इलेक्शन

झालावाड़-बारां लोकसभा सीट: दुष्यंत सिंह को पांचवी बार मिलेगी जीत या भाजपा के गढ़ में सेंध लगाएगी कांग्रेस?

झालावाड़ सीट पर लंबे समय से भाजपा ने जीत हासिल की है। यहां से दुष्यंत सिंह पांचवी बार लोकसभा का चुनाव लड़ रहे हैं। भाजपा के दुष्यंत सिंह के खिलाफ कांग्रेस ने उर्मिला जैन भाया को चुनावी मैदान में उतारा है।

Image

झालावाड़-बारां सीट का हाल

Jhalawar Loksabha Election 2024: राजस्थान की झालावाड़-बारां लोकसभा सीट को बीजेपी का गढ़ माना जाता है। इस सीट पर लंबे समय से कांग्रेस जीत का स्वाद नहीं चख पाई है। झालावाड़ राजस्थान की पूर्व सीएम वसुधरा राजे की सीट रही है। मां-बेटे वसुधरा राजे और दुष्यंत सिंह यहां लगातार 9 बार से लोकसभा चुनाव जीतते आ रहे हैं। इस बार यहां का चुनावी मुकाबला पत्नी बनाम बेटे का देखने को मिलने वाला है। इसकी वजह ये है कि इस बार कांग्रेस ने पूर्व खनन एवं गोपालन मंत्री प्रमोद जैन भाया की पत्नी उर्मिला जैन भाया को प्रत्याशी बनाया है। अब 4 जून को चुनाव का रिजल्ट आने के बाद पता चलेगा कि भाजपा के गढ़ में कांग्रेस जीत का परचम लहरा पाती है या दुष्यंत सिंह पांचवी बार सांसद बन सकेंगे।

जातिगत समीकरण

झालावाड़-बारां लोकसभा क्षेत्र के 80 फीसदी से ज्यादा वोटर ग्रामीण इलाके से हैं। यहां कुल मतदाताओं की संख्या करीब 21 लाख है। जिनमें अनुसूचित जाति-जनजाति वोटर्स की संख्या करीब 8 लाख है। मुस्लिम वोटर यहां करीब 2 लाख के आसपास है। इसके अलावा ब्राह्मण, राजपूत और ओबीसी वोटर्स यहां निर्णायक की भूमिका में हैं।

इस सीट पर कौन हैं कैंडिडेट

झालावाड़-बारां सीट पर बीते 9 लोकसभा चुनावों से बीजेपी का राज रहा है। इस सीट से मौजूदा सासंद दुष्यंत सिंह हैं। चार बार के सासंद दुष्यंत सिंह पर भाजपा ने फिर से भरोसा जताया है और उन्हें झालावाड़ सीट से उम्मीदवार बनाया है। वहीं कांग्रेस ने इस बार उर्मिला जैन भाया को चुनावी मैदान में उतारा है। इससे पहले भी दोनों उम्मीदवार 2009 में आमने-सामने चुनाव लड़ चुके हैं। जिसमें दुष्यंत सिंह को जीत मिली थी। इस सीट के उम्मीदवारों की लिस्ट नीचे दी गई है-

  • दुष्यंत सिंह - बीजेपी
  • उर्मिला जैन भाया - कांग्रेस
  • चंद्र सिंह किराड़ - बसपा
  • भुवनेश कुमार - राइट टू रिकॉल पार्टी
  • बाबूलाल - निर्दलीय
  • पंकज पजंतोरीवाला - निर्दलीय
  • रवि राज सिंह - निर्दलीय
ये भी पढ़ें - बीकानेर लोकसभा सीट: अर्जुन मेघवाल बनाम मेघवाल, कौन बनेगा सांसद और किसकी होगी राम-राम

दुष्यंत सिंह

दुष्यंत सिंह राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के बेटे हैं। उन्होंने झालावाड़ सीट से पहली बार 2004 में चुनाव लड़ा था। इससे पहले उनकी मां वसुंधरा राजे इस सीट से लगातार पांच बार विजयी हुईं। इस सीट पर साल 1989 के बाद से कोई दूसरा उम्मीदवार नहीं जीता है। दुष्यंत सिंह यहां से अब तक चार बार लोकसभा चुनाव जीत चुके हैं। 2004 के बाद वे 2009, 2014 और 2019 में झालावाड़ से सांसद रहे हैं। इस बार फिर से भाजपा ने दुष्यंत सिंह को इस सीट से उम्मीदवार बनाया है। इस बार उनके पास अपनी मां का रिकॉर्ड तोड़कर पांचवी बार सांसद बनने का मौका है।

उर्मिला जैन भाया

उर्मिला जैन भाया वर्तमान में जिला प्रमुख पद पर हैं। वे राजस्थान के पूर्व खनन एवं गोपालन मंत्री प्रमोद जैन भाया की पत्नी हैं। उर्मिला जैन ने 2009 के लोकसभा चुनाव में झालावाड़ बारां सीट से लोकसभा चुनाव लड़ा था। जिसमें उन्हें दुष्यंत सिंह से शिकस्त मिली थी। जिसके बाद 2014 में कांग्रेस ने प्रमोद जैन भाया को इस सीट से प्रत्याशी चुना और उन्हें भी हार का सामना करना पड़ा। इस बार के चुनाव में कांग्रेस ने भाजपा के दुष्यंत सिंह के खिलाफ उर्मिला जैन भाया को उम्मीदवार बनाया है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article