Pawan Singh karakat Lok Sabha Seat: बिहार की काराकाट लोकसभा सीट पर भोजपुरी स्टार पवन सिंह अपने फैसलों से लगातार सभी को चौंका रहे हैं। पहले उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनावी मैदान में उतरकर एनडीए के लिए मजबूत चुनौती पेश कर दी। इसके बाद खुद के साथ-साथ उन्होंने अपनी मां प्रतिमा देवी का भी नामांकन दाखिल करवाकर सभी को चौंका दिया। अब निर्वाचन आयोग ने पुष्टि की है कि पवन सिंह की मां प्रतिमा देवी ने पर्चा वापस ले लिया है।
दरअसल, पवन सिंह ने 9 मई को काराकाट सीट से निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर पर्चा भरा था। यहां से राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रमुख और पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा काराकाट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राजग के उम्मीदवार हैं। कथित तौर पर पवन सिंह पर भाजपा की ओर से नाम वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा था। ऐसे में उन्होंने गुपचुप तरीके से 14 मई को अपनी मां प्रतिमा सिंह का नामांकन दाखिल करवाया था।
पर्चा खारिज होने का था डर
पवन सिंह की ओर से मां प्रतिमा सिंह के नामांकन की बात गुप्त रखी गई थी। 14 मई को प्रतिमा सिंह नामांकन के अंतिम समय में कलेक्ट्रेट पहुंची ओर पर्चाभर कर वहां से निकल गईं। हालांकि, धीरे-धीरे यह बात मीडियो को पता चली तो कई तरह के सवाल खड़े होने लगे। इसके बाद ऐसी अटकलें लगाई जा रही थीं कि पवन सिंह को अपना नामांकन खारिज होने का डर था, इसलिए उनके कहने पर ही मां प्रतिमा देवी ने पर्चा दाखिल किया था।
आसनसोल से बीजेपी ने दिया था टिकट
बता दें, पवन सिंह को पहले भारतीय जतना पार्टी ने पश्चिम बंगाल के आसनसोल से टिकट दिया था। हालांकि, पवन सिंह ने भाजपा को टिकट लौटा दिया था। इसके कुछ दिन बाद उन्होंने बिहार की काराकाट सीट से चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया। ऐसे में पवन सिंह के सामने एनडीए प्रत्याशी उपेंद्र कुशवाहा की राह कठित हो गई है। बता दें, इस सीट से नामांकन वापस लेने का शुक्रवार अंतिम दिन था। काराकाट सीट पर एक जून को मतदान होना है।
