इलेक्शन

Lok Sabha Election 2024: पीएम मोदी ने चुनाव अभियान की शुरुआत के लिए क्यों चुना मेरठ? समझिए BJP का 'मास्टर प्लान'

BJP Plan For Election: टीवी सीरियल ‘रामायण’ में भगवान राम की भूमिका निभाने के बाद विख्यात हुए अभिनेता अरुण गोविल को भाजपा ने मेरठ से अपना उम्मीदवार बनाया है। खास बात ये है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को मेरठ से ही अपने चुनावी अभियान की शुरुआत कर रहे हैं। आखिर इसके क्या मायने हैं, आपको समझाते हैं।

Image

लोकसभा चुनाव के लिए पीएम मोदी करेंगे अभियान की शुरुआत।

Photo : Times Now Digital

Lok Sabha Chunav: मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने लोकसभा चुनाव 2024 के लिए 370 सीटों से अधिक पर जीत का लक्ष्य रखा है, वहीं भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस (NDA) के लिए 400+ सीटें हासिल करने का टारगेट सेट किया है। ऐसे में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) इस चुनाव में नरेंद्र मोदी सरकार के बीते 10 सालों के कार्यकाल और कामकाजों को मुख्य मुद्दों के तौर पर इस्तेमाल करेगी। इसमें अव्वल दर्जे पर राम मंदिर, जम्मू कश्मीर से अनु्च्छेद 370 का अंत, सीएए जैसे मुद्दे शामिल होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार (31 मार्च, 2024) से अपने चुनाव अभियान की शुरुआत करने जा रहे हैं। उन्होंने इस बार भी अपने इलेक्शन कैंपेन की शुरुआत 80 लोकसभा सीटों वाले उत्तर प्रदेश से करने का फैसला किया है।

मेरठ से ही क्यों चुनाव अभियान की कर रहे शुरुआत?

राजनीतिक दृष्टिकोण से ये सवाल बेहद अहम है, जिसका जवाब समझना भी ज्यादा कठिन नहीं होगा। ये तो आसानी से समझा जा सकता है कि उत्तर प्रदेश से पीएम मोदी के चुनाव अभियान के शुरुआत की वजह क्या है, वो कहते हैं न कि दिल्ली का रास्ता उत्तर प्रदेश से ही होकर जाता है। देश में सबसे अधिक लोकसभा सीटों वाले राज्य में यूपी 80 सीटों के साथ पहले स्थान पर है। अब सवाल उठता है कि मेरठ ही क्यों? तो इसका जवाब है- चुनाव में भाजपा का सबसे बड़ा मुद्दा, राम मंदिर... अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण हुआ, भाजपा ने 90 के दशक से जिस मुद्दे को सबसे ज्यादा जोर-शोर से उठाया और सत्ता में आने पर राम मंदिर बनाने का वादा किया, वो वादा अब पूरा हो चुका है। भाजपा ने मेरठ लोकसभा सीट से इस बार मौजूदा सांसद राजेंद्र अग्रवाल का टिकट काटकर अरुण गोविल को टिकट दिया है।

ये वही नाम है, जिन्होंने देश के सबसे लोकप्रिय टीवी सीरियल 'रामायण' में भगवान श्रीराम का किरदार निभाया था। राम की भूमिका निभाने के बाद विख्यात हुए अभिनेता अरुण गोविल को भाजपा ने मेरठ से अपना उम्मीदवार बनाया है, ऐसे में यदि नरेंद्र मोदी इस क्षेत्र से अपने चुनाव अभियान की शुरुआत करेंगे तो इसका असर सभी रामभक्तों पर छोड़ने की कोशिश होगी। राम मंदिर के मुद्दे को भाजपा ने अब तक उतने जोर-शोर से नहीं उठाया जिसकी उम्मीद की जा रही थी। हालांकि अब जब चुनावी अभियान के लिए पीएम मोदी मैदान में होंगे तो देश की जनता को राम मंदिर के मुद्दे से लुभाने की पूरी कोशिश करेंगे।

