RJD-Congress Rift: बिहार में राष्ट्रीय जनता दल और कांग्रेस गठबंधन में पेच फंस गया है। आरजेडी की दी गई सीटों पर कांग्रेस राजी नहीं है। आरजेडी कांग्रेस को 8 सीटें देने को तैयार है, लेकिन कांग्रेस की मांग है कि उसे अलग सीटें दी जाएं। इसे लेकर कांग्रेस नेता लगातार लालू यादव और तेजस्वी के संपर्क में हैं।
सूत्रों का दावा है कि जो सीटें कांग्रेस डिमांड कर रही है, आरजेडी उसपर राजी नहीं है। कांग्रेस काराकाट सीट मीरा कुमार के बेटे अंशुल के लिए मांग रही है। औरंगाबाद सीट भी कांग्रेस की लिस्ट में है। पूर्णिया सीट पप्पू यादव के लिए मांग रही है। लेकिन आरजेडी कुछ और ही सीटें कांग्रेस को दे रही है।
आरजेडी ये सीटें कांग्रेस को दे रही है
सासाराम
मुजफ्फरपुर
किशनगंज
बेतिया
पटना साहिब
समस्तीपुर
कटिहार
नवादा
इंडिया गठबंधन में तनाव बढ़ा
जैसे-जैसे लोकसभा चुनाव की तारीखें नजदीक आ रही हैं, बिहार में सीटों के बंटवारे को लेकर मतभेद पैदा होने से इंडिया गठबंधन के भीतर तनाव बढ़ गया है। कांग्रेस के साथ सीट बंटवारे पर बातचीत को लेकर गतिरोध के बीच राष्ट्रीय जनता दल नेता लालू प्रसाद यादव ने बिहार में 13 सीटों के लिए उम्मीदवारों को पार्टी के टिकट भी बांट दिए। इसमें शुरुआती चरण में मतदान के लिए निर्धारित सभी चार सीटें शामिल हैं। वहीं कांग्रेस ने आरजेडी के एकतरफा रुख पर असंतोष जताया है।
इन सीटों पर घमासान
इंडिया-ब्लॉक में मतभेद पैदा करने वाली सीटों में सीवान, कटिहार और मधुबनी शामिल हैं। सूत्रों ने कहा कि सीवान सीट को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) और भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी-लेनिनवादी (सीपीआईएमएल) के बीच दरार बढ़ने की आशंका है। वहीं, कटिहार सीट को लेकर कांग्रेस और सीपीआईएमएल के बीच तीखी लड़ाई है। जबकि आरजेडी, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीएम) के बीच मधुबनी सीट को लेकर बहस चल रही है।
आरजेडी ने घोषित किए 13 उम्मीदवार
आरजेडी ने गठबंधन से परामर्श किए बिना 13 उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए। आरजेडी उम्मीदवारों की अंतिम सूची में औरंगाबाद के लिए अभय कुशवाह, नवादा के लिए श्रवण कुशवाह और पाटलिपुत्र के लिए मीसा भारती जैसे नाम शामिल हैं। यहां मुस्लिम, यादव और कुशवाह वोट बैंकों पर खास ध्यान नजर रखी गई है। MYK समुदाय का वोटों में हिस्सा 34% है।
