इलेक्शन

दुल्हनों को 8 ग्राम सोना, महिला मुखिया को हर महीने 2500 रुपये...तमिलनाडु में विजय के वादों ने पलट दी बाजी

टीवीके ने 60 वर्ष से कम आयु की महिलाओं के लिए प्रतिमाह 2,500 रुपये की सहायता देने का वादा किया है। साथ ही कम आय वाले परिवारों की दुल्हनों को आठ ग्राम सोना और रेशमी साड़ी देने का भी वादा किया है।

Image

तमिलनाडु में TVK जीत की ओर

Vijay Poll Promises: अभिनेता से राजनेता बने विजय की पार्टी टीवीके ने सोमवार को तमिलनाडु विधानसभा चुनावों में मतगणना के दौरान शुरुआती बढ़त लेकर सभी को चौंका दिया और पूरे दिन अपनी बढ़त बनाए रखी जिससे पार्टी पर सभी का ध्यान केंद्रित हो गया है। अब सबकी नजर पार्टी के उन चुनावी वादों पर हैं, जिनमें दुल्हनों को आठ ग्राम सोना, परिवार की महिला मुखिया को प्रति माह 2,500 रुपये की सहायता और ईमानदार प्रशासन शामिल हैं। हालांकि 2026 के विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी के घोषणापत्र में घोषित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लिए धन की व्यवस्था को लेकर चुनाव से पहले बहस हुई थी, लेकिन पार्टी ने अपने वादों को पूरा करने को लेकर भरोसा जताया है। पार्टी के एक सूत्र ने कहा कि अगर सरकार बनती है तो ये कल्याणकारी योजनाएं टीवीके की प्राथमिकता होंगी।

आठ ग्राम सोना से लेकर क्या-क्या वादे किए?

टीवीके ने 60 वर्ष से कम आयु की महिलाओं के लिए, समान योजनाओं के लाभार्थियों को छोड़कर, प्रति माह 2,500 रुपये की सहायता देने का वादा किया है। इसके साथ ही कम आय वाले परिवारों की दुल्हनों को आठ ग्राम सोना और रेशमी साड़ी देने का भी आश्वासन दिया गया है। पार्टी के आश्वासनों में पांच लाख नए सरकारी रोजगार सृजित करना, विद्यार्थियों के लिए पांच लाख वेतनयुक्त प्रशिक्षण अवसर उपलब्ध कराना, बेरोजगार स्नातकों को प्रतिमाह 4,000 रुपये का भत्ता देना और उच्च शिक्षा के लिए 20 लाख रुपये तक का शिक्षा ऋण प्रदान करना भी शामिल है।

किसानों और बेरोजगारों पर ध्यान

पार्टी ने पांच एकड़ से कम भूमि वाले किसानों के लिए कृषि सहकारी फसल ऋण पूर्ण रूप से माफ करने का वादा किया, जबकि पांच एकड़ से अधिक भूमि वाले किसानों को 50 प्रतिशत की छूट मिलेगी। इसके अतिरिक्त, पार्टी ने धान के लिए 3,500 रुपये प्रति क्विंटल और गन्ने के लिए 4,500 रुपये प्रति टन का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) देने का वादा किया।

युवा बेरोजगारी को लेकर विजय ने पांच लाख नए सरकारी रोजगार सृजित करने और इतनी ही संख्या में छात्रवृत्ति प्रदान करने का संकल्प लिया। बेरोजगार स्नातकों को 4,000 रुपये तक की मासिक सहायता प्रदान की जाएगी। सरकारी कर्मचारियों के लिए, पार्टी ने पुरानी पेंशन योजना पर विचार करने और नर्सों सहित संविदा कर्मचारियों को नियमित करने का आश्वासन दिया।

तमिलनाडु को नशामुक्त बनाने का वादा किया

स्वास्थ्य क्षेत्र में उन्होंने तमिलनाडु को नशामुक्त बनाने का वादा किया। विजय ने अस्पतालों के आधुनिकीकरण, मुफ्त वार्षिक स्वास्थ्य जांच और 25 लाख रुपये की पारिवारिक स्वास्थ्य बीमा योजना शुरू करने की भी प्रतिबद्धता जताई। घोषणापत्र में बुजुर्गों और दिव्यांगजनों के लिए 3,000 रुपये मासिक पेंशन, 200 यूनिट मुफ्त बिजली, पट्टा (भूमि विलेख) का नियमितीकरण और सभी घरों में 100 प्रतिशत पाइपलाइन से पेयजल आपूर्ति का भी उल्लेख किया गया था।

टीवीके द्वारा किए गए कुछ नीतिगत उपायों में सामुदायिक प्रमाण पत्र और भूमि पट्टा जैसी आवश्यक सरकारी सेवाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर उपलब्ध कराने की कानूनी गारंटी शामिल है। विजय ने राशन जैसी सेवाओं को सीधे लोगों तक पहुंचाने की प्रणाली लागू करके शासन की गृह-गृह सेवा का भी वादा किया। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि व्यापार करने में आसानी उनकी सरकार के लिए सर्वोपरि होगी और व्यापार लाइसेंस 21 दिनों के भीतर जारी करने की सख्त गारंटी दी।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडल author

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर... और देखें

End of Article