रविवार को मेरठ में रैली को संबोधित करेंगे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोकसभा चुनाव का कार्यक्रम घोषित होने के बाद उत्तर प्रदेश के मेरठ में रविवार को एक रैली संबोधित कर राज्‍य में चुनावी अभियान की शुरुआत करेंगे। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक पदाधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि प्रधानमंत्री की इस रैली में मेरठ के अलावा बागपत, बिजनौर, मुजफ्फरनगर और कैराना लोकसभा क्षेत्रों के लोग भी शामिल होंगे। भाजपा मुख्यालय से प्रदेश महामंत्री अनूप गुप्ता को प्रधानमंत्री की रैली के समन्वय की जिम्मेदारी दी गयी है।

चुनाव प्रबंधन में पार्टी में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं विधान परिषद सदस्य गोविंद नारायण शुक्ला ने बताया, 'प्रधानमंत्री की मेरठ रैली पश्चिमी उप्र में मील का पत्थर साबित होगी। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) इस बार राज्य की सभी 80 सीट पर जीत हासिल करेगा।' उत्तर प्रदेश में 80 सीट पर सभी सात चरणों में चुनाव होने हैं जिसकी शुरुआत पश्चिमी यूपी से हो रही है। पहले चरण के तहत बिजनौर, मुजफ्फरनगर और कैराना लोकसभा क्षेत्रों में 19 अप्रैल को मतदान होगा। हालांकि मेरठ और बागपत में दूसरे चरण में 26 अप्रैल को मतदान होगा।

पीएम मोदी के साथ मंच पर नजर आएंगे अरुण गोविल!

मेरठ में भाजपा ने इस बार रामानंद सागर कृत धारावाहिक ‘रामायण’ में राम की भूमिका निभाने के बाद विख्यात हुए अभिनेता अरुण गोविल को अपना उम्मीदवार बनाया है। एक राजनीतिक जानकार ने बताया, 'अयोध्या में भगवान श्रीरामलला की मूर्ति इसी वर्ष 22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा करने के बाद मोदी राज्‍य में अपने चुनावी अभियान की शुरुआत भी अरुण गोविल के क्षेत्र से कर रहे हैं, जो राम की भूमिका निभाने के बाद पूरे देश में आदर के साथ पहचाने जाते हैं।' अरुण गोविल भी प्रधानमंत्री के मंच पर मौजूद रह सकते हैं।

जाट बहुल पश्चिम उत्तर प्रदेश में राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) का प्रभाव है और अभी हाल ही में रालोद भाजपा नीत राजग में शामिल हो गया। भाजपा और रालोद ने मोदी की रैली के लिए व्यापक तैयारी की है। भाजपा की जिला इकाई के प्रमुख शिवकुमार राणा ने बताया कि केंद्रीय आलू अनुसंधान संस्थान के मैदान पर रविवार शाम साढ़े तीन बजे होने वाली प्रधानमंत्री की रैली में बसों, कारों और ट्रैक्टर के जरिए भारी भीड़ जुटने की संभावना है। भाजपा के सहयोगी रालोद के प्रवक्ता आतिर रिजवी ने बताया कि रालोद मुखिया चौधरी जयंत सिंह भाजपा के साथ मंच साझा करेंगे।

भाजपा तथा रालोद नेताओं के अनुसार प्रधानमंत्री मोदी की रैली में पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न, गन्ना किसान से लेकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विकास पर चर्चा होगी। केंद्र सरकार ने शनिवार को चौधरी चरण सिंह को ‘भारत रत्न’ प्रदान किया है। चौधरी चरण सिंह रालोद प्रमुख जयंत के पितामह और रालोद संस्थापक दिवंगत पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजित सिंह के पिता थे।

