इलेक्शन

लोकसभा चुनाव 2024 : जिन 88 सीटों पर हो रही है वोटिंग, जानें 2019 में कैसा रहा था नतीजा, यहां पूरा लेखाजोखा

2019 के लोकसभा चुनाव में इन 88 सीटों में से करीब 60 फीसदी सीटें भाजपा की, वहीं, 20 फीसदी सीटें कांग्रेस के हिस्से में आई थी। इस चरण के मतदान में भी कई सियासी दिग्गजों की किस्मत ईवीएम में कैद हो जाएगी।

Image

2019 में क्या रहे थे नतीजे

Photo : PTI

Lok Sabha Elections 2024: लोकसभा चुनाव-2024 के दूसरे चरण का मतदान जारी है। इस चरण में 12 राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश की 88 लोकसभा सीटों पर 1,200 से ज्यादा प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इस चरण में 89 लोकसभा सीटों के लिए मतदान होना था। लेकिन, मध्य प्रदेश के बैतूल में बहुजन समाज पार्टी के उम्मीदवार के निधन के चलते यहां मतदान टल गया। अब, यहां मतदान तीसरे चरण में होगा। दूसरे चरण के चुनाव में मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए पोलिंग बूथों के बाहर लाइन में खड़े हैं। इस चरण के मतदान में भी कई सियासी दिग्गजों की किस्मत ईवीएम में कैद हो जाएगी।

88 लोकसभा सीटों पर मतदान

लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के तहत देश के 13 राज्यों एवं संघ शासित प्रदेशों की 88 लोकसभा सीटों पर मतदान जारी है। दोपहर 1 बजे तक के राज्यवार मतदान के आंकड़ों की बात करें तो सबसे ज्यादा त्रिपुरा में 54.47 प्रतिशत और सबसे कम महाराष्ट्र में 31.77 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। अन्य राज्यों के मतदान प्रतिशत की बात करें तो, दोपहर 1 बजे तक मणिपुर में 54.26 प्रतिशत, छत्तीसगढ़ में 53.09 प्रतिशत और पश्चिम बंगाल में 47.29 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट किया है। दोपहर 1 बजे तक असम में 46.31, जम्मू और कश्मीर में 42.88, राजस्थान में 40.39, केरल में 39.26, मध्य प्रदेश में 38.96, कर्नाटक में 38.23, उत्तर प्रदेश में 35.73 और बिहार में 33.8 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट किया है।

इन दिग्गजों का होगा फैसला

इस चरण के मतदान के साथ राहुल गांधी, गजेंद्र सिंह शेखावत, कैलाश चौधरी, वीरेंद्र खटीक, शोभा करंदलाजे, वी. मुरलीधरन, अरुण गोविल, वीडी शर्मा, डीके सुरेश, एचडी कुमारस्वामी, राजीव चंद्रशेखर, हेमा मालिनी, ओम बिड़ला, शशि थरूर, भूपेश बघेल, डॉ. महेश शर्मा, नवनीत कौर राणा, दानिश अली, कंवर सिंह तंवर, सुकांत मजूमदार, तेजस्वी सूर्या, राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव, रविंद्र सिंह भाटी, वैभव गहलोत समेत कई दिग्गजों का सियासी भविष्य ईवीएम में कैद हो जाएगा। दूसरे चरण में कुल 1.67 लाख पोलिंग स्टेशन पर 15.88 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। इनमें 8.08 करोड़ पुरुष, 7.8 करोड़ महिलाएं और 5,929 ट्रांस जेंडर वोटर हैं।

केरल की सभी 20 सीटों पर मतदान

इस चरण में केरल की सभी 20 सीटों पर मतदान हो रहा है। मोदी सरकार के 6 केंद्रीय मंत्रियों के साथ दो पूर्व मुख्यमंत्रियों की किस्मत भी दांव पर है। दूसरे फेज में 4,100 पोलिंग स्टेशन ऐसे हैं जिन पर पूरी तरह से महिला कर्मचारियों की तैनाती की गई है। यहां तमाम चुनाव अधिकारियों के साथ सुरक्षा निगरानी में तैनात सारे सुरक्षाकर्मी भी महिला हैं। वहीं, 640 पोलिंग स्टेशन ऐसे हैं, जिनकी बागडोर दिव्यांग पोलिंग स्टाफ के हाथों में है।

