Loksabha Election 2024: लोकसभा चुनाव के लिए महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की एनडीए के अपने सहयोगी दलों के साथ सीट बंटवारे पर सहमति करीब-करीब बन गई है। सूत्रों की मानें तो यहां लोकसभा की 48 सीटों में से भाजपा 31 सीटों, एकनाथ शिंदे के गुट वाली शिवसेना 13 सीटों और अजित पवार की एनसीपी 4 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। सूत्रों का कहना है कि मुंबई की 6 सीटों में से 5 पर बीजेपी और 1 पर शिवसेना लड़ सकती है। मुंबई की छह सीटों के लिए दो धड़ों में सहमति बन गई है।
चार सीटों पर चुनाव लड़ सकती है अजित पवार की NCP
सूत्रों का कहना है कि राज्य की चार सीटों बारामती, रायगढ़, शिरूर और परभणी अजित पवार की एनसीपी को दी जाएंगी। इसमें से बारामती सीट सबसे अहम है। यह सीट पवार परिवार का गढ़ है और इस सीट की नुमाइंदगी दशकों से पवार परिवार का ही कोई नेता करता आया है। अजित पवार की बगावत के बाद यह सीट किसके खाते में जाएगी, यह देखना और दिलचस्प है। अभी इस सीट से शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले सांसद हैं। सूत्रों का कहना है कि अजित पवार इस सीट से अपनी पत्नी सुनेत्रा पवार को टिकट दे सकते हैं। इस सीट को जीतने के लिए दोनों ही गुट चुनाव अभियान में जुट गए हैं।
मुंबई की साउथ सेंट्रल सीट शिंदे गुट को
सूत्रों का कहना है कि मुंबई लोकसभा की साउथ सेंट्रल एकमात्र सीट शिंदे गुट को मिल सकती है। यहां से राहुल शेवाले को उम्मीदवारी दी जा सकती है। मुंबई उत्तर पश्चिम सीट शिंदे गुट बीजेपी को देने के लिए राजी हो गई है। मौजूदा सांसद गजानन कीर्तिकर को एमएलसी बनाकर शांत करने की कोशिश हो सकती है। इस सीट के बदले शिंदे गुट ठाणे लोकसभा सीट अपने पास रखेगा। इसके अलावा कल्याण सीट से एकनाथ शिंदे के बेटे शशिकांत शिंदे को दोबारा मौका मिल सकता है।
पिछले चुनाव में भाजपा ने 23 सीटें जीतीं
लोकसभा चुनाव 2019 की बात करें तो लोकसभा की 48 सीटों में से भाजपा को 23 सीटों, शिवसेना को 18, कांग्रेस को एक और एनसीपी को 4 सीटों पर जीत मिली थी। पिछला लोकसभा चुनाव भाजपा और शिवसेना ने साथ मिलकर चुनाव लड़ा था। अभी शिवसेना में दो गुट हो गए हैं। एक शिवसेना का नेतृत्व उद्धव ठाकरे और दूसरी का एकनाथ शिंदे कर रहे हैं। शिंदे भाजपा और उद्धव ठाकरे कांग्रेस और अजित पवार की एनसीपी के साथ हैं। सूत्रों का कहना है कि इंडिया गठबंधन 20-18-10 के फॉर्मूले पर चुनाव लड़ सकता है। उद्धव की शिवसेना 20 सीटों पर, कांग्रेस 18 और शरद पवार की NCP 10 सीटों पर चुनाव लड़ सकती है। उत्तर प्रदेश के बाद लोकसभा की सबसे ज्यादा सीटें महाराष्ट्र से आती हैं। इसलिए NDA और इंडिया गठबंधन दोनों इस राज्य में ज्यादा से ज्यादा सीटें जीतना चाहता है।
