इलेक्शन

तमिलनाडु में चला विजय का जादू, DMK और AIDMK हक्का-बक्का, TVK ने कहां-कहां बनाई बढ़त?

Tamil Nadu Results: 23 अप्रैल को हुए तमिलनाडु विधानसभा चुनावों के शुरुआती रुझानों में टीवीके सौ से अधिक निर्वाचन क्षेत्रों में आगे चल रही है। अभिनेता से राजनेता बने विजय की पार्टी ने पूरे राज्य में शानदार प्रदर्शन किया है।

Image

तमिलनाडु में चला विजय और TVK का जादू (AI image)

Tamil Nadu Election Results: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव नतीजे ने हर किसी को हैरत में डाल दिया है। तमिल फिल्मों के सुपरस्टार और TVK प्रमुख विजय की आंधी में डीएमके (DMK) और एआईडीएमके (AIDMK) दोनों उड़ गए हैं। विजय और उनकी पार्टी तमिजगा वेत्री कजगम (TVK) से ऐसे प्रदर्शन की उम्मीद किसी को नहीं थी। सत्ता विरोध की लहर पर सवार होकर विजय ने तमिलनाडु की सियासत में नया इतिहास रच दिया है। चुनाव से पहले TVK के नेताओं की ओर से बड़े-बड़े दावे किए गए थे, लेकिन शायद ही किसी ने इसे गंभीरता लिया होगा। लेकिन नतीजे बता रहे हैं कि विजय का जादू किस कदर तमिल मतदाताओं के सिर चढ़कर बोला है।

TVK 100 से अधिक सीटों पर आगे

23 अप्रैल को हुए तमिलनाडु विधानसभा चुनावों के शुरुआती रुझानों में टीवीके सौ से अधिक निर्वाचन क्षेत्रों में आगे चल रही है। अभिनेता से राजनेता बने विजय की पार्टी ने पूरे राज्य में शानदार प्रदर्शन किया है। भारतीय चुनाव आयोग द्वारा सोमवार को जारी रुझानों के अनुसार, टीवीके ने विशेष रूप से चेन्नई, चेंगलपट्टू, कांचीपुरम और तिरुवल्लूर सहित उत्तरी जिलों में अच्छा प्रदर्शन किया है और द्रविड़ दलों में महत्वपूर्ण पैठ बनाई है।

TVK को कहां-कहां मिली सफलता?

टीवीके ने तिरुचिरापल्ली, तंजावुर, करूर, पेरम्बालूर, अरियालूर, नागपट्टिनम, तिरुवरूर, पुदुक्कोट्टई और मयिलादुथुराई सहित मध्य तमिलनाडु में भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है। डीएमके और उसके सहयोगियों का गढ़ माने जाने वाले मदुरै शहर, जिसमें उत्तर, पूर्व, पश्चिम, मध्य और दक्षिण क्षेत्र शामिल हैं, पर टीवीके का दबदबा रहा। डीएमके और उसके सहयोगियों का गढ़ माने जाने वाले मदुरै शहर में टीवीके का दबदबा कायम रहा।

मदुरै, दिंडीगुल, थेनी, विरुधुनगर, शिवगंगा, रामनाथपुरम, थूथुकुडी, तिरुनेलवेली और तेनकासी सहित दक्षिणी जिलों में टीवीके ने मजबूत पकड़ बनाई। तिरुवरूर, नागपट्टिनम और मयिलादुथुराई सहित डेल्टा जिलों की कई सीटों के साथ-साथ सलेम के कुछ हिस्सों में भी टीवीके के उम्मीदवार आगे चल रहे थे। इसके अलावा, कांग्रेस के पारंपरिक गढ़ कन्याकुमारी के कई इलाकों में भी टीवीके ने बढ़त हासिल की। मतगणना जारी है और 234 सीटों के अंतिम परिणाम देर शाम तक आने की उम्मीद है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडल author

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर... और देखें

End of Article