इलेक्शन

कांग्रेस आज करेगी मध्य प्रदेश की बाकी 18 सीट के लिए उम्मीदवारों का ऐलान, खजुराहो सीट सपा के लिए छोड़ी

  • Edited by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 19, 2024, 06:08 AM IST

कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश की सीमा से लगी खजुराहो सीट ‘इंडिया’ गठबंधन की अपनी सहयोगी समाजवादी पार्टी के लिए छोड़ दी है। सपा ने अभी तक इस निर्वाचन क्षेत्र के लिए अपने उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है।

Image

मध्य प्रदेश के लिए कांग्रेस की सूची

Photo : iStock

Congress Madhya Pradesh List: कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) की मंगलवार को बैठक के बाद मध्य प्रदेश की शेष 18 लोकसभा सीट के लिए पार्टी उम्मीदवारों की घोषणा की जाएगी। पार्टी के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। सीईसी आगामी लोकसभा चुनावों के लिए कांग्रेस के उम्मीदवारों की तीसरी सूची के संबंध में फैसला करेगी। कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश की सीमा से लगी खजुराहो सीट ‘इंडिया’ गठबंधन की अपनी सहयोगी समाजवादी पार्टी (सपा) के लिए छोड़ दी है। सपा ने अभी तक इस निर्वाचन क्षेत्र के लिए अपने उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है।

कांग्रेस ने 10 नाम जारी किए

मध्य प्रदेश में 29 लोकसभा सीट हैं और भाजपा ने उन सभी पर अपने उम्मीदवार उतार दिए हैं, जबकि कांग्रेस ने राज्य में अब तक 10 नाम जारी किए हैं और 18 उम्मीदवारों के नाम तय किए जाने बाकी हैं। पार्टी की राज्य इकाई के मीडिया प्रकोष्ठ के प्रमुख के के मिश्रा ने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे मध्य प्रदेश की शेष 18 लोकसभा सीट से उम्मीदवारों पर अंतिम फैसला करने के लिए मंगलवार को नयी दिल्ली में सीईसी बैठक की अध्यक्षता करेंगे।। उन्होंने कहा कि स्क्रीनिंग कमेटी पहले ही उम्मीदवारों के नाम पार्टी की चुनाव समिति को भेज चुकी है।

मिश्रा ने कहा, हमें यकीन है कि पार्टी मंगलवार को बाकी उम्मीदवारों के नाम घोषित करेगी क्योंकि हमारे नेता राहुल गांधी की भारत न्याय यात्रा समाप्त हो गई है।

कांग्रेस ने कहा, चुनाव लड़ने वाले नेताओं की कमी नहीं

उन्होंने कुछ हलकों में लग रही इन अटकलों को खारिज कर दिया कि मध्य प्रदेश में वरिष्ठ कांग्रेस नेता पिछले साल नवंबर में हुए विधानसभा चुनावों में पार्टी के खराब प्रदर्शन के कारण आगामी लोकसभा चुनाव लड़ने से कतरा रहे हैं। मिश्रा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के बारे में ऐसी धारणा बनाने के पीछे भाजपा का हाथ है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की मध्य प्रदेश इकाई में नेताओं की कोई कमी नहीं है। ये भाजपा के आरोप हैं जिसके पास खुद ही नेता खत्म हो गए हैं और यही कारण है कि वे हमारे नेताओं को खरीद रहे हैं।

तीन से चार महिला उम्मीदवारों को टिकट मिल सकता है

कांग्रेस के एक अन्य वरिष्ठ नेता के मुताबिक, पार्टी तीन से चार महिला उम्मीदवारों को टिकट दे सकती है। पिछले सप्ताह कांग्रेस द्वारा राज्य के लिए घोषित 10 उम्मीदवारों की सूची में किसी भी महिला का नाम नहीं है। कांग्रेस अब तक विभिन्न राज्यों के लिए उम्मीदवारों की दो सूची जारी कर चुकी है, जिसमें कुल 82 नाम हैं। इस बीच, समाजवादी पार्टी (सपा) ने कहा कि वह खजुराहो लोकसभा सीट के लिए अपने उम्मीदवार का नाम इस सप्ताह घोषित करेगी, जहां 26 अप्रैल को मतदान होगा। सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता यश भारतीय ने कहा कि हम अगले तीन से चार दिन में खजुराहो के लिए अपना उम्मीदवार नामित करने जा रहे हैं।

मध्य प्रदेश में 19 अप्रैल से 13 मई के बीच चार चरणों में मतदान होगा। भाजपा ने 2019 के आम चुनावों में राज्य की 29 में से 28 सीट जीती थीं, जबकि कांग्रेस सिर्फ छिंदवाड़ा पर कब्जा करने में सफल रही थी। छिंदवाड़ा पार्टी के दिग्गज नेता कमल नाथ का गृह क्षेत्र है, जिनके बेटे नकुल निर्वाचन क्षेत्र से विजयी हुए। छिंदवाड़ा से नकुलनाथ को दोबारा मैदान में उतारा गया है। (Bhasha Input)

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article