इलेक्शन

वरुण गांधी का टिकट कटने पर आई मां मेनका गांधी की प्रतिक्रिया, कहा- 'मैं भारतीय जनता पार्टी में रहकर हूं खुश'

Lok Sabha Election 2024: पूर्व केंद्रीय मंत्री और सुलतानपुर की सांसद मेनका गांधी ने कहा कि उनका चुनाव लड़ना तय था, लेकिन निर्वाचन क्षेत्र तय करने के कारण घोषणा में देरी हुई। वरुण गांधी का टिकट कटने पर मेनका गांधी ने कहा, 'चुनाव के बाद देखते हैं, अभी लंबा समय है। मैं बीजेपी में हूं और बहुत खुश हूं कि मैं बीजेपी में हूं।'

Image

मैं भारतीय जनता पार्टी में रहकर हूं खुश- मेनका गांधी

Photo : ANI

Lok Sabha Election 2024: भाजपा सांसद वरुण गांधी को उनके निर्वाचन क्षेत्र पीलीभीत से टिकट नहीं दिए जाने के कुछ दिनों बाद, उनकी मां और भाजपा सांसद मेनका गांधी ने उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर की अपनी 10 दिवसीय यात्रा पर चुप्पी तोड़ी और बीजेपी का हिस्सा बनने पर खुशी जताई। यह पूछे जाने पर कि वरुण गांधी अब क्या करेंगे, उन्होंने कहा कि उनसे पूछें कि वह क्या करना चाहते हैं। हम चुनाव के बाद इस पर विचार करेंगे। अभी समय है।

भाजपा सांसद मेनका गांधी ने कहा कि मैं बहुत खुश हूं कि मैं बीजेपी में हूं। मुझे टिकट देने के लिए मैं अमित शाह, पीएम मोदी और नड्डा जी को धन्यवाद देती हूं। टिकट की घोषणा बहुत देर से की गई, इसलिए दुविधा थी कि मुझे कहां से लड़ना चाहिए। पीलीभीत से या सुल्तानपुर। उन्होंने कहा कि 'पार्टी ने अब जो फैसला लिया है, उसके लिए मैं आभारी हूं।'

उन्होंने आगे कहा कि मैं बहुत खुश हूं कि मैं सुल्तानपुर वापस आई क्योंकि इस जगह का एक इतिहास है कि सुल्तानपुर में कोई भी सांसद दोबारा सत्ता में नहीं आया। टिकट मिलने के बाद यह उनका सुल्तानपुर का पहला दौरा था। जिले के अपने 10 दिवसीय दौरे पर वह पूरे लोकसभा क्षेत्र के 101 गांवों का दौरा करेंगी।

Maneka Gandhi-Varun Gandhi

Maneka Gandhi-Varun Gandhi

सुल्तानपुर के कटका गुप्तारगंज, तातियानगर, टेढुई, गोलाघाट, शाहगंज चौराहा, दरियापुर तिराहा और पयागीपुर चौराहा आदि स्थानों पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान मेनका गांधी ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर भी श्रद्धासुमन अर्पित किये। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. आरए वर्मा, भाजपा प्रदेश मंत्री मीना चौबे, लोकसभा प्रभारी दुर्गेश त्रिपाठी, लोकसभा संयोजक जगजीत सिंह छंगू, विधायक राज प्रसाद उपाध्याय, विधायक राजेश गौतम और प्रवक्ता विजय रघुवंशी मौजूद रहे। बता दें, इससे पहले, वरुण गांधी ने अपने निर्वाचन क्षेत्र पीलीभीत के लोगों को एक भावुक पत्र लिखकर कहा था कि उत्तर प्रदेश के पीलीभीत से उनका रिश्ता आखिरी सांस तक खत्म नहीं होगा।

Shashank Shekhar Mishra
Shashank Shekhar Mishraauthor

शशांक शेखर मिश्रा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल (www.timesnowhindi.com) में बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। इन्हें पत्रकारिता में करीब 5 वर्षों का अनुभव है। इन पांच सालों में देश की राजनीति से लेकर देश-दुनिया में बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों एवं घटनाओं को कवर करने का अनुभव है। राजनीति, रक्षा और आटोमोबाइल्स की खबरों में विशेष रूचि के साथ खोजी पत्रकारिता और स्टिंग ऑपरेशन का भी अनुभव है। टाइम्स नाउ नवभारत में देश-दुनिया की खबरों के साथ रियल टाइम डेस्क पर कार्य करने का अनुभव है। शशांक ने इन 5 वर्षों के पत्रकारिता के कैरियर के दौरान टेलीविजन और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का अनुभव हासिल किया है। टाइम्स नाउ नवभारत में बतौर कॉपी एडिटर जुड़ने से पहले जागरण न्यू मीडिया, इनशार्ट्स, जी हिंदुस्तान और न्यूज हेल्पलाइन में सब एडिटर, रिपोर्टर और असिस्टेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर चुके हैं। पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन से पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन एंड टीवी जर्नलिज्म किया हैं। शशांक को जिम जाना, एडवेंचर एक्टिविटी करना और नई तकनीक को जानना और समझना बेहद पसंद है। इसके अलावा शशांक को ड्राइव करना और अध्यात्म में भी काफी रुचि हैं। शशांक शेखर मिश्रा उत्तर प्रदेश की राजधानी और नवाबों के शहर के रूप में फेमस लखनऊ से ताल्लुक रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article