Bihar Assembly Election 2025: बिहार चुनाव से पहले एनडीए गठबंधन में सीटों के बंटवारे पर चर्चाएं तेज हैं। इस बीच सीएम नीतीश कुमार की नाराजगी की खबरें भी सामने आई हैं। लेकिन जेडीयू सांसद संजय कुमार झा ने इन खबरों को खारिज करते हुए एनडीए में सब कुछ ठीक होने का दावा किया है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार पूरी तरह खुश हैं और एनडीए के लिए प्रचार भी करेंगे। संजय झा ने बताया कि नीतीश कुमार एनडीए के वरिष्ठ नेताओं से लगातार संपर्क में हैं। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा 'विपक्ष के लोगों को पता है कि चुनाव मैदान में वे साफ हो चुके हैं। इसलिए NDA में क्या हो रहा है, इस बारे में भ्रांतियां फैला रहे हैं, निराधार स्टोरी प्लांट करवा रहे हैं।' संजय झा ने बिहार की जनता से अफवाहों पर ध्यान न देने के लिए कहा है।
पांचों पार्टियां एकजुट- संजय झा
संजय कुमार झा ने यह भी साफ किया कि एनडीए नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में चुनाव लड़ रहा है और गठबंधन में किसी तरह का मतभेद नहीं है। उन्होंने कहा 'मुख्यमंत्री नीतीश कुमार चुनाव मैदान में जाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। एक-एक चीज पर खुद उनकी नजर है। सारे लोगों से वे खुद बात कर रहे हैं। एनडीए के घटक दलों के नेतागण, खासकर दिल्ली में बीजेपी के जो बड़े नेता हैं, उनसे भी मुख्यमंत्री जी की बात हो रही है। जो कुछ भी तय हो रहा है, मुख्यमंत्री जी से बात करके ही तय हो रहा है।
संजय झा ने आगे कहा 'NDA के पांचो घटक दल साथ मिलकर प्रचंड बहुमत के लिए काम कर रहे हैं। हमलोग तो सीटों की संख्या भी घोषित कर चुके हैं। कौन किस सीट पर लड़ेगा, संभवत: आज शाम तक वह भी फाइनल हो जाएगा। एनडीए का लार्जर परपस है कि बिहार में जो विकास का मोमेंटम पकड़ा हुआ है, वह कहीं से भी बाधित नहीं हो। ऐसे लोग फिर से सत्ता में न आ जाएं, जिनका ट्रैक रिकार्ड बिहार की जनता जानती है। इस उद्देश्य के लिए पूरा एनडीए एकजुट है, और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में, उनके गाइडेंस व उनके गार्जियनशिप में ही यह चुनाव सभी लोग लड़ रहे हैं' उन्होंने कहा 'मैं बिहार की जनता से भी अनुरोध करता हूँ कि अफवाहों पर ध्यान नहीं दें'
NDA सीट शेयरिंग में कौन-कौन से नेता हैं नाराज!
एनडीए ने रविवार को गठबंधन की सभी पार्टियों के बीच विधानसभा सीटों के बंटवारे की घोषणा की है। जिसके बाद से ही कुछ पार्टियों में नाराजगी की बात सामने आ चुकी है। पहले उपेंद्र कुशवाहा और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी सोशल मीडिया पोस्ट पर सीट शेयरिंग को लेकर नाराजगी जता चुके हैं। जिसके बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की नाराजगी की खबरें सामने आईं। सूत्रों के अनुसार नीतीश कुमार 9 सीटों के बंटवारे को लेकर नाराज बताए जा रहे थे। ये सीटें चिराग पासवास की लोजपा रामविलास को मिली थी। बताया जा रहा है कि जदयू ने इन सीटों पर फिर से विचार करने के लिए भाजपा को कहा। हालांकि अब सांसद संजय झा ने साफ कर दिया है कि नीतीश कुमार बिल्कुल नाराज नहीं हैं।
