इलेक्शन

Telangana Election: तेलंगाना के चुनावी मैदान में दागी ही दागी! मौजूदा 118 विधायकों में से 72 पर दर्ज हैं आपराधिक मामले

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Oct 21, 2023, 08:07 PM IST

Telangana Election: तेलंगाना के 118 विधायकों में से 72 के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि 46 के खिलाफ गंभीर आपराधिक मामले हैं। शनिवार को जारी रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि सत्तारूढ़ भारत राष्ट्र समिति के 101 विधायकों में से 59 यानी 58 प्रतिशत पर आपराधिक मामले चल रहे हैं।

Image

तेलंगाना में दर्जनों विधायक हैं दागी (प्रतीकात्मक फोटो- BRSParty)

Telangana Election: तेलंगाना में विधानसभा चुनाव की प्रक्रिया जारी है। यहां बीआरएस, कांग्रेस और भाजपा के बीच मुकाबला है। चुनावी वादों और भाषणों को छोड़ दें इस बार भी चुनावी मैदान में दागी ही दिखने वाले हैं। संकेत ऐसे ही लग रहे हैं। एडीआर की रिपोर्ट के अनुसार मौजूदा 118 विधायकों में से 72 विधायक दागी हैं। इनमें कई चुनावी मैदान में भी हैं।

ADR की रिपोर्ट

तेलंगाना के 118 विधायकों में से 72 के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि 46 के खिलाफ गंभीर आपराधिक मामले हैं। शनिवार को जारी रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि सत्तारूढ़ भारत राष्ट्र समिति के 101 विधायकों में से 59 यानी 58 प्रतिशत पर आपराधिक मामले चल रहे हैं। रिपोर्ट एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) और तेलंगाना इलेक्शन वॉच ने प्रकाशित की।

एक सीट है खाली

जिसमें 119 मौजूदा विधायकों में से 118 के आपराधिक, वित्तीय और अन्य पृष्ठभूमि विवरणों का विश्लेषण किया गया था। वर्तमान विधानसभा में एक निर्वाचन क्षेत्र सिकंदराबाद कैंट रिक्त है। यह विश्लेषण 2018 के विधानसभा चुनाव और उसके बाद हुए उप-चुनावों से पहले उम्मीदवारों द्वारा प्रस्तुत किए गए हलफनामों पर आधारित है। रिपोर्ट में कहा गया है कि विश्लेषण किए गए 118 मौजूदा विधायकों में से 72 (61 प्रतिशत) मौजूदा विधायकों ने अपने खिलाफ आपराधिक मामले घोषित किए हैं, जबकि 46 (39 प्रतिशत) मौजूदा विधायकों ने अपने खिलाफ गंभीर आपराधिक मामले घोषित किए हैं।

4 के खिलाफ रेप का मामला

सात विधायकों ने आईपीसी की धारा 307 के तहत हत्या के प्रयास से संबंधित मामले घोषित किए हैं और चार विधायकों ने महिलाओं के खिलाफ अपराध से संबंधित मामले घोषित किए हैं। रिपोर्ट में कहा गया है- "चार मौजूदा विधायकों में से एक विधायक ने आईपीसी की धारा 376 के तहत बलात्कार से संबंधित मामला घोषित किया था।"

किसके पास कितने दागी

इसके अलावा सत्तारूढ़ बीआरएस के 101 विधायकों में से 59 (58 प्रतिशत) के खिलाफ आपराधिक मामले हैं। जबकि, एआईएमआईएम के 7 में से 6 (86 फीसदी), कांग्रेस के 6 में से 4 (67 फीसदी), बीजेपी के 2 विधायक और 2 निर्दलीय विधायकों में से 1 ने अपने हलफनामे में अपने खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी दी है। रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि सत्तारूढ़ बीआरएस के 101 विधायकों में से 38 (38 प्रतिशत) ने अपने खिलाफ गंभीर आपराधिक मामले घोषित किए हैं। जबकि, एआईएमआईएम के 7 विधायकों में से 2 (29 प्रतिशत), कांग्रेस के 6 विधायकों में से 3 (50 प्रतिशत), भाजपा के 2 विधायकों और 2 निर्दलीय विधायकों में से 1 ने अपने खिलाफ गंभीर आपराधिक मामले दर्ज होने की घोषणा की है।

30 नवंबर का चुनाव

तेलंगाना विधानसभा चुनाव के लिए मतदान 30 नवंबर को होना है। वोटों की गिनती 3 दिसंबर को होगी। मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव के नेतृत्व वाली बीआरएस सरकार लगातार तीसरी बार सत्ता हासिल करने पर ध्यान दे रही है। जबकि, कांग्रेस भी राज्य में सत्ता में आने के लिए आक्रामक तरीके से प्रचार कर रही है।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article