इलेक्शन

General Election 2024: तेलंगाना में अकेले लोकसभा चुनाव लड़ेगी BJP, विधानसभा चुनाव में वोट प्रतिशत बढ़ने से उत्साहित

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 15, 2023, 10:59 PM IST

General Election 2024: तेलंगाना विधानसभा चुनाव में भाजपा ने अभिनेता-राजनेता बने पवन कल्याण की जन सेना पार्टी (जेएसपी) के साथ गठबंधन किया था। जेएसपी ने आठ सीटों पर चुनाव लड़ा लेकिन उसे कोई सीट नहीं मिली।

Image

तेलंगाना में लोकसभा चुनाव अकेले लड़ेगी बीजेपी

Photo : Twitter

General Election 2024: तेलंगाना में अगला लोकसभा चुनाव बीजेपी अकेले लड़ने की तैयारी कर रही है। विधानसभा चुनाव में वोट प्रतिशत बढ़ने के बाद भाजपा ने यह निर्णय लिया है कि राज्य में पार्टी किसी अन्य दल से लोकसभा चुनाव में गठबंधन नहीं करेगी। विधानसभा चुनाव भाजपा ने जेएसपी के साथ गठबंधन किया था।

जी. किशन रेड्डी ेन किया साफ

IANS की रिपोर्ट के अनुसार तेलंगाना में हाल के विधानसभा चुनावों में सीटें और वोट शेयर बढ़ने से उत्साहित भाजपा ने अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव अकेले लड़ने का फैसला किया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी ने शुक्रवार को पार्टी कार्यकर्ताओं से अप्रैल-मई में होने वाले लोकसभा चुनावों के लिए तैयार रहने को कहा। उन्होंने साफ किया कि भाजपा किसी भी पार्टी से गठबंधन नहीं करेगी।

सहयोगी दल को सीट नहीं

गत 30 नवंबर को हुए तेलंगाना विधानसभा चुनाव में भाजपा ने अभिनेता-राजनेता बने पवन कल्याण की जन सेना पार्टी (जेएसपी) के साथ गठबंधन किया था। जेएसपी ने आठ सीटों पर चुनाव लड़ा लेकिन उसे कोई सीट नहीं मिली। राज्य की कुल 119 में से 111 सीटों पर चुनाव लड़ने वाली भाजपा को आठ सीटें मिलीं। भगवा पार्टी को 2018 के चुनाव में सिर्फ एक सीट पर जीत मिली थी। बाद में उपचुनावों में दो सीटें जीतने के बाद इसकी संख्या में सुधार हुआ और यह तीन हो गई। भाजपा अपना वोट शेयर भी 2018 के 6.98 प्रतिशत से दोगुना कर लगभग 14 प्रतिशत करने में सफल रही।

तीन सांसदों की हार

हाल के विधानसभा चुनाव में, भाजपा ने छह सीटें जीतीं जो आदिलाबाद और निज़ामाबाद लोकसभा क्षेत्रों में आती हैं। हालांकि, विधानसभा चुनाव में पार्टी के तीनों सांसदों को हार का सामना करना पड़ा। आदिलाबाद के सांसद सोयम बापू राव बोथ विधानसभा सीट हार गए। निज़ामाबाद धर्मपुरी अरविंद को भी कोरात्ला निर्वाचन क्षेत्र में हार का सामना करना पड़ा। भाजपा महासचिव और करीमनगर सांसद करीमनगर विधानसभा सीट जीतने में नाकाम रहे। करीमनगर लोकसभा सीट के अंतर्गत आने वाले विधानसभा क्षेत्रों में भी भाजपा को कोई सीट नहीं मिली। भगवा पार्टी किशन रेड्डी के सिकंदराबाद लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली एक भी विधानसभा सीट जीतने में विफल रही।

लोकसभा में बेहतर प्रदर्शन को लेकर आश्वस्त

हालांकि, भाजपा नेता आगामी लोकसभा चुनाव में अपना प्रदर्शन बेहतर करने को लेकर आश्वस्त हैं। उनका मानना है कि मोदी फैक्टर के कारण लोकसभा में वोटिंग पैटर्न अलग होगा। लोकसभा चुनाव की तैयारियों के तहत भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा दिसंबर के अंत में तेलंगाना का दौरा करेंगे। किशन रेड्डी ने शुक्रवार को पार्टी पदाधिकारियों, जिला अध्यक्ष और लोकसभा क्षेत्रों के प्रभारियों के साथ बैठक की। उन्होंने और तेलंगाना के प्रभारी भाजपा महासचिव तरुण चुघ ने बैठक को संबोधित किया और पार्टी नेताओं को चुनाव के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article