UP Lok Sabha Election 2024 Schedule, Voting Phase, Results: लोकसभा चुनाव 2024 का काउंटडाउन आज से आधिकारिक तौर पर शुरू हो जाएगा। आसान शब्दों में समझें तो निर्वाचन आयोग आज ही लोकसभा चुनाव के लिए कार्यक्रम की घोषणा करेगा। दोपहर तीन बजे चुनाव आयोग प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगा, जिसमें लोकसभा चुनाव और कुछ राज्यों में विधानसभा चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा होगी।
आज दोपहर तीन बजे चुनाव आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस
निर्वाचन आयोग ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि लोकसभा चुनाव और कुछ राज्यों में विधानसभा चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा करने के लिए शनिवार को दोपहर तीन बजे एक संवाददाता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।
16 जून को खत्म हो रहा मौजूदा लोकसभा का कार्यकाल
मौजूदा लोकसभा का कार्यकाल 16 जून को खत्म हो रहा है और नयी लोकसभा का गठन उससे पहले होना है। आंध्र प्रदेश, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश और ओडिशा में विधानसभाओं का कार्यकाल जून में अलग-अलग तारीखों पर खत्म हो रहा है। पिछली बार लोकसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा 10 मार्च को की गयी थी और 11 अप्रैल से सात चरणों में मतदान हुआ था। मतगणना 23 मई को हुई थी।
चुनाव आयोग ने 2014 में भी एक दिन पहले दी थी सूचना
निर्वाचन आयोग ने 2014 में भी चुनाव कार्यक्रम की घोषणा करने के लिए संवाददाता सम्मेलन बुलाए जाने की सूचना एक दिन पहले दी थी। संवाददाता सम्मेलन के लिए पत्रकारों को एक दिन पहले शाम को निमंत्रण भेजा गया था। आगामी चुनावों में 12 लाख से अधिक मतदान केंद्रों पर करीब 97 करोड़ लोग मतदान करने के पात्र हैं।
लोकसभा चुनाव 2019 में भाजपा-कांग्रेस को कितनी सीट?
पिछले संसदीय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 303 सीटें जीती थी जबकि कांग्रेस को 52 सीट मिली थीं। वह लोकसभा में विपक्ष के नेता का पद हासिल करने के लिए पर्याप्त संख्या बल नहीं जुटा पायी थी। आगामी संसदीय चुनाव को विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ (इंडियन नेशनल डेवलेपमेंटल इन्क्लूसिव एलायंस) के लिए ‘करो या मरो’ के मुकाबले के तौर पर देखा जा रहा है।
