इलेक्शन

तमिलनाडु चुनाव 2026: DMK ने खोला चुनावी पिटारा, महिलाओं को ₹2000 मासिक, किसानों के लिए मुफ्त पंपसेट, जानें कौन-कौन से किए वादे

द्रमुक प्रमुख स्टालिन ने चेन्नई में कहा कि महिलाओं को मिलने वाला मासिक अनुदान बढ़ाकर 2,000 रुपये किया जाएगा। मुफ्त बिजली योजना के तहत किसानों को बिना मीटर वाले आधुनिक पंपसेट दिए जाएंगे, 5 साल में 10 लाख नए घर बनाए जाएंगे। द्रमुक के घोषणापत्र में मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा पर वार्षिक आय सीमा को बढ़ाकर पांच लाख रुपये और बीमा राशि को 10 लाख रुपये करने का वादा किया गया है। घोषणापत्र में मुख्यमंत्री की नाश्ता योजना को कक्षा 8वीं तक विस्तारित करने का भी वादा किया गया है।

Image

एमके स्टालिन

तमिलनाडु में चुनावी रणभेरी बज चुकी है, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता वोटरों को लुभाने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगा रहे हैं। इसी क्रम में तमिलनाडु में सत्तारूढ़ डीएमके ने विधानसभा चुनावों के लिए अपना घोषणापत्र जारी कर दिया है। द्रमुक प्रमुख स्टालिन ने चुनावी घोषणापत्र जारी करते हुए कहा कि सरकार ने तमिलनाडु को विकास के मामले में शीर्ष स्थान पर पहुंचाया। इसमें द्रमुक ने वोटरों से कई वादे किए हैं।

घोषणापत्र की सबसे अहम घोषणा महिलाओं के लिए शुरू की जाने वाली ‘इलत्तारसी’ (Illatharasi) कूपन स्कीम है। तमिल शब्द ‘इलत्तारसी’ का अर्थ घर की रानी यानी परिवार की महिला मुखिया होता है। इस योजना के तहत जिन परिवारों की महिलाएं इनकम टैक्स स्लैब में नहीं आतीं,उन्हें एक बार मिलने वाला 8,000 रुपये का कूपन दिया जाएगा, जिसे वे टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन, मिक्सर, माइक्रोवेव, इंडक्शन स्टोव जैसी घरेलू इलेक्ट्रॉनिक वस्तुएं खरीदने या बदलने में उपयोग कर सकेंगी। कूपन का उपयोग केवल स्थानीय दुकानों से खरीदारी के लिए किया जा सकेगा,जिससे स्थानीय व्यापारियों को भी सीधा लाभ मिलेगा। स्टालिन ने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण और आधुनिक घरेलू जीवन को आसान बनाने के लिए यह कदम गेमचेंजर साबित होगा।

स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ा विस्तार

घोषणापत्र में स्वास्थ्य सेवा को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया है। घोषणापत्र के मुताबिक, मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना की कवरेज बढ़ाकर 10 लाख रुपये की जाएगी। पात्रता के लिए वार्षिक आय सीमा भी बढ़ाई जाएगी,जिससे अधिक परिवार योजना के दायरे में आएंगे। स्टालिन ने कहा कि यह कदम आम जनता को महंगे इलाज से आर्थिक सुरक्षा देगा।

महिलाओं, बुजुर्गों और विधवाओं के लिए राहत

DMK ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन में भी बड़े बदलाव का वादा किया है। इसके तहत बुजुर्गों,विधवाओं और 50+आयु की अविवाहित महिलाओं की मासिक पेंशन बढ़ाकर 2,000 रुपये की जाएगी।‘कलैञर मगरिल उरुमै थोगै’योजना का मासिक अनुदान भी बढ़ाकर 2,000 रुपये किया जाएगा। इस योजना में नए योग्य लाभार्थियों को भी जोड़ा जाएगा।

शिक्षा के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण घोषणाएं

मुख्यमंत्री नाश्ता योजना (CM Breakfast Scheme) को क्लास 8 तक विस्तारित किया जाएगा। छात्रों के पोषण स्तर में सुधार और स्कूल उपस्थिति बढ़ाने के उद्देश्य से यह योजना तमिलनाडु में पहले ही सफल रही है।

किसानों के लिए मुफ्त आधुनिक पंपसेट

किसानों को बिना स्मार्ट मीटर वाले आधुनिक इलेक्ट्रिक पंपसेट मुफ्त उपलब्ध कराए जाएंगे। वर्तमान में 20 लाख से अधिक किसान मुफ्त बिजली प्राप्त कर रहे हैं,और अब उन्हें अधिक आधुनिक एवं सुरक्षित उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे।

इसके अलावा DMK ने अपने घोषणापत्र में अगले पांच सालों में 10 लाख नए घर बनाए जाने का वादा किया है, साथ ही उद्योग,निवेश और रोजगार बढ़ाने को प्राथमिकता देने की घोषणा की है। स्टालिन ने जोर देकर कहा कि डीएमके की नीतियों ने तमिलनाडु को विकास में शीर्ष स्थान दिलाया है और आने वाले वर्षों में यह गति और तेज होगी।

स्टालिन ने 200+ सीटें जीतने का किया दावा

घोषणापत्र जारी करते हुए स्टालिन ने विश्वास जताया कि DMK इस चुनाव में 234 में से 200 से अधिक सीटें जीतकर सत्ता में लौटेगी। उन्होंने कहा कि यह घोषणापत्र नहीं बल्कि तमिलनाडु के भविष्य का रोडमैप है। घोषणापत्र जारी करते हुए स्टालिन ने इसे “सुपरस्टार” करार दिया और कहा कि अगर डीएमके दोबारा सत्ता में आती है, तो राज्य को “ड्रविड़ मॉडल 2.0” के तहत और अधिक विकसित करने की दिशा में बड़े कदम उठाए जाएंगे।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article