Bihar Election 2025: बाराचट्टी से एनडीए समर्थित हम उम्मीदवार और विधायक ज्योति मांझी पर बुधवार को प्रचार के दौरान पत्थर से हमला हुआ जिसमें वह बुरी तरह से घायल हो गईं और उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया। ज्योति मांझी पर कथित हमले को लेकर उनके बेटे चंदन कुमार ने राजद पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि राजद समर्थकों ने मेरी मां पर पत्थर से हमला किया, जो उनके सीने पर लगा। हालांकि, मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई है।
समाचार एजेंसी एएनआई के साथ बातचीत में हम उम्मीदवार ज्योति मांझी के बेटे चंदन ने कहा, "हम चुनाव प्रचार के सिलसिले में एक सभा में जा रहे थे। जब हम पहुंचे तो एक होटल के पास किसी ने मेरी मां पर हमला कर दिया... वे लोग राजद समर्थक थे... हताशा में वे इस तरह का काम कर रहे हैं... मेरी मां अब ठीक हैं... उनके सीने पर चोट है..."
हमले की जांच के लिए SIT गठित
हम उम्मीदवार पर कथित हमले को लेकर डीएम शशांक शुभंकर ने बताया कि शाम को हम उम्मीदवार ने हमले के बारे में बताया। इसके बाद पुलिस गश्ती दल घटनास्थल पर गया और मामले की जांच की... घटनास्थल पर कोई पत्थर नहीं मिला और किसी अन्य व्यक्ति ने भी ऐसी घटना नहीं देखी है और गाड़ी पर भी कोई निशान नहीं थे। उन्होंने बताया कि उन्हें (ज्योति मांझी) को मेडिकल जांच के लिए लाया गया... रिपोर्ट में भी किसी चोट का जिक्र नहीं है। एसआईटी गठित कर मामले की पूरी जांच की जा रही है।
