शहर

गुजरात में बेमौसम बारिश की मार, किसानों की मेहनत पर फिरा पानी? मूंगफली, सोयाबीन और धान की फसल पर खतरा

गुजरात के गिर सोमनाथ, अमरेली और साबरकांठा समेत कई जिलों में बेमौसम बारिश से किसानों की चिंता बढ़ गई है। मूंगफली, सोयाबीन, कपास और धान की फसल पर नुकसान का खतरा मंडरा रहा है।

Image

गुजरात में भारी बारिश

गुजरात के कई जिलों में शुक्रवार, 30 अक्टूबर को बेमौसम बारिश हुई। गिर सोमनाथ, अमरेली और साबरकांठा के ग्रामीण इलाकों में बारिश के चलते किसानों की चिंता बढ़ गई है। कई क्षेत्रों में मूंगफली, सोयाबीन, कपास और धान की फसल कटाई के लिए तैयार है, जबकि कुछ जगहों पर कटाई के बाद फसल खुले में रखी हुई है। ऐसे में फसलों को नुकसान होने की आशंका है।

गिर सोमनाथ : ऊना और कोडिनार में बारिश, मूंगफली-सोयाबीन को नुकसान की आशंका

गिर सोमनाथ जिले के ऊना और कोडिनार तालुका के ग्रामीण इलाकों में बारिश हुई। तेज बारिश के कारण कटाई के लिए तैयार मूंगफली और सोयाबीन की फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका है। तैयार फसलें प्रभावित होने से किसानों के सामने आर्थिक नुकसान का खतरा खड़ा हो गया है। दोनों तालुकों के ग्रामीण क्षेत्रों में बदले मौसम का असर साफ दिखाई दे रहा है।

अमरेली : खांभा-गीर के ग्रामीण इलाकों में बेमौसम बारिश

मौसम विभाग की चेतावनी के बाद अमरेली जिले के खांभा-गीर क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में बेमौसम बारिश हुई। डेडाण, चकरावा और आसपास के गांवों में बारिश दर्ज की गई। इससे कपास, मूंगफली, सोयाबीन समेत अन्य फसलों को नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।

साबरकांठा : धान की कटाई के अंतिम चरण में बारिश से किसानों की चिंता बढ़ी

साबरकांठा जिले के प्रांतीज और आसपास के ग्रामीण इलाकों में मौसम बदलने के बाद बारिश हुई। इससे किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। प्रांतीज क्षेत्र में किसान धान की कटाई और मड़ाई के अंतिम चरण में हैं। पोगलु, पल्लाचर, बाकलपुर, वदराड और सलाल सहित आसपास का इलाका धान की खेती के लिए जाना जाता है। ऐसे में खेतों में तैयार खड़ी धान की फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका है।

जिले के पोशीना, इडर और हिम्मतनगर तालुका में भी बारिश हुई। पोशीना, कोलंद और आंबा महुड़ा सहित आसपास के इलाकों में बारिश के छींटे पड़े। हिम्मतनगर शहर के सिविल सर्कल और न्याय मंदिर क्षेत्र में भी बारिश हुई। इडर तालुका के दरामली, नेत्रामली, ईसरवाड़ा और भद्रेसर सहित गांवों में बारिश दर्ज की गई। वहीं, हिम्मतनगर के हिम्मतपुर, उमियानगर और महादेवपुरा क्षेत्रों में भी बारिश हुई।

बारिश के कारण किसानों की चिंता बढ़ गई है। खासकर उन किसानों को नुकसान की आशंका है, जिनकी मूंगफली सहित अन्य फसलें कटाई के बाद अभी भी खुले में रखी हुई हैं।

मौसम विभाग ने तीन घंटे के लिए जारी किया अलर्ट

भारत मौसम विज्ञान विभाग के अहमदाबाद केंद्र ने 30 अक्टूबर को शाम 4 बजे अगले तीन घंटे के लिए मौसम का पूर्वानुमान जारी किया। इसके मुताबिक, गिर सोमनाथ और अमरेली जिलों में कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश (5 से 15 मिमी प्रति घंटा) के साथ मध्यम गरज-चमक और 41 से 61 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई। इन जिलों में बादलों से जमीन पर बिजली गिरने की 30 से 60 प्रतिशत संभावना बताई गई।

वहीं, पोरबंदर, राजकोट, जूनागढ़, बोटाद, भावनगर, दीव और साबरकांठा में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश (5 मिमी प्रति घंटे से कम) और हल्की गरज-चमक का अनुमान जताया गया। यहां हवा की रफ्तार 41 किमी प्रति घंटे से कम रहने और बिजली गिरने की संभावना 30 प्रतिशत से कम बताई गई। बेमौसम बारिश ने कई जिलों के किसानों की चिंता बढ़ा दी है। कटाई के लिए तैयार फसलों और खुले में रखी उपज पर बारिश का असर पड़ने की आशंका है।

Dhruv Sanchania
ध्रुव संचानियाauthor

ध्रुव संचानिया गुजरात में टाइम्स नेटवर्क के सीनियर जर्नलिस्ट और ब्यूरो चीफ के पद पर कार्यरत हैं। ध्रुव ने प्रिंट, रेडियो, डिजिटल और टीवी पर शानदार काम किया है। क्राइम, इन्वेस्टिगेशन से लेकर इंसानी कहानियों तक में उनका काम गहराई से भरा होता है। जब वह हेडलाइन के पीछे नहीं भाग रहे होते तो वह सड़कों, सिनेमा और अगली छिपी हुई कहानी के पीछे भाग रहे होते हैं। उनका काम ऐसा है जो उन्हें अलग ला खड़ा करता है।

और पढ़ें
End of Article