Misa Bharti on Anant Singh Arrest: राष्ट्रीय जनता दल की राज्यसभा सांसद और लालू प्रसाद यादव की बड़ी बेटी मीसा भारती ने मोकामा के दुलारचंद यादव हत्याकांड में बाहुबली और पूर्व विधायक अनंत सिंह की गिरफ्तारी पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि जिस तरीके से रात के अंधेरे में गिरफ्तारी की गई, वह साफ दिखाता है कि विपक्ष के दबाव में चुनाव आयोग और सरकार ने यह कार्रवाई की है।
क्या बोलीं मीसा
मीसा ने कहा कि हमने भी वीडियो देखा है कि किस तरह रात में छुपाकर गिरफ्तारी की गई। यह पूरा नाटक और ड्रामा है। लगता है चुनाव आयोग को भी थोड़ा शर्म आ गया होगा। आम आदमी जब पकड़ा जाता है तो हाथ में हथकड़ी डालकर ले जाया जाता है, लेकिन यहां तो रात के अंधेरे में गिरफ्तारी हुई ताकि शर्मिंदगी ना हों। उन्होंने तंजिया लहजे में अनंत सिंह को जननायक नेता भी बोला और आरोप लगाया कि यह सरकार अपराधियों को संरक्षण देती है, जेल से बाहर निकालती है और फिर उन्हें चुनाव भी लड़वाती है।
पीएम रोड शो पर भी साधा निशाना
मीसा भारती ने प्रधानमंत्री के प्रस्तावित रोड शो पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बीते दो दिनों से रोड के किनारे छोटी-छोटी दुकानों को हटा दिया गया है, गरीबों को परेशान किया जा रहा है। उनका कहना था कि 20 साल सत्ता में रहने वाले बता दें, आखिर काम क्या किया, अगर काम किया होता तो रोड शो कर के इवेंट मैनेजमेंट की जरूरत ही क्यों पड़ती?
आधी रात हुई अनंत सिंह की गिरफ्तारी
बता दें कि मोकामा के दुलारचंद यादव हत्याकांड में शनिवार देर रात बिहार पुलिस ने अनंत सिंह को बाढ़ स्थित कारगिल मार्केट से कस्टडी में लिया। इसी केस में दो अन्य लोग, मणिकांत ठाकुर और रंजीत राम को भी गिरफ्तार किया गया है। CID इस हत्या की जांच कर रही है।
राजनीतिक तापमान बढ़ा
चुनाव के बीच इस गिरफ्तारी और फिर RJD की तीखी प्रतिक्रिया से बिहार की राजनीति में नया बवाल खड़ा हो गया है। अनंत सिंह JDU के उम्मीदवार हैं और उनकी पत्नी नीलम देवी वर्तमान में मोकामा की विधायक हैं। यह केस राजनीतिक मंच पर भी बड़ा मुद्दा बन गया है और चुनावी माहौल में गिरफ्तारी को लेकर सवाल-जवाब और तेज हो सकता है।
