Lok Sabha Election 2024: आगामी लोकसभा चुनाव कांग्रेस के लिए अब तक का सबसे चुनौतीपूर्ण चुनाव होने जा रहा है। 10 साल से केंद्र की सत्ता से बाहर देश की सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टी हर कोशिश करके वापसी की राह देख रही है। वह भाजपा सरकार के अब तक के शासन के खिलाफ कई मुद्दों और देश को आगे ले जाने के रोडमैप के साथ चुनावी रण में उतरेगी। कांग्रेस के रणनीतिकारों ने मतदाताओं को लुभाने के लिए पार्टी का घोषणा पत्र लगभग तैयार कर लिया है। इस घोषणापत्र में क्या क्या होगा इसको लेकर टाइम्स नाउ नवभारत के पास एक्सक्लूसिव जानकारी उपलब्ध है। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक घोषणापत्र में युवाओं, महिलाओं, किसानों, पिछड़ों और गरीबों के लिए गेम चेंजर स्कीम होगी लेकिन ज्यादा फोकस युवाओं पर होगा।
कैसा हो सकता है कांग्रेस का घोषणापत्र
1. देश की सबसे बड़ी आबादी युवाओं पर केंद्रित होगा। कांग्रेस बेरोजगारी भत्ता जैसी स्कीम में पैसा सीधे खाते में देने का वादा करेगी, जो सबसे बड़ा वादा होगा।2. युवाओं के लिए शिक्षा लोन की ब्याज दरों में छूट दी जाएगी साथी ही केंद्र सरकार के विभागों के खाली पड़े लाखों पद को भरने का वादा होगा।
3. सेना में भर्ती की अग्निवीर योजना बंद करके पुरानी भर्ती स्कीम चालू करने का वादा।
4. इस वक्त सबसे बड़ी समस्या बनकर उभरे पेपर लीक रोकने के लिए कड़ी से कड़ी सजा के लिए कानून और दुनिया में अब तक की सबसे बेहतर तकनीकी से परीक्षाएं आयोजित कराने का वादा।
5. आधी आबादी यानी कि महिलाओं के लिए गृहलक्ष्मी जैसी योजना के जरिए महिलाओं के बैंक अकाउंट में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर का वादा। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश में प्रत्येक महिला को प्रति माह 1500 रुपए जैसी ही स्कीम की तरह कोई बड़ी घोषणा हो सकती है।
6. घरेलू एलपीजी सिलेंडर मात्र 450 रुपये में देने वादा। साथ ही आसान आवाजाही के लिए सरकारी बसों में छूट देने का वादा।
7. किसानों के लिए सीधे कर्ज माफी के बजाय एमएसपी की लीगल गारंटी वाला कानून बनाने का वादा कांग्रेस करेगी।
8. खेती-किसानी में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों से जीएसटी को पूरी तरह से हटाने या कम करने का वादा।
9. आम लोगों की सबसे बड़ी समस्या महंगाई से छुटकारा दिलाने के लिए बड़े उठाए जायेंगे। इसके अलावा पेट्रोल डीजल के दाम घटाने का वादा।
10. सामाजिक न्याय के लिए राहुल गांधी जिस जातिगत जनगणना की बात करते हैं उसको कराए जाने साथ ही जिसकी जितनी आबादी, उसे उतना आरक्षण का वादा।
11. राहुल गांधी की महत्वाकांक्षी न्याय योजना (जिसमें 72 हज़ार रुपये हर साल हर गरीब परिवार को) की तर्ज पर उससे भी बड़ी लुभावनी योजना देश के गरीब मजदूरों के लिए लाने का वादा।
12. भारतीय सेना के सेवानिवृत्त लोगों के लिए सही तरीके से वन रैंक, वन पेंशन देने का वादा, इसके अलावा बाकी सरकारी कर्मचारियों को पुरानी पेंशन स्कीम देने का वादा।
13. यूपीए सरकार ने लाई गई मनरेगा योजना को पर्याप्त बजट देकर सही तरीके से फिर से लागू करने का वादा।
14. रेलवे के किराए में कटौती, यात्रा में सीनियर सिटीजन के लिए छूट की वापसी, कुछ ट्रेनों में डायनमिक फेयर जैसी स्कीम को बंद करने का वादा भी होगा। साथ ही भारिया रेलवे के निजीकरण नहीं होने देने का वादा।
15. कांग्रेस की सरकार आने पर देश में एक या दो ही बड़े उद्योगपतियों को मदद देने के बजाय सभी को नियमों के तहत बराबरी का मौका मिलेगा यानी क्रोनी कैपिटालिज़्म को खत्म करने का वादा कांग्रेस कर रही है।
16. देश में सबसे ज्यादा रोजगार सृजन करने वाले लघु और कुटीर उद्योगों को आगे बढ़ाने के लिए कांग्रेस उनके लोन माफ करके सस्ती दरों पर कर्ज देने का वादा अपने घोषणापत्र में करेगी।
हर राज्य के बड़े मुद्दे होंगे शामिल
कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक पार्टी हर राज्य से जुड़े बड़े मुद्दों को भी अपने घोषणापत्र में अलग से जगह देगी। कांग्रेस का घोषणापत्र हिंदी, अंग्रेजी भाषा के साथ ही देश की अलग- अलग क्षेत्रीय भाषाओं में भी जारी होगा। साथ ही इसकी डिजिटल प्रतियां भी उपलब्ध होंगी। आपको बता दें कि कांग्रेस के घोषणापत्र को आखिरी स्वरूप देने के लिए पार्टी की मैनिफेस्टो कमेटी लगभग इन्हीं मुद्दों के इर्द गिर्द अपना ड्राफ्ट पार्टी अध्यक्ष को सौंपेगी।
