इलेक्शन

Lok Sabha Election 2024: बीजेपी के लिए दक्षिण का मजबूत किला बन सकता है तेलंगाना, जानें क्या है संगठन का मेगा प्लान

  • Authored by: कुलदीप राघव
  • Updated Apr 4, 2024, 08:49 AM IST

Lok Sabha Election 2024: तेलंगाना भाजपा के लिए दक्षिण का मजबूत किला बनकर उभर सकता है। 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने तेलंगाना में वोट प्रतिशत बढ़ाने के लिए मेगा प्लान बनाया है। इस चुनाव में अबकी पार 400 पार का संकल्प लेकर चल रही भारतीय जनता पार्टी तेलंगाना में वोट प्रतिशत बढ़ाकर सीटों की संख्या में इजाफा करने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है।

Image

BJP Telangana Meeting for Lok Sabha Election 2024

How BJP preparing for Lok Sabha Election in Telangana: तेलंगाना भारत के आन्ध्र प्रदेश राज्य से अलग होकर बना भारत का 29वां राज्य है। यहां के प्रमुख शहर हैदराबाद को दोनों राज्यों की संयुक्त राजधानी बनाया गया है। तेलंगाना में 119 विधानसभा सीटें और 17 लोकसभा सीटें हैं। तेलंगाना लोकसभा चुनाव 13 मई, 2024 को एक ही चरण में होने वाला है। भारत के चुनाव आयोग के अनुसार, 13 मई को यहां सभी 17 सीटों पर मतदान होगा। साल 2019 के लोकसभा चुनाव में 17 सीटों में से 9 सीटें टीआरएस, 4 सीटें बीजेपी को, कांग्रेस को 3 सीट जबकि AIMIM को एक सीट मिली थी। वहीं, 2014 के चुनाव में 11 सीट टीआरएस को, जबकि कांग्रेस को 2 सीट, टीडीपी को 1 सीट, बीजेपी को 1 सीट, YSRCP और अन्य को एक एक सीट मिली थी। 2014 में एक सीट हासिल करने वाली बीजेपी को 2019 में 4 सीटें मिली थीं, जबकि वोट प्रतिशत भी 2014 के मुकाबले 2019 में लगभग दोगुना हुआ था।

ऐसे में तेलंगाना भाजपा के लिए दक्षिण का मजबूत किला बनकर उभर सकता है। 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने तेलंगाना में वोट प्रतिशत बढ़ाने के लिए मेगा प्लान बनाया है। इस चुनाव में अबकी पार 400 पार का संकल्प लेकर चल रही भारतीय जनता पार्टी तेलंगाना में वोट प्रतिशत बढ़ाकर सीटों की संख्या में इजाफा करने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है।

2014 और 2019 में बीजेपी का वोट प्रतिशत

साल 2014 में हुआ लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीजेपी पहली बार प्रचंड बहुमत के साथ केंद्र की सत्ता में आई थी। इस चुनाव में 336 सीटों के साथ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सबसे बड़ा दल और 282 सीटों के साथ भारतीय जनता पार्टी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी। इस प्रचंड लहर के बावजूद तेलंगाना में भाजपा को एक सीट मिली थी और कुल 10.5 प्रतिशत वोट मिले थे। जबकि 2019 में तेलंगाना में बीजेपी को 19.7 प्रतिशत वोट मिले और सीटों की संख्या बढ़कर 4 हो गई। वर्तमान में बीजेपी के पास आदिलाबाद, निजामाबाद, करीमनगर और सिकंदराबाद लोकसभा सीटें हैं।

भाजपा ने ऐसे मजबूत किया किला

लोकसभा चुनाव से पहले जाहिराबाद से BRS सांसद बीबी पाटिल ने भाजपा का दामन थाम लिया था। अब आगामी चुनाव में बीजेपी ने बीबी पाटिल को जाहिराबाद से प्रत्याशी बनाया है। इस इलाके में बीबी पाटिल काफी ताकतवर नेता माने जाते हैं। दो बार के सांसद पाटिल ने पिछले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार के. मदन मोहन राव को हाराया था। इससे पहले नगरकुरनूल (आरक्षित) सीट से बीआरएस सांसद व दलित नेता पी रामुलु भाजपा में शामिल हुए थे। इसके बाद नगरकुरनूल (आरक्षित) सीट से बीजेपी ने पी रामुलु के बेटे Bharath Prasad को प्रत्याशी बना दिया है।

वोट प्रतिशत बढ़ाने के लिए मेगा प्लान

लोकसभा चुनाव की घोषणा से ठीक पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तेलंगाना के संगारेड्डी में 7,200 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया था। तेलंगाना को 'दक्षिण भारत का प्रवेश द्वार' बताते हुए पीएम मोदी ने कहा था कि केंद्र सरकार पिछले 10 साल से तेलंगाना को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए लगातार काम कर रही है। भाजपा पीएम मोदी, गृहमंत्री अमित शाह की सभाओं, मोदी सरकार की 10 वर्ष की योजनाओं के लाभार्थियों तक पहुंच बनाकर, बूथ समितियों और पन्ना प्रमुखों के द्वारा अधिक से अधिक वोटर तक पहुंच रही है।

संगठन महामंत्री के रूप में चंद्रशेखर की तैनाती

भाजपा ने तेलंगाना में महामंत्री संगठन के रूप में चंद्रशेखर को भेजा है। वह 2017 से राजस्थान में भाजपा के महामंत्री संगठन थे और उन्होंने पार्टी को बूथ स्तर तक ले जाकर हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में पार्टी को विजयश्री दिलाने में अहम भूमिका निभाई। चंद्रशेखर पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उससे पहले काशी के क्षेत्रीय संगठन मंत्री रह चुके हैं। साल 2014 में चंद्रशेखर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ कदम से कदम मिलाकर बनारस सीट को जीतने की बड़ी पटकथा लिखी थी। अब चुनावी माइक्रो मैनेजमेंट में माहिर चंद्रेशखर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह और बीजेपी संगठन ने तेलंगाना में महामंत्री संगठन की जिम्मेदारी सौंपकर भेजा है। जनवरी में जब से उनकी तैनाती हुई है तब से वह हर लोकसभा सीट का दौरा कर वहां की चुनाव संचालन समिति की बैठक कर चुके हैं और लोकसभा प्रमुख कार्यकर्ताओं के साथ संवाद स्थापित कर चुके हैं।

कुलदीप राघव
कुलदीप राघवauthor

कुलदीप राघव प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में 13 वर्षों से अधिक अनुभव का रखने वाले पत्रकार हैं। टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वह एजुकेशन सेक्शन को लीड कर रहे हैं। एजुकेशन सेक्टर की गहरी समझ और लगातार फील्ड-ओरिएंटेड रिपोर्टिंग के कारण कुलदीप इस बीट के भरोसेमंद पत्रकारों में गिने जाते हैं। वे स्कूल और उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाएं, एडमिशन और काउंसलिंग प्रोसेस, स्कॉलरशिप, करियर गाइडेंस, जॉब अलर्ट, स्किल डेवलपमेंट और युवाओं से जुड़े सामाजिक-शैक्षणिक मुद्दों पर तथ्यात्मक और आसान भाषा में खबरें पब्लिश करते हैं। कुलदीप ने अब तक 18,000 से अधिक बाइलाइन स्टोरीज लिखी हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, विश्लेषण, डेटा आधारित रिपोर्ट्स और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article