इलेक्शन

Bihar Elections: 'मुझे किस सीट से लड़ना चाहिए विधानसभा चुनाव...' चिराग पासवान ने कही यह बड़ी बात

Bihar Elections 2025: केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने रविवार को कहा कि इस साल के उत्तरार्द्ध में होने वाले बिहार विधानसभा चुनाव में उन्हें किस सीट से चुनाव लड़ना चाहिए, यह बिहार की जनता को तय करना है। उन्होंने कहा कि मैं बिहार में विधानसभा चुनाव लड़ूंगा। मैं बिहार और उसके लोगों के लिए चुनाव लड़ूंगा। मैं रामविलास पासवान का बेटा हूं।

Image

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान (फोटो साभार: @LJP4India)

Photo : Twitter

Bihar Elections 2025: केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने रविवार को कहा कि इस साल के उत्तरार्द्ध में होने वाले बिहार विधानसभा चुनाव में उन्हें किस सीट से चुनाव लड़ना चाहिए, यह बिहार की जनता को तय करना है। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष पासवान ने भोजपुर जिले के आरा में एक रैली में यह बयान दिया। इस रैली से चिराग की पार्टी ने चुनावी बिगुल फूंका।

चिराग पासवान ने क्या कुछ कहा?

वर्ष 2020 के विधानसभा चुनाव से पहले गढ़े गए अपने एक पुराने नारे को याद करते हुए चिराग ने कहा, ‘‘मैं बिहार में विधानसभा चुनाव लड़ूंगा। मैं बिहार और उसके लोगों के लिए चुनाव लड़ूंगा। मैं रामविलास पासवान का बेटा हूं। मैं अपने पिता के सपनों को साकार करूंगा और बिहार को बदलने के लिए ‘बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट’(बिहार पहले, बिहारी पहले) के लिए काम करूंगा।’’

'किस सीट से लड़ना चाहिए चुनाव'

उस समय वह अपने पिता द्वारा स्थापित लोक जनशक्ति पार्टी का नेतृत्व कर रहे थे। बाद में पार्टी विभाजित हो गई और निर्वाचित आयोग ने उनके और उनके चाचा पशुपति नाथ पारस के नेतृत्व वाली पार्टी के गुटों को नए नाम और प्रतीक आवंटित किए। चिराग (42) हाजीपुर से सांसद हैं। चिराग ने कहा, ‘‘आगामी विधानसभा चुनाव में मुझे राज्य की किस सीट से चुनाव लड़ना चाहिए, यह बिहार के लोगों को तय करना है। जब भी मैं कोई राजनीतिक फैसला लेता हूं, तो राज्य और उसके लोगों के हित में लेता हूं।’’

ऐसा माना जाता है कि 2020 के विधानसभा चुनाव में पासवान की बगावत के कारण मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल (यूनाइटेड) (JDU) को कई सीट पर हार का सामना करना पड़ा था। जद(यू) अभी भाजपा की सहयोगी पार्टी है। उन्होंने यह भी स्पष्ट कर दिया कि अनारक्षित निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ने की उनकी योजना को मुख्यमंत्री पद की दौड़ या महत्वाकांक्षा से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं एक बात स्पष्ट कर देना चाहता हूं। मेरे चुनाव लड़ने से मेरी पार्टी का ‘स्ट्राइक रेट’ बेहतर होगा, जिससे राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (RJD) को मदद मिलेगी।’’ ‘स्ट्राइक रेट’ से आशय कुल सीट जिस पर पार्टी ने चुनाव लड़ा है, उसके सापेक्ष जीती गई सीट की संख्या के प्रतिशत से है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article