इलेक्शन

'TMC ने बंगाल की महिलाओं का छीना हक', ममता सरकार पर बरसे PM मोदी; बोले- 4 मई को परिणाम नहीं, परिवर्तन आएगा

West Bengal Assembly Election 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तृणमूल कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि टीएमसी ने संसद में महिलाओं के खिलाफ वोटिंग की।

Image

पीएम मोदी ने मथुरापुर में चुनावी रैली को किया संबोधित (फोटो साभार: @BJP4India)

Photo : Twitter

West Bengal Assembly Election 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस (TMC) सरकार पर जमकर निशाना साधा। मथुरापुर में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि बंगाल में परिवर्तन की आंधी चल रही है। आज पहले चरण की वोटिंग में जिस तरह बंगाल की महिलाओं ने, बंगाल के युवाओं ने टीएमसी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है, वो पूरा देश देख रहा है।

TMC सरकार पर बरसे पीएम मोदी

उन्होंने कहा कि बंगाल में हो रहा बंपर मतदान ये साफ साफ दिखा रहा है कि भय हार रहा है और भरोसे की जीत पक्की है। ठीक 10 दिन बाद जब वोटों की गिनती होगी तो मुझे विश्वास है कि हर तरफ कमल ही कमल खिला होगा। उन्होंने आगे कहा कि मैं बंगाल के लोगों से कहूंगा, खासकर मेरे जो फर्स्ट टाइम वोटर हैं उनसे कहूंगा, बंगाल की निर्मम सरकार को उखाड़ फेंकने का यही समय है, सही समय है।

'TMC ने महिलाओं का छीना हक'

पीएम मोदी ने कहा कि टीएमसी और इन सारे दलों का महिला विरोधी चेहरा एक बार फिर खुलकर सामने आ गया। अभी कुछ दिन पहले संसद में जो कुछ हुआ, वो आप सबने देखा है। भाजपा सरकार 2029 के लोकसभा चुनाव से महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रस्ताव लेकर संसद में आई थी, लेकिन टीएमसी ने इसके खिलाफ वोटिंग की, टीएमसी ने बंगाल की महिलाओं का हक छीन लिया।

उन्होंने कहा कि बंगाल मां दुर्गा को पूजने वालों की धरती है, टीएमसी ने यहां महिलाओं के सम्मान को जो ठेस पहुंचाई है, उन पर जो अत्याचार हुए हैं, आपका एक वोट इसका हिसाब करेगा। अब अन्याय नहीं सहना है। बहुत हो चुका, ये 15 साल तक जुल्म करते रहे। अब नहीं चलेगा।

'निर्मम सरकार को सिर्फ अपने हितों की चिंता'

पीएम मोदी ने कहा कि बंगाल की निर्मम सरकार को सिर्फ अपने हितों की चिंता है, उसे आपके सुख दुख से कोई लेना देना नहीं है। हमारे मथुरापुर के कारीगरों ने कबाड़ से कंचन बनाने का अभियान चला रखा है, लेकिन भंग मेले को राज्य सरकार से वो समर्थन नहीं मिला, जो मिलना चाहिए था। ये मेला राज्य सरकार की प्रशासनिक विफलता का सबसे बड़ा सबूत है। उन्होंने कहा कि भाजपा का संकल्प है, मथुरापुर के भंग मेले को हम स्वच्छ भारत मिशन का गौरव बनाएंगे। हम इस मेले के कारीगरों को डिजिटल स्किल देंगे, उन्हें सेफ्टी गियर देंगे और मेला स्थान को एक व्यवस्थित मार्केट हब बनाएंगे।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article