2019 के लोकसभा चुनाव में क्या रहा नतीजा

2019 के लोकसभा चुनाव में इन 88 सीटों में से करीब 60 फीसदी सीटें भाजपा की, वहीं, 20 फीसदी सीटें कांग्रेस के हिस्से में आई थी। 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए जिन 88 सीटों पर मतदान हो रहा है, उसमें से 2019 के लोकसभा चुनाव में 52 सीटों पर भाजपा ने जीत हासिल की थी। जबकि, कांग्रेस को 18 सीटें मिली थी। वहीं, बाकी की 18 सीटों में से 7 सीटें भाजपा के सहयोगी दलों के हिस्से आई थी। कांग्रेस के सहयोगी और अन्य विपक्षी दलों को 11 सीटें मिली थी।

88 सीटों में से भाजपा 69 सीटों पर लड़ रही

इस बार के चुनाव में इन 88 सीटों में से भाजपा 69 सीटों पर किस्मत आजमा रही है। जबकि, कांग्रेस 68 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। एनडीए के सहयोगी दलों की बात करें तो एकनाथ शिंदे गुट वाली शिवसेना इस बार 3 सीट पर चुनाव लड़ रही है, जेडीयू ने इस चरण के तहत बिहार की 5 सीटों में हो रहे चुनाव में 4 सीट पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं। इसके अलावा आरएसपीएस 1 और जेडीएस तीन सीटों पर चुनाव लड़ रही है। इंडी गठबंधन की तरफ से कांग्रेस के अलावा आरजेडी 2, सपा 4, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग 2 सीट, आरसीपी 1, केसीएम एक, एनसीपी 1, उद्धव ठाकरे की शिवसेना चार सीटों पर चुनाव मैदान में है।

34 सीटों पर पिछले तीन लोकसभा चुनाव में एक ही पार्टी का कब्जा

इस चरण की 88 सीटों पर नजर डालें तो इसमें से 34 ऐसी सीटें हैं, जिन पर पिछले तीन लोकसभा चुनाव में एक ही पार्टी का कब्जा रहा है, जबकि 54 सीटों पर लगातार मतदाता अपनी पसंद को बदलते रहे हैं या दो बार से एक ही पार्टी का कब्जा है। जिन 34 सीटों पर पिछले तीन चुनाव से एक ही पार्टी का कब्जा रहा है, उसमें से 19 सीटें भाजपा के पास, 8 सीटें कांग्रेस के पास और अन्य दलों के पास सात सीटें हैं।

वेंकटरमन सबसे अमीर उम्मीदवार

इस चरण के चुनाव में जिन उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में बंद होनी है, उनमें एडीआर की रिपोर्ट की मानें तो कर्नाटक से कांग्रेस नेता वेंकटरमन सबसे अमीर उम्मीदवार हैं। उनके पास कुल संपत्ति 622 करोड़ रुपये है। दूसरे सबसे अमीर उम्मीदवार कांग्रेस के ही डीके सुरेश हैं, जिनकी संपत्ति 593 करोड़ रुपये है। इसके बाद तीसरे नंबर पर बीजेपी की मथुरा से उम्मीदवार हेमा मालिनी हैं, जिनके पास 278 करोड़ रुपये की संपत्ति है।

लक्ष्मण नागराव पाटिल सबसे गरीब उम्मीदवार

वहीं, महाराष्ट्र की नानदेड़ लोकसभा सीट से निर्दलीय उम्मीदवार लक्ष्मण नागराव पाटिल इस चरण के सबसे गरीब उम्मीदवार हैं, उनके पास सिर्फ 500 रुपये हैं। दूसरी सबसे गरीब उम्मीदवार कासरगोड़ से निर्दलीय राजेश्वरी केआर हैं, जिनके पास सिर्फ 1,000 रुपये हैं। अमरावती से निर्दलीय उम्मीदवार प्रुथविस्मरत के पास 1,400 रुपये हैं। (आईएएनएस इनपुट)

Times Now Navbharat Digital
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article