इलेक्शन

West Bengal Counting: बंगाल में अभीतक कितने राउंड की हुई है काउंटिंग, AITC का क्या है हाल?

West Bengal Counting: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए मतों की गिनती जारी है। All India Trinamool Congress (AITC) अबतक की गिनती के अनुसार सत्ता से बाहर जाती दिख रही है।

Image

पश्चिम बंगाल में हार की ओर AITC (AI Photo)

West Bengal Counting: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार को जारी मतगणना से प्राप्त रुझानों के अनुसार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 178 सीट पर आगे है जबकि तृणमूल कांग्रेस (AITC) 92 सीट पर बढ़त बनाए हुए है। बंगाल में अभी कई राउंड की गिनती बची हुई है। कई सीटों पर सिर्फ एक राउंड की गिनती हुई है तो कई 10 राउंड के आसपास तक पहुंच गए हैं।

AITC मुखिया ममता बनर्जी की भी हालत खराब

राज्य की 293 विधानसभा सीट के लिए मतगणना सुबह आठ बजे डाक मतपत्रों से शुरू हुई, जिसके बाद इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के जरिए डाले गए मतों की गिनती प्रारंभ की गई। भवानीपुर सीट पर कांटे की टक्कर नजर आ रही है। मुख्यमंत्री एवं तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी मतगणना के दूसरे दौर के बाद दक्षिण कोलकाता की इस चर्चित सीट पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी से पीछे थीं, लेकिन तीसरे दौर में वह 8,482 मतों से आगे हैं। निर्वाचन आयोग के अनुसार, ममता बनर्जी को 17,244 और अधिकारी को 8,762 मत मिले हैं। पहले दौर में भी बनर्जी 1,996 मतों से आगे थीं। उस दौर में उन्हें 3,666 मत मिले थे, जबकि अधिकारी को 1,670 मत प्राप्त हुए थे। दूसरे दौर के बाद स्थिति में बदलाव आया और अधिकारी ने बढ़त बना ली लेकिन तीसरे दौर में बनर्जी पुन: आगे हैं।

अभी कई राउंड की गिनती बाकी

  • अलीपुरद्वार सीट पर 22 राउंड की मतगणना होनी है, अभी एक राउंड की हुई है। यहां बीजेपी आग है।
  • बगदा में सातवें राउंड की गिनती चल रही है, यहां बीजेपी कैंडिडेट आगे है।
  • बिनपुर में 10वें राउंड की गिनती हो चुकी है, यहां भी बीजेपी आगे चल रही है।
  • तेहट्टा में अभी 1 राउंड की गिनती हुई है, यहां 23 राउंड की गिनती होनी है। यहां AITC आगे चल रही है।

कौन-कौन बढ़ रहा जीत की ओर

तृणमूल की सहयोगी भारतीय गोरखा प्रजातांत्रिक मोर्चा (बीजीपीएम) दार्जिलिंग विधानसभा क्षेत्र में आगे है। अन्य प्रमुख सीटों में झाड़ग्राम में भाजपा उम्मीदवार लक्ष्मीकांत साव तृणमूल के मंगल सारेन से 11,418 मतों से आगे थे। कोलकाता की श्‍यामपुकुर सीट में भाजपा की पूर्णिमा चक्रवर्ती तृणमूल उम्मीदवार एवं मंत्री शशि पांजा से 1,780 मतों से आगे हैं। मांटेश्वर में शुरुआती दौर में भाजपा के सैकत पांजा, तृणमूल के सिद्दीकुल्ला चौधरी से आगे हैं, जबकि आसनसोल दक्षिण में भाजपा नेता अग्निमित्रा पॉल 18,812 मतों से आगे है। भाजपा दिनहाटा, गोसाबा, बाघमुंडी, बांकुड़ा, दुर्गापुर पूर्व, बिनपुर, नयाग्राम, राजगंज और भगवानगोला सहित कई निर्वाचन क्षेत्रों में भी आगे थी। इससे जंगलमहल, उत्तर बंगाल और औद्योगिक पट्टियों में उसे शुरुआती बढ़त मिलती दिखी। इसके विपरीत, तृणमूल देगंगा जैसे क्षेत्रों में आगे है जहां अनीसुर रहमान बिदेश 3029 मतों से आगे हैं। इसके अलावा पार्टी कस्बा, बालीगंज, भवानीपुर और एंताली जैसी शहरी सीटों तथा सिंगूर, रैना, जमालपुर, खंडघोष, सिताई, मालतीपुर और मोथाबाड़ी जैसे ग्रामीण क्षेत्रों में भी बढ़त बनाए हुए है।

हुमायूं कबीर AITC उम्मीदवार से आगे

निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, आम जनता उन्नयन पार्टी के प्रमुख हुमायूं कबीर मुर्शिदाबाद जिले की नवादा सीट पर चौथे दौर की मतगणना के बाद तृणमूल की अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी से आगे हैं। कबीर तृणमूल की साहिना मुमताज खान से 10,503 मतों से आगे हैं और अभी मतगणना के 16 दौर बाकी थे।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article