इलेक्शन

TMC मंत्री के घर पर 'हमले' को लेकर EC ने कोलकाता पुलिस से मांगी विस्तृत रिपोर्ट, प्रधानमंत्री की रैली से पहले अहम कदम

अब तक पुलिस ने भाजपा और टीएमसी समर्थकों के बीच हुई झड़प और पांजा के आवास पर हुए हमले के सिलसिले में नौ लोगों को गिरफ्तार किया है। इस घटना के संबंध में सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस और भाजपा दोनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

Image

EC ने कोलकाता पुलिस से मांगी रिपोर्ट (PTI/X)

West Bengal Election News: चुनाव आयोग (EC) ने पिछले सप्ताह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली से पहले तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्य मंत्री शशि पांजा के आवास पर हुए कथित हमले के संबंध में कोलकाता पुलिस से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। शहर पुलिस द्वारा पेश की गई प्रारंभिक रिपोर्ट अपूर्ण पाई गई, जिसमें घटना से संबंधित अहम विवरणों का अभाव था। एक चुनाव आयोग अधिकारी ने बुधवार को कहा कि पूर्व रिपोर्ट में घटनाक्रम और महत्वपूर्ण जानकारियों का पूरा विवरण नहीं था। अब एक व्यापक रिपोर्ट मांगी गई है।

खुफिया जानकारियों के बारे में स्पष्टीकरण मांगा

उन्होंने बताया कि आयोग ने घटना के समय, पुलिस की भूमिका और उत्तरी कोलकाता के गिरीश पार्क क्षेत्र में हुई घटना से पहले उपलब्ध खुफिया जानकारियों के बारे में स्पष्टीकरण मांगा है। राज्य में तैनात केंद्रीय बलों के इस्तेमाल पर भी सवाल उठ रहे हैं। अधिकारी ने आगे कहा कि इस बात की जांच की जा रही है कि केंद्रीय बलों की मौजूदगी के बावजूद वे सक्रिय रूप से शामिल क्यों नहीं हुए और स्थानीय पुलिस ने स्थिति को कैसे संभाला।

अब तक पुलिस ने भाजपा और टीएमसी समर्थकों के बीच हुई झड़प और पांजा के आवास पर हुए हमले के सिलसिले में नौ लोगों को गिरफ्तार किया है। इस घटना के संबंध में सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस और भाजपा दोनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। यह घटनाक्रम 23 और 29 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले चुनाव आयोग द्वारा बढ़ाई गई सतर्कता के बीच सामने आया है।

चुनाव आयोग ने पूरा कार्यक्रम घोषित किया

पश्चिम बंगाल, असम सहित चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर तारीखों का एलान चुनाव आयोग ने कर दिया है। इनमें पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी शामिल हैं। चुनाव आयोग ने प्रेस कांफ्रेंस के दौरान एलान किया कि पश्चिम बंगाल दो चरणों में चुनाव होगा। पहला चरण 23 अप्रैल को तो 29 अप्रैल को दूसरे चरण की वोटिंग होगी। वहीं वोटों की गिनती 4 मई को की जाएगी और उसी दिन परिणाम घोषित होंगे। इन विधानसभाओं का कार्यकाल मई और जून में अलग-अलग तारीखों पर समाप्त हो रहा है। बता दें कि इन राज्यों में से चार में एसआईआर की प्रक्रिया हो चुकी है, जबकि असम में तकनीकी कारणों के चलते SR या समरी रिवीजन हुआ है।

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए चुनाव आयोग ने पूरा कार्यक्रम घोषित कर दिया है। राज्य की 294 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव दो चरणों में कराए जाएंगे और सरकार बनाने के लिए किसी भी दल को 148 सीटों का बहुमत हासिल करना होगा। चुनाव कार्यक्रम के अनुसार पहले चरण की अधिसूचना 30 मार्च को जारी होगी, जबकि दूसरे चरण की अधिसूचना 2 अप्रैल को जारी की जाएगी। पहले चरण के लिए नामांकन की अंतिम तारीख 6 अप्रैल और दूसरे चरण के लिए 9 अप्रैल तय की गई है। इसके बाद नामांकन पत्रों की जांच 7 अप्रैल और 10 अप्रैल को की जाएगी। उम्मीदवार पहले चरण के लिए 9 अप्रैल और दूसरे चरण के लिए 13 अप्रैल तक अपना नाम वापस ले सकेंगे।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article