West Bengal Assembly Election 2026:पश्चिम बंगाल में पहले चरण में बंपर मतदान के बाद सियासी दलों की धड़कनें तेज हो गईं हैं। जिसके बाद टीएमसी, भाजपा और कांग्रेस सहित सभी दलों ने दूसरे चरण के लिए अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी चुनाव प्रचार में लगे हैं। उन्होंने हुगली में रैली कर पीएम मोदी और टीएमसी दोनों को आड़े हाथों लिया। पीएम पर हमला बोलते हुए राहुल ने कहा कि प्रधानमंत्री देशभक्त होने का दावा करते हैं, लेकिन देश को बेच रहे हैं। वे जहां भी जाते हैं, लोगों में नफरत और डर फैलाते हैं।
भाजपा के नफरत के बाजार में कांग्रेस को खोलनी है मोहब्बत की दुकान
राहुल गांधी ने कहा कि बंगाल में चुनाव आ रहा है और देश में दो विचारधाराओं के बीच लड़ाई चल रही है। एक तरफ कांग्रेस पार्टी संविधान,एकता और भाईचारा है,दूसरी तरफ भाजपा,RSS,नफरत,हिंसा और अहंकार है। आप जानते हो कि देश में जहां भी RSS के लोग जाते हैं, भाजपा के लोग जाते हैं वो सिर्फ नफरत फैलाने का काम करते हैं। एक धर्म को दूसरे धर्म से लड़ाते हैं, लोगों को डराते हैं। कुछ साल पहले कांग्रेस पार्टी ने कन्याकुमारी से लेकर कश्मीर तक एक यात्रा की। भारत जोड़ो यात्रा। उस यात्रा में लाखों लोग चले जिसका केवल एक संदेश था कि भाजपा ने जो नफरत का बाजार खोला है उसमें कांग्रेस पार्टी को अपनी मुहब्बत की दुकान खोलनी है। ये हमारी विचारधारा है।
'मोदी-ममता एक जैसे, दोनों को जनता से लेना-देना नहीं'
जनसभा में बोलते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ममता बनर्जी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोनों पर सत्ता के लालच में गरीबों की बजाय अमीरों की मदद करने का आरोप लगाया। हुगली में उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी गरीबों की बजाय अमीरों की मदद कर रही हैं,वहीं मोदी पूरे देश में यही कर रहे हैं। रोजगार बढ़ाने और युवाओं से दोनों का कोई लेना-देना नहीं है। जनता से अपील करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि दोनों को सत्ता से हटाइए, एक को राज्य से और दूसरे को देश से, दोनों जनता के लिए काम नहीं करते।
नोटबंदी को लेकर भी पीएम पर बरसे
आगे बोलते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री पर नोटबंदी के जरिए देश के छोटे उद्योगों को नुकसान पहुंचाने और जीएसटी को गलत तरीके से लागू करने का आरोप लगाया। राहुल गांधी ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल कभी देश का औद्योगिक केंद्र हुआ करता था, लेकिन पहले वाम मोर्चा और फिर टीएमसी ने सब कुछ बर्बाद कर दिया।
