Rahul Gandhi in Begusarai: लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने बेगूसराय में चुनावी सभा को संबोधित किया, जहां उन्होंने बिहार की शिक्षा व्यवस्था, युवाओं के भविष्य और NDA सरकार की नीतियों पर जमकर निशाना साधा।
पलायन के लिए सरकार को बताया जिम्मेदार
राहुल गांधी ने कहा कि बिहार के लोगों में अपार क्षमता है। उन्होंने कहा, मैं कहीं भी जाता हूं, वहां बिहार के लोग मिल जाते हैं। दुबई जैसे शहर को बिहार के युवाओं ने खून-पसीने से बनाया है। तो फिर बिहार में बेंगलुरु या दुबई जैसा शहर क्यों नहीं बनता? राहुल ने इस सवाल के लिए सरकार की नीतियों को जिम्मेदार ठहराया और कहा कि बिहार के युवाओं को जान-बूझकर पलायन की ओर धकेला गया।
आज पेपर लीक की पहचान
राहुल गांधी ने नालंदा की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि का जिक्र करते हुए कहा कि एक समय था जब नालंदा यूनिवर्सिटी पूरी दुनिया में शिक्षा का केंद्र हुआ करती थी। आज बिहार में पेपर लीक होता है। जिनकी सेटिंग है उनको पेपर मिल जाता है और पूरे साल तैयारी करने वाले छात्र देखते रह जाते हैं।
सत्ता में आए तो बनाएंगे नया विश्वविद्यालय
राहुल गांधी ने बेगूसराय में लोगों से वादा किया कि अगर केंद्र में महागठबंधन की सरकार बनी तो बिहार में नालंदा जैसी विश्वस्तरीय यूनिवर्सिटी खोली जाएगी। उन्होंने कहा, “यह मेरी व्यक्तिगत गारंटी है कि हम ऐसा विश्वविद्यालय खोलेंगे जहां दुनिया भर से छात्र पढ़ने आएंगे।”
‘NDA की नीतियां चाहती हैं कि आप राज्य छोड़ें’
राहुल ने NDA सरकार पर आरोप लगाया कि वह बिहार को जानबूझकर पिछड़ा रख रही है। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि लोग अपनी जमीन बेचें, इलाज के लिए दिल्ली जाएं, और शिक्षा के लिए दूसरे राज्यों पर निर्भर रहें। राहुल ने कहा, बिहार में इतनी ताकत है कि वो दुनिया में एजुकेशन का सेंटर बना सकते हैं। बस सही नीति और सही दिशा चाहिए।
