अप्रैल को है।
पीएम ने कहा, 'कांग्रेस के शासनकाल में भारत को एक कमजोर देश माना जाता था। आज भारत दुनिया को राह दिखा रहा है। अब दुनिया हमारी तरफ देख रही है। इन 10 वर्षों में भारत की विश्वसनीयता एवं हैसियत काफी बढ़ गई है। आज भारत दुनिया की 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है।'
पीएम ने चिराग पासवान को बताया छोटा भाई
पीएम ने कहा, 'मैं यह देखकर संतुष्ट हूं कि मेरे छोटे भाई चिराग पासवान अपने पिता राम विलास पासवान के विचारों को पूरी गंभीरता के साथ आगे ले जा रहे हैं। बिहार की भूमि आज पूरे देश को रास्ता दिखाती आई है लेकिन दुर्भाग्य से आजादी के बाद पांच-छह पीढ़ियों तक लोगों को न्याय नहीं मिल पाया।'
नीतीश ने तेजस्वी पर साधा निशाना
रैली में तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा, 'बीच में झूठ-मूठ का साथ कर लिए थे। वह हमारे काम को भी अपना बताने लगा था। गलत काम भी करने लगा था। यह देखकर हम उस गठबंधन को छोड़कर निकल गए। अब हम कहीं नहीं जाएंगे। हमेशा साथ रहेंगे। अब हम इधर-उधर नहीं होने वाले हैं। पीएम मोदी 10 सालों से केंद्र की सत्ता में हैं। इन्होंने बिहार के विकास के लिए ढेर सारे कार्य किए हैं। बिहार में हमारी सत्ता के दौरान हिंदू-मुस्लिम झगड़ा बंद हो गया है। मैं मुस्लिम भाइयों से कहता हूं कि वे इस बात को हमेशा याद रखें। आपने उन्हें वोट दे दिया तो वे फिर से हिंदू-मुसलमान का झगड़ा कराएंगे।'