Ayush Sinha
आयुष सिन्हाauthor

मैं टाइम्स नाउ नवभारत (Timesnowhindi.com) से जुड़ा हुआ हूं। कलम और कागज से लगाव तो बचपन से ही था, जो धीरे-धीरे आदत और जरूरत बन गई। मुख्य धारा की पत्रकारिता से जुड़े हुए 10 साल पूरे हो चुके हैं। लोकसभा चुनाव 2014 से पहले ही मैंने पत्रकारिता की पढ़ाई के बीच में ही देश की राजधानी दिल्ली आने की ठान ली थी। उससे पहले मैंने कभी ये सोचा तक नहीं था कि मैं बनारस बोले तो वाराणसी शहर से बाहर भी जा सकता हूं। जी हां, मेरा नाता काशी से है। जन्म के साथ-साथ शिक्षा दीक्षा भी बनारस में ही हुई। राष्ट्रपिता मोहनदास करमचंद गांधी (बापू) द्वारा स्थापित किए गए विश्वविद्यालय- 'महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ' से मैंने पत्रकारिता में स्नातक किया है। ग्रेजुएशन के दौरान ही विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यापकों ने बड़ी ही सख्ती से मेरी नक्काशी करने की कोशिश की। ग्रेजुएशन के आखिरी वर्ष आते-आते मैंने दिल्ली की ट्रेन पकड़ी और यहां पहुंच गया। आव देखा न ताव, दिल्ली NCR में बड़े-बड़े मीडिया समूहों के दफ्तरों के बाहर अपना बायोडेटा डाल कर प्रयास में जुट गया। काफी धैर्य के बाद ZEE मीडिया समूह से जुड़ने का मौका मिला। मेरे पत्रकारिता के सफर की शुरुआत टेलीविजन के इनपुट डिपार्टमेंट से हुई। यहां मैं असाइनमेंट डेस्क पर था। कुछ महीनों तक खुद को इस समूह के साथ जोड़े रखने के बाद वर्ष 2015 में मैंने प्रिंट मीडिया का रुख कर लिया और ALL RIGHTS नाम की मैगज़ीन के साथ जुड़ गया। बतौर विशेष संवाददाता (Special Correspondent) मेरे कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई थी। मैं उन दिनों देशभर के अलग-अलग लोकसभा क्षेत्र के सांसदों, केंद्रीय मंत्रियों और दिल्ली सरकार के विधायकों और मंत्रियों का साक्षात्कार करता था। मैगज़ीन के संपादकीय पृष्ठ के लिए मैं लेख भी लिखता था। राजनीतिक खबरों से लगाव होने के चलते मैंने इस बीट को ही अपना हमसाया बना लिया। मैगजीन के बाद फिर टेलीविजन का रुख किया और इसी साल दोबारा ज़ी मीडिया से जुड़ गया। यहां साढ़े 3 सालों तक काम करने के बाद मैंने डिजिटल मीडिया में कदम रखने की ठान ली। रिपब्लिक भारत की लॉन्चिंग से पहले मुझे इसकी वेबसाइट से जुड़ने का मौका मिला। रिपब्लिक से जुड़ने के साथ ही मैंने दिल्ली छोड़कर मुंबई का रुख कर लिया। समंदर किनारे बसे इस शहर में मैंने डिजिटल पत्रकारिता के गुर को सीखा। इस संस्थान में मुझे रिपोर्टर के तौर पर मौका दिया था। कुछ ही महीने बाद मैं वापस दिल्ली आ गया और मैंने न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया में एसोसिएट प्रोड्यूसर और रिपोर्टर की भूमिका में काम किया। चंद महीने बाद ही ज़ी मीडिया समूह के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर काम करने का अवसर मिला। ज़ी हिन्दुस्तान के लिए मैंने स्पेशल खबरों पर काम किया और इस समूह का पहला डिजिटल रिपोर्टर बन गया। इसके बाद मुझे वीडियो सेक्शन का हेड बना दिया गया। मैंने चुनावी कवरेज की, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और साथ ही साथ वीडियो सेक्शन को नए शिखर पर पहुंचाने की कोशिश की। मैं कविताएं और किस्से-कहानियां भी लिखता रहता हूं। पढ़ाई के दौरान ही मैंने दो किताबें भी लिखी, एक नॉवेल और दूसरी पोएट्री बुक। पत्रकारिता में रहते हुए मैंने कई "स्टिंग ऑपरेशन" भी किए। मेरे सफर को और भी खूबसूरत बनाने के लिए टाइम्स समूह ने मुझे मौका दिया। मैं जुलाई, 2023 में इस संस्थान से जुड़ा और मुझे मेन डेस्क पर खबरों से दो-चार होते रहने की जिम्मेदारी सौंपी गई। राजनीतिक विश्लेषण के साथ विस्तार से खबरों को परोसता हूं और अपने पाठकों को कुछ नया देने का प्रयास करता हूं।

और पढ़ें
End of Article