इलेक्शन

जाने वाली है मल्लिकार्जुन खरगे की नौकरी, फूटेगा हार का ठीकरा...अमित शाह का कांग्रेस अध्यक्ष पर निशाना

शाह ने कुशीनगर में भारतीय जनता पार्टी उम्मीदवार के समर्थन में आयोजित एक चुनावी रैली में दावा किया कि इस लोकसभा चुनाव के बाद भी नरेंद्र मोदी ही प्रधानमंत्री बनेंगे और कांग्रेस के लोग ईवीएम को दोष देंगे।

Image

अमित शाह का कांग्रेस पर निशाना

Amit Shah vs Mallikarjuna Kharge: गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन को निशाने पर लेते हुए कहा कि चुनाव नतीजे के बाद कांग्रेस की हार निश्चित है। यूपी के कुशीनगर में रैली के दौरान अमित शाह ने दावा किया कि चार जून को लोकसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद कांग्रेस की हार का ठीकरा पार्टी नेताओं राहुल गांधी और उनकी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा पर नहीं बल्कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पर फूटेगा और उनकी नौकरी जाने वाली है।

हार का ठीकरा खरगे साहब पर फूटेगा

शाह ने कुशीनगर में भारतीय जनता पार्टी उम्मीदवार के समर्थन में आयोजित एक चुनावी रैली में दावा किया कि इस लोकसभा चुनाव के बाद भी नरेंद्र मोदी ही प्रधानमंत्री बनेंगे और कांग्रेस के लोग इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (EVM) को दोष देंगे। उन्होंने कहा, चार जून को मोदी जी की, भाजपा की विजय निश्चित है। चार तारीख की दोपहर को आप देखना, राहुल बाबा के लोग प्रेस कांफ्रेंस करेंगे कि हम ईवीएम के कारण हार गये। हार का ठीकरा भाई-बहन (राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाद्रा) पर नहीं फूटेगा। यह ठीकरा खरगे साहब पर फूटेगा और उनकी नौकरी जाने वाली है।''

पांच चरण में मोदी जी 310 सीटें जीत चुके हैं

शाह ने दावा किया कि छह चरण का चुनाव समाप्त हो गया है। मेरे पास पांच चरण का आंकड़ा है। पांच चरण में मोदी जी 310 सीटें जीत चुके हैं। छठा चरण हो गया है। अब सातवां होने वाला है। आप लोगों को 400 पार कराना है। उन्होंने दावा किया, मैं चार तारीख का परिणाम बताता हूं। राहुल बाबा, आपकी पार्टी को 40 सीटें भी नहीं मिलेंगी और अखिलेश बाबू आपके प्रति सहानुभूति से मैं बात करूं तो आपको चार सीटें भी नहीं आ रही हैं। शाह ने दावा किया कि अगर जनता ने गलती से भी सपा और कांग्रेस को जिताया तो पिछड़े, अति पिछड़े और दलित वर्गों का आरक्षण छीनकर मुसलमानों को दे दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कर्नाटक और हैदराबाद में यही काम किया गया है और बंगाल में भी किया था मगर हाई कोर्ट ने उस पर रोक लगा दी।

मुस्लिम आरक्षण संविधानसम्मत नहीं

उन्होंने कहा, मुस्लिम आरक्षण संविधानसम्मत नहीं है और विपक्ष अपने वोट बैंक को जिंदा करने के लिए मुस्लिम आरक्षण की बात करता है, जिसका सीधा खामियाजा पिछड़े वर्ग को भुगतना पड़ेगा। जब तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं, तब तक पिछड़े वर्ग के आरक्षण को हाथ नहीं लग सकता। गृह मंत्री ने कहा कि अगर विपक्षी गठबंधन की सरकार बनी तो कश्मीर में अनुच्छेद 370 को बहाल किया जाएगा, तीन तलाक की व्यवस्था वापस लायी जाएगी, आतंकवादियों से बातचीत शुरू हो जाएगी और राम मंदिर पर बाबरी ताला लगा दिया जाएगा। उन्होंने सपा पर अयोध्या में कार सेवकों पर गोली चलवाने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह चुनाव कार सेवकों पर गोली चलवाने वालों और राम मंदिर बनाने वालों के बीच है।

पीओके भारत का है और उसे लेकर रहेंगे

शाह ने दावा किया कि कांग्रेस ने राम मंदिर मुद्दे को 70 साल तक लटकाए रखा, मगर मोदी ने पांच साल में मंदिर के लिए भूमि पूजन भी किया और उसकी प्राण—प्रतिष्ठा भी कर दी। गृह मंत्री ने कहा कि इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने औरंगजेब का तोड़ा हुआ काशी विश्वनाथ मंदिर बनवाया और सोमनाथ का मंदिर भी सोने का बन रहा है। उन्होंने कहा, कांग्रेस पार्टी हमें डरा रही है कि पाकिस्तान के पास एटम बम है। उससे पाकिस्तान के कब्जे वाला कश्मीर (पीओके) नहीं मांगिए। अरे राहुल बाबा... आपकी पार्टी डरती होगी एटम बम से। हम तो भाजपा वाले हैं, डरते नहीं हैं। पीओके भारत का है, रहेगा और उसको हम लेकर रहेंगे।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article