इलेक्शन

इन राज्यों में 95 फीसद से ज्यादा था BJP का स्ट्राइक रेट, क्या 2019 वाला करिश्मा दोहराएगी भगवा पार्टी

  • Written by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 18, 2024, 08:00 AM IST

Loksabha Election 2024 : देश के सात राज्य ऐसे थे जहां भाजपा का जीत का स्ट्राइक रेट या 95 प्रतिशत से ज्यादा था या इसके करीब था। ये सात राज्य मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, गुजरात, हरियाणा और उत्तराखंड थे।

Image

Loksabha Election 2024

Loksabha Election 2024 : लोकसभा चुनाव 2024 के लिए चुनाव का बिगुल फूंका जा चुका है। लोकसभा की 543 सीटों के लिए चुनाव कार्यक्रम का ऐलान भी हो चुका है। 19 अप्रैल से लेकर एक जून तक इस बार सात चरणों में चुनाव होंगे। चुनावी दंगल के लिए एनडीए और इंडिया गठबंधन तैयार हैं। भाजपा के नेतृत्व वाला एनडीए गठबंधन पिछली बार से ज्यादा सीटें जीतने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रहा है। पिछले चुनाव में कुछ राज्यों में सीटें जीतने का उसका स्ट्राइक रेट 95 फीसदी के करीब था। इस स्ट्राइक रेट को क्या वह 2024 के लोकसभा चुनाव में दोहरा पाएगा, यह देखने वाली बात होगी।

देश के सात राज्य ऐसे थे जहां भाजपा का जीत का स्ट्राइक रेट 95 प्रतिशत या इससे ज्यादा था। ये सात राज्य मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, गुजरात, हरियाणा और उत्तराखंड थे।

मध्य प्रदेश-29 सीट

मध्य प्रदेश में लोकसभा की 29 सीटें हैं। 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने यहां की 28 सीटों पर कब्जा जमाया। यहां उसे 58 फीसद वोट मिले। एमपी में कांग्रेस केवल एक सीट जीत पाई। उसका वोट प्रतिशत 34.50 रहा। अन्य के खाते में 8.4 प्रतिशत वोट गया।

छत्तीसगढ़-11 सीट

इस राज्य में लोकसभा की 11 सीटें हैं। पिछले चुनाव में भाजपा यहां 9 सीटें जीतने में सफल रही। भगवा पार्टी को यहां 50.7 फीसद वोट मिला। वहीं, कांग्रेस दो सीटें जीतने में सफल हुई। कांग्रेस के हिस्से में 40.9 फीसद वोट आया। अन्य को 8.4 प्रतिशत वोट मिला।

राजस्थान-25 सीट

राजस्थान में लोकसभा की 25 सीटें हैं। पिछले चुनाव में भाजपा यहां क्लीन स्वीप कर गई। उसने सभी 25 सीटें जीतीं। इस राज्य में भाजपा का वोट प्रतिशत 58.47 रहा। कांग्रेस को इस चुनाव में भले ही एक सीट भी न मिली हो लेकिन उसका वोट प्रतिशत 34.24 रहा। अन्य को 15.81 प्रतिशत वोट मिले।

हिमाचल प्रदेश-4 सीट

2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने यहां की सभी 4 सीटों पर अपना कब्जा जमाया। इस चुनाव में भाजपा का वोट प्रतिशत 69.11 फीसद था। वहीं कांग्रेस को 27.30 प्रतिशत वोट मिले। कांग्रेस एक भी सीट नहीं जीत पाई। अन्य को 3.59 फीसद वोट मिला।

गुजरात-26 सीट

गुजरात में भी भाजपा ने क्लीन स्वीप किया। यहां की सभी 26 सीटों पर उसने जीत हासिल की। 2019 के लोकसभा चुनाव में इस राज्य में उसका वोट प्रतिशत 62.21 प्रतिशत था। कांग्रेस को एक भी सीट पर जीत नहीं मिली। हालांकि, उसका वोट प्रतिशत 32.11 था। अन्य को 5.68 प्रतिशत वोट मिले।

हरियाणा-10 सीट

हरियाणा में लोकसभा की 10 सीटें हैं। पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा ने यहां की 9 सीटों पर जीत दर्ज की। जबकि कांग्रेस एक सीट जीतने में सफल रही। यहां भाजपा का वोट प्रतिशत 58.02 था जबकि कांग्रेस को 28.42 फीसद वोट मिले। अन्य के खाते में 13.56 प्रतिशत वोट गया।

उत्तराखंड-5 सीट

इस पहाड़ी राज्य में भी भाजपा ने क्लीन स्वीप किया। लोकसभा की सभी पांच सीटों पर भगवा पार्टी ने कब्जा किया। इस राज्य में भाजपा को 61.7 फीसदी वोट मिले। चुनाव में कांग्रेस को वोट प्रतिशत 31.7 रहा जबकि अन्य के खाते में 6.6 प्रतिशत वोट गया।
टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article