CM Yogi in Mainpuri: लोकसभा चुनाव के पहले और दूसरे चरण का मतदान पूरा हो चुका है। सभी सियासी पार्टियां अपनी पूरी ताकत झोंकने में जुटी हुई हैं, उत्तर प्रदेश की 10 सीटों पर तीसरे चरण में मतदान होना है, जिसमें समाजवादी पार्टी का गढ़ माने जाने वाली मैनपुरी सीट भी शामिल है। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को मैनपुरी लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार प्रदेश के पर्यटन मंत्री ठाकुर जयवीर सिंह के पक्ष में रोड शो किया।
जगह-जगह मुख्यमंत्री के रथ पर हुई पुष्प वर्षा
यह रोड शो मैनपुरी शहर के क्रिश्चियन कालेज तिराहे से शुरू होकर करहल रोड के महाराणा प्रताप चौक पर नवनिर्मित महाराणा प्रताप की भव्य मूर्ति पर माल्यार्पण के साथ सम्पन्न हुआ। रोड शो के दौरान जनता ने जगह-जगह मुख्यमंत्री के रथ पर पुष्प वर्षा की। रथ पर मैनपुरी से भाजपा प्रत्याशी ठाकुर जयवीर सिंह, कन्नौज से विधायक एवं मंत्री असीम अरूण, मंत्री संदीप सिंह, भोगांव से विधायक रामनरेश अग्निहोत्री भी मौजूद थे। आर्य समाज परिसर से भावंत चौराहे तक रोड शो में सड़कों पर दर्जनों बुलडोजर खड़े रहे।

योगी के रोड शो में दिखा बुलडोजर।
'मैनपुरी भी इस बार परिवर्तन की राह पर चल रहा'
मुख्यमंत्री ने इस दौरान अपने संबोधन में कहा कि जनता का उत्साह बता रहा है कि मैनपुरी भी इस बार परिवर्तन की राह पर चल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया, 'सपा-कांग्रेस का गठबंधन भारत को एक बार फिर से गुलामी की ओर धकेलने की साजिश का हिस्सा है। ये लोग अनुसूचित जाति, जनजाति एवं पिछड़ी जाति के आरक्षण के अधिकार पर सेंध लगाकर अल्पसंख्यकों को देने की साजिश कर रहे हैं। देश के अंदर मुस्लिम तुष्टिकरण की पराकाष्ठा पर चलते हुए कांग्रेस गोहत्या को प्रश्रय देने की कुत्सित चेष्टा भी कर रही है।'
मैनपुरी लोकसभा सीट पर 7 मई को होगी वोटिंग
आदित्यनाथ ने कहा, 'पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का पूरा जीवन श्रीराम एवं प्रदेश के विकास के लिए समर्पित था। उनके निधन पर सपा ने संवेदना के एक शब्द भी नहीं व्यक्त किए थे। वहीं मुलायम सिंह के निधन पर मैं उनके घर गया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संवेदना व्यक्त की थी। जो सपा बाबू कल्याण सिंह का अपमान करती हो, आस्था से खिलवाड़ करती हो, ऐसी परिवारवादी समाजवादी पार्टी को कांग्रेस के साथ गठबंधन की सजा दी जानी चाहिए।' मैनपुरी में लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में आगामी सात मई को मतदान होगा।
हिंदू आस्था के साथ खिलवाड़ कर रही है कांग्रेस- सीएम योगी
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा भगवान राम और शिव पर दिए गए बयान पर आक्रोश जताया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकसभा चुनाव 2024 में बुरी तरह पराजित हो रही है और हार की इसी खिसियाहट से वह बहुसंख्यक हिंदू समाज की आस्था को अपमानित कर उसके साथ खिलवाड़ कर रही है। सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास इस प्रकार के कृत्यों से भरा पड़ा है, लेकिन इन सबके बावजूद चुनाव के समय इस तरह के संवेदनशील मुद्दों को उठाकर कांग्रेस भारत की आस्था के साथ-साथ बहुसंख्यक समाज को अपमानित करने का काम कर रही है।
सनातन धर्म को लेकर क्या बोले यूपी के सीएम योगी
सीएम योगी ने कहा कि सनातन धर्म की उपासना विधि में राम और शिव दोनों अलग-अलग नहीं हैं। मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम ने स्वयं शिव की उपासना की और रामचरित मानस में देखेंगे तो भगवान शिव ने भी श्रीराम की उपासना की। दोनों एक-दूसरे के पूरक हैं। प्रभु राम कहते हैं कि 'शिवद्रोही मम दास कहावा सो नर मोहि सपनेहु नहि पावा', यानी यदि कोई भगवान शिव का द्रोही है और वह मेरा दास, मेरा भक्त कहलाने का दंभ पाल रहा है तो मैं सपने में भी उसे प्राप्त नहीं हो सकता। ऐसा ही भगवान शिव भी कहते हैं। स्वाभाविक रूप से कांग्रेस की वास्तविकता सामने आ रही है।
