Hema Malini Net Worth: बॉलीवुड की ड्रीम गर्ल और मथुरा से लगातार तीसरी बार बीजेपी प्रत्याशी हेमा मालिनी की संपत्ति पांच साल में बढ़ गई है। पिछले चुनाव में हेमामालिनी 125 करोड़ रुपये की मालकिन थीं। हालांकि, इस बार के नामांकन पत्र में हेमा मालिनी ने अपनी प्रॉपर्टी करीब 129 करोड़ रुपये बताई है। जबकि, 169 करोड़ की संपत्ति उनके पति धर्मेंद्र के नाम है।
नामांकन पत्र के साथ दिए गए हलफनामे में हेमा मालिनी ने बताया कि उनके पास आय के अन्य स्रोत व्यवसाय, किराया एवं ब्याज आदि हैं। पिछले चुनाव में हेमामालिनी 125 करोड़ रुपये की मालकिन थीं। वर्तमान में हेमामालिनी के पास 13 लाख 52 हजार 865 रुपये और धर्मेंद्र के पास 43 लाख 19 हजार 016 रुपये नकद हैं।
कारों की शौकीन हेमा
हेमा मालिनी कारों की काफी शौकीन हैं। हलफनामे के अनुसार, उनके पास सात कारें हैं। जिनकी कीमत 61 लाख 53 हजार 816 रुपये हैं। इसके अलावा बैंक में 1 करोड़ 13 लाख 46 हजार और अन्य वित्तीय संस्थाओं में 4 करोड़ 28 लाख 54 हजार 44 रुपये हैं। हेमा के पास 2 करोड़ 96 लाख की विरासती सम्पत्ति है। उनके पास करीब 2 करोड़, 57 लाख 92 हजार 886 रुपये के शेयर हैं। हेमामालिनी के पास 3 करोड़ 39 लाख 39 हजार 307 रुपये के गहने भी हैं। उनके पास करीब 1 अरब 13 करोड़ 60 लाख 51 हजार 610 रुपये और धर्मेंद्र के पास 1 अरब 36 करोड़ 07 लाख 66 हजार 813 रुपये मूल्य के बंगले व अन्य संपत्तियां हैं।
पीएचडी की मानद उपाधि
हेमामालिनी उदयपुर की सर पद्पत सिंघानिया विवि से पीएचडी की मानद उपाधि प्राप्त हैं। इन पर कोई आपराधिक केस दर्ज नहीं है। इसके अलावा हेमा पर 1 करोड़ 42 लाख 21 हजार, 695 रुपये का और धर्मेंद्र पर छह करोड़ 49 लाख 67 हजार 402 रुपये का कर्ज भी है।
