इलेक्शन

बिहार चुनाव से पहले नीतीश कुमार को लगा बड़ा झटका, विधायक संजीव कुमार RJD में हुए शामिल

Bihar Elections: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल (यूनाइटेड) के विधायक संजीव कुमार शुक्रवार को विपक्षी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) में शामिल हो गए। संजीव कुमार ने कहा कि केवल तेजस्वी यादव ही बिहार को मजबूत नेतृत्व दे सकते हैं। 125 यूनिट मुफ्त बिजली या सामाजिक सुरक्षा पेंशन में वृद्धि जैसे सरकार के हालिया फैसले तेजस्वी यादव के वादों की नकल मात्र हैं।

Image

संजीव कुमार RJD में हुए शामिल (फोटो साभार: @DrSanjeev0121)

Photo : Twitter

Bihar Elections: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल (यूनाइटेड) के विधायक संजीव कुमार शुक्रवार को विपक्षी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) में शामिल हो गए। सत्तारूढ़ पार्टी के साथ अपने दो दशक पुराने संबंध को समाप्त करते हुए, संजीव कुमार खगड़िया जिले में आयोजित एक रैली में राजद में शामिल हुए। वह खगड़िया के परबत्ता विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं।

रैली में शामिल नहीं हुए तेजस्वी यादव

राजद नेता तेजस्वी यादव खराब मौसम के कारण रैली में शामिल नहीं हो सके और उन्होंने डिजिटल माध्यम से सभा को संबोधित किया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पिछले साल राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में वापस लौटने के बाद संजीव कुमार पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगा था।

संजीव कुमार ने क्या कुछ कहा?

संजीव कुमार ने कहा कि केवल तेजस्वी यादव ही बिहार को मजबूत नेतृत्व दे सकते हैं। 125 यूनिट मुफ्त बिजली या सामाजिक सुरक्षा पेंशन में वृद्धि जैसे सरकार के हालिया फैसले तेजस्वी यादव के वादों की नकल मात्र हैं। जद (यू) प्रमुख नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, ‘‘नीतीश कुमार एक अच्छे व्यक्ति हो सकते हैं, लेकिन उनके चारों ओर भ्रष्ट लोग हैं। अपराध, भ्रष्टाचार और सांप्रदायिकता पर उनकी घोषित कतई बदर्शत नहीं करने की नीति (जीरो टॉलरेंस) कहीं दिखाई नहीं देती। मैं 2004 में अपने पिता के साथ जद (यू) में शामिल हुआ था, लेकिन पिछले कुछ समय से मुझे पार्टी में घुटन महसूस हो रही थी।’’

संजीव कुमार के दिवंगत पिता रामानंद प्रसाद सिंह दो बार परबत्ता सीट से जद (यू) विधायक रहे थे। प्रभावशाली भूमिहार समुदाय से आने वाले संजीव कुमार का राजद में शामिल होना तेजस्वी यादव की उस रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है, जिसमें वह यह संदेश देना चाहते हैं कि राजद केवल ‘एमवाई’ (मुसलमान और यादव) तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के 'ए टू जेड' (सभी वर्गों) का प्रतिनिधित्व करता है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article