इलेक्शन

चुनाव घोषणा से ठीक पहले नीतीश कैबिनेट की आज बड़ी बैठक; 25 लाख महिलाओं के खाते में भेजे जाएंगे 2500 करोड़ रुपये

बिहार में चुनावी सरगर्मियों के बीच आज का दिन बेहद अहम साबित हो रहा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दोपहर 3:30 बजे कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है, जिसमें कई नीतिगत फैसलों पर चर्चा की जाएगी। इससे पहले सुबह 11:00 बजे मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत 25 लाख महिलाओं को आर्थिक सहायता दी जाएगी। यह कार्यक्रम चुनावी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। वहीं, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार भी आज रात पटना पहुंचेंगे और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों का जायजा लेने के लिए अधिकारियों के साथ कई दौर की बैठकें करेंगे।

Image

आज नीतीश कैबिनेट की अहम बैठक (फाइल फोटो | PTI)

Photo : PTI

Bihar News: बिहार में आज चुनाव के लिहाज से बड़ा दिन साबित हो रहा है। आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने चुनाव घोषणा से ठीक पहले आज दोपहर 3:30 बजे कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है। इस बैठक में कई अहम विषयों पर चर्चा होने की संभावना है, जबकि एक विशेष कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर टिकटार्थियों की भीड़ भी जुटने लगी है। आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सीएम हाउस में पार्टी के कार्यकर्ताओं को मीटिंग के लिए बुलाया इस मीटिंग में टिकट के दावेदार भी बड़ी संख्या में पहुंचे।

मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत बड़ा भुगतान

सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के अंतर्गत 25 लाख महिला लाभुकों के खाते में दस-दस हजार रुपये के हिसाब से कुल 2500 करोड़ रुपये DBT के माध्यम से डालेंगे। यह कार्यक्रम मुख्यमंत्री आवास में सुबह 11:00 बजे आयोजित किया जाएगा।

बैठक और कार्यक्रम में होंगे शामिल

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत कई मंत्री भी मौजूद रहेंगे। यह कदम चुनावी वर्ष में नीतीश कुमार की रणनीति के तहत मास्टर स्ट्रोक माना जा रहा है। क्योंकि इस योजना से महिलाओं को सीधे आर्थिक लाभ मिलेगा और ग्रामीण विकास व रोजगार के क्षेत्र में मुख्यमंत्री की छवि को भी मजबूती मिलेगी। वहीं, कैबिनेट बैठक में आगामी नीतिगत फैसलों और चुनावी तैयारियों पर भी विचार किया जाएगा।

आज बिहार पहुंचेंगे CEC

वहीं दूसरी ओर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार आज रात अपनी टीम के साथ पटना पहुंचेंगे। अपने बिहार दौरे के दौरान वे बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारियों का फीडबैक लेंगे। पटना पहुंचने के बाद सबसे पहले वे मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी और चुनाव आयोग के अधिकारियों के साथ एक आंतरिक बैठक करेंगे। अगले दिन, शनिवार को सुबह 9:30 बजे से लेकर दोपहर 3:00 बजे तक बिहार के सभी जिलाधिकारियों, पुलिस अधीक्षकों, प्रमंडल आयुक्तों और अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ चुनाव तैयारियों को लेकर एक बड़ी बैठक होगी, जिसमें सभी अधिकारियों से फीडबैक लिया जाएगा। इसके बाद 5 तारीख को मुख्य चुनाव आयुक्त राज्य के डीजीपी, मुख्य सचिव और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ दूसरी बड़ी बैठक करेंगे। इसी दिन वे इनकम टैक्स विभाग, प्रवर्तन निदेशालय और केंद्रीय बलों के अधिकारियों के साथ भी बैठक करेंगे।

Saket kumar
साकेत कुमारauthor

साकेत कुमार के पास मीडिया इंडस्ट्री में काम करने का 18 वर्षों का लंबा अनुभव है। वर्तमान में वह Times Now Navbharat के पटना ब्यूरो प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं और बिहार की राजनीति, प्रशासन, सामाजिक मुद्दों और ग्राउंड रिपोर्टिंग में गहरी पकड़ रखते हैं। उन्होंने अपने करियर के दौरान कई महत्वपूर्ण खबरों को कवर किया है और निष्पक्ष, तथ्यपरक और सटीक रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं। साकेट की रिपोर्टिंग में जमीनी हकीकत, गहन रिसर्च और दर्शकों तक सटीक जानकारी पहुंचाने की प्रतिबद्धता साफ दिखाई देती है।

और पढ़ें
End of Article