Dimple Yadav : समाजवादी पार्टी ने मैनपुरी लोकसभा सीट से डिंपल यादव को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। डिंपल यादव सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की पत्नी हैं। संपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद यह सीट खाली हुई है। चुनाव आयोग ने इस सीट पर पांच दिसंबर को उपचुनाव कराने की घोषणा की है। डिंपल यादव कन्नोज लोकसभा सीट से सांसद भी रह चुकी हैं। यादव परिवार के गढ़ वाले इस लोकसभा सीट के उपचुनाव में सपा किसे अपना उम्मीदवार बनाती है, इस पर सभी की नजरें लगी हुई थीं। इस सीट पर मुकाबले के लिए भाजपा अपनी ओर से कद्दावर उम्मीदवार उतार सकती है।
पिछड़ी जाति से उम्मीदवार उतार सकती है BJP
सियासी अटकलें हैं कि भाजपा इस सीट पर पिछड़ी जाति से अपना उम्मीदवार उतार सकती है। सपा के गढ़ वाली इस सीट पर यादव मतदाताओं की संख्या सबसे ज्यादा है। 2019 के लोकसभा चुनाव में मुलायम सिंह यादव के खिलाफ भाजपा ने प्रेम सिंह शाक्य को चुनाव लड़ाया था। इस चुनाव में मुलायम सिंह को 5.24 लाख वोट मिले थे, जबकि शाक्य के खाते में 4.30 लाख वोट गए थे। इस सीट के लिए नामांकन प्रक्रिया आज से शुरू हो गई है।
आठ दिसंबर को आएंगे चुनाव नतीजे
इस सीट पर नामांकन की आखिरी तारीख 17 नवम्बर है जबकि उम्मीदवार 21 नवम्बर तक अपने नाम वापस ले सकते हैं। पांच दिसम्बर को मतदान होगा और चुनाव नतीजे की घोषणा आठ दिसम्बर को होगी। इसी दिन हिमाचल और गुजरात चुनाव के नतीजे भी घोषित किए जाएंगे।
पांच दिसंबर को मैनपुरी लोकसभा सीट पर उपचुनाव के अलावा रामपुर एवं खतौली विधानसभा सीट पर भी मतदान होगा। खतौली सीट भाजपा विधायक विक्रम सिंह सैनी की सदस्यता जाने की वजह से रिक्त हुई है। जबकि रामपुर सीट पर आजम खान को तीन साल की सजा होने पर उनकी विधायकी गई है। विधानसभा की इन दोनों सीटों पर भी उपचुनाव होंगे।
