इलेक्शन

अर्जुन मोढ़वाडिया को भी राम नाम का सहारा, कांग्रेस का हाथ छोड़ थामा BJP का कमल

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 5, 2024, 01:07 PM IST

मोढ़वाडिया पोरबंदर से विधायक हैं। वह विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष भी रह चुके हैं। अपने इस्तीफे में उन्होंने कांग्रेस की तरफ से रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम ठुकराने पर नाराजगी जताई थी।

Image

अर्जुन मोढ़वाडिया

Arjun Modhwadia: गुजरात के पूर्व कांग्रेस नेता व विधायक अर्जुन मोढ़वाडिया भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए हैं। मोढ़वाडिया ने कल ही कांग्रेस से इस्तीफा दिया था। उन्होंने अपना इस्तीफा पार्टी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को भेजा था। इसमें उन्होंने कांग्रेस छोड़ने की वजह बताते हुए अब तक मिले समर्थन और स्नेह के लिए कांग्रेस के प्रति आभार जताया था।

रामलला की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर कांग्रेस पर सवाल

कभी नरेंद्र मोदी के धुर विरोधी रहे मोढ़वाडिया पोरबंदर से विधायक हैं। वह विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष भी रह चुके हैं। अपने इस्तीफे में उन्होंने कांग्रेस की तरफ से रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का न्यौता ठुकारने पर अपनी नाराजगी जताई। अर्जुन मोढवाडिया ने कहा कि कांग्रेस लोगों की भावनाओं को महसूस करने में विफल रही है।

इस्तीफे की बताई वजह

मल्लिकार्जुन खरगे को भेजे पत्र में मोढ़वाडिया ने कहा, आप जानते होंगे कि 11 जनवरी 2024 को कांग्रेस पार्टी के नेतृत्व ने अयोध्या में बालक राम प्राणप्रतिष्ठा महोत्सव के निमंत्रण को अस्वीकार किया तो मैंने अपनी आपत्ति जताई। प्रभु राम केवल हिंदुओं के लिए ही नहीं हैं, वे भारत की आस्था हैं। प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को अस्वीकार करके भारत की जनता की भावनाओं को ठेस पहुंचाने के कारण कांग्रेस पार्टी ने लोगों की भावनाओं को महसूस करने में विफल रही।

कहा- लोग भगवान राम के अपमान को लेकर आहत

उन्होंने कहा, अपनी आपत्ति के बाद से मैं बहुत से लोगों से मिला जो कांग्रेस द्वारा रामलला समारोह के बहिष्कार से भगवान राम के अपमान को लेकर आहत हैं। इस पवित्र अवसर से ध्यान भटकाने और अपमानित करने के लिए राहुल गांधी ने असम में हंगामा खड़ा करने की कोशिश की। इसने हमारे पार्टी कार्यकर्ताओं और लोगों को और भी नाराज कर दिया। इसके अलावा पिछले कुछ वर्षों से मैंने महसूस किया कि मैं अपने जिले पोरबंदर और गुजरात की जनता के प्रति योगदान करने में असहाय हूं।

उन्होंने लिखा, इसलिए, मैं अपनी कांग्रेस पार्टी की सभी पदों से इस्तीफा दे रहा हूं। इस पार्टी से 40 वर्षों से जुड़े रहकर मैंने अपने पूरे जीवन का समर्पण किया है। मैं पार्टी के नेतृत्व और कार्यकर्ताओं के प्रति आभारी हूं जिन्होंने मुझे पिछले चार दशकों से प्यार और स्नेह दिया।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article