Haryana BJP Candidate Full List: हरियाणा की 10 लोकसभा सीटों पर भाजपा क्या इस बार भी क्लीन स्वीप कर पाएगी? ये सवाल इसलिए अहम हो जाता है, क्योंकि भारतीय जनता पार्टी ने मिशन 2024 के तहत 370 से अधिक सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है। हरियाणा में भले ही सिर्फ 10 सीटें हो, लेकिन इस बार का चुनावी समीकरण पूरी तरह बदल चुका है। भाजपा ने सभी सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है। पार्टी ने 4 मौजूदा सांसदों को दोबारा टिकट दिया है, एक सांसद नायब सैनी मुख्यमंत्री बन चुके हैं तो उनकी जगह कांग्रेस से भाजपा में आने वाले पूर्व सांसद नवीन जिंदल को कुरुक्षेत्र से अपना उम्मीदवार बनाया है। लोकसभा चुनाव 2024 के लिए हरियाणा की सभी 10 सीटों के लिए BJP प्रत्याशियों पूरी सूची यहां देखें।
हरियाणा: भाजपा उम्मीदवारों की पूरी लिस्ट
| संख्या | लोकसभा सीट | उम्मीदवार का नाम |
| 1 | फरीदाबाद | कृष्णपाल गुर्जर |
| 2 | गुरुग्राम | राव इंद्रजीत सिंह यादव |
| 3 | भिवानी-महेंद्रगढ़ | धर्मबीर सिंह |
| 4 | सोनीपत | मोहन लाल बडौली |
| 5 | रोहतक | अरविंद शर्मा |
| 6 | सिरसा | अशोक तंवर |
| 7 | कुरुक्षेत्र | नवीन जिंदल |
| 8 | करनाल | मनोहर लाल खट्टर |
| 9 | अंबाला | बंतो कटारिया |
| 10 | हिसार | रणजीत सिंह चौटाला |
लिस्ट में दो केंद्रीय मंत्रियों के नाम शामिल
हरियाणा के लिए भाजपा उम्मीदवारों में दो केंद्रीय मंत्रियों को दोबारा टिकट मिला है। इसमें फरीदाबाद से सांसद और केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर और गुरुग्राम से सांसद और केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत का नाम शामिल है। वहीं भिवानी-महेंद्रगढ़ से सांसद धर्मबीर सिंह और रोहतक से सांसद अरविंद शर्मा को भी दोबारा टिकट मिला है।
किन-किन सांसदों का कटा टिकट?
टिकट कटने वालों में सोनीपत के सांसद रमेश कौशिक का नाम शामिल है, जिनकी जगह इस बार पार्टी ने मोहन लाल बडौली पर भरोसा जताया है। वहीं सिरसा से सांसद सुनीता दुग्गल का भी टिकट कट गया और उनकी जगह अशोक तंवर भाजपा ने उम्मीदवार बनाया है। इसके अलावा करनाल से सांसद संजय भाटिया का टिकट काटा गया है। भाटिया की जगह पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल को टिकट मिला है।
कांग्रेस से आए नवीन जिंदल को टिकट
अंबाला से सांसद रतनलाल कटारिया के निधन के बाद पत्नी बंतो कटारिया को टिकट दिया गया है। कुरुक्षेत्र से सांसद नायब सैनी मुख्यमंत्री बन चुके हैं, ऐसे में कांग्रेस से भाजपा में आने वाले नवीन जिंदल को भाजपा ने इस सीट से मैदान में उतारा है। वहीं हिसार सीट से सांसद बृजेंद्र सिंह भाजपा छोड़कर कांग्रेस में चले गए थे, भाजपा ने इस सीट से रणजीत सिंह चौटाला को टिकट दिया है।
