kangra Lok Sabha Election 2024 : देश में लोकसभा चुनाव का आखिरी यानी सातवां चरण 1 जून को संपन्न होना है। इस चरण में हिमाचल प्रदेश की कांगड़ा सीट भी शामिल है, जिसके के लिए वोट डाले जाएंगे। कांगड़ा लोकसभा सीट के तहत हिमाचल प्रदेश की 17 विधानसभा सीटें आती हैं। इनमें कांगड़ा, चुराह, डलहौजी, नूरपुर, ज्वाली, फतेहपुर, नगरोटा, शाहपुर, बैजनाथ, पालमपुर और धर्मशाला इत्यादि शामिल हैं। इनमें से 13 सीटों पर कांग्रेस पार्टी के विधायक हैं, जबकि चंबा की चार विधानसभा क्षेत्र में से 2 कांग्रेस के विधायक हैं। इस सीट पर 1 जून को मतदान होना है और देश की सभी लोकसभा सीटों के साथ 4 जून को परिणाम घोषित किए जाएंगे। आइये जानते हैं पिछले चुनाव में किस पार्टी पर मतदाताओं ने भरोसा जताया था?
बीजेपी-कांग्रेस में सीधी टक्कर
हिमाचल प्रदेश की कांगड़ा लोकसभा संसदीय क्षेत्र में कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी का सीधे तौर पर मुकाबला देखने को मिलता है। हालांकि, यहां बीजेपी का पलड़ा हमेशा भारी रहा है। पिछले 9 चुनावों पर गौर करें तो सात बार बीजेपी को जीत हासिल हुई है, पिछले तीन चुनाव से बीजेपी ने जीत की हैट्रिक मारी है। इस बार जीत का चौका लगाने के लिए पार्टी चुनावी मैदान में पसीना बहा रही है। यह सीट कभी कांग्रेस पार्टी का गढ़ हुआ करती थी।
मुख्य उम्मीदवार
- आनंद शर्मा /कांग्रेस पार्टी
- डॉ. राजीव भारद्वाज / भारतीय जनता पार्टी
पिछले 2 लोकसभा चुनाव का समीकरण
साल 2019 के लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने किशन कपूर को चुनावी मैदान में उतारा था, जहां उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी पवन काजल को 4,77,623 मतों से शिकस्त दी थी। उस चुनाव में बीजेपी को 7,25,218 वोट और कांग्रेस के खाते में 2,47,595 वोट आए थे। इसमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 7,27,384 और महिला वोटर्स की संख्या 6,99,934 थी। यानी कुल मिलाकर 14,27,338 वोटर्स ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था।
बात तो 2014 लोकसभा चुनाव की करें तो 12,58,601 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था, जिसमें 6,45,888 पुरुष और 6,12,713 महिला मतदाताओं ने वोट किया था। उस चुनाव में बीजेपी के शान्ता कुमार को जीत हासिल हुई थी, उन्हें 57 फीसदी यानी 4,56,163 वोट मिले थे। वहीं, कांग्रेस प्रत्याशी चंदर कुमार को 37.9 फीसदी यानी 2,86,091 मत प्राप्त हुए थे।
