इलेक्शन

BJP vs Congress Manifesto: महिला, युवा और किसान... किसके लिए किसने किया क्या वादा? देखें Cong और BJP के घोषणापत्र की बड़ी बातें

  • Authored by: प्रांजुल श्रीवास्तव
  • Updated Apr 14, 2024, 01:00 PM IST

BJP vs Congress Manifesto: भारतीय जनता पार्टी ने भी आगामी लोकसभा चुनावों के लिए घोषणापत्र जारी कर दिया है। बीजेपी ने अपने संकल्प पत्र में देश में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने और एक देश-एक चुनाव जैसे बड़े वादे किए हैं। वहीं, कांग्रेस ने भी जातिगत जनगणना, MSP की गारंटी और 30 लाख नौकरियों का वादा अपने घोषणा पत्र में किया है।

Image

भाजपा व कांग्रेस का घोषणापत्र

Photo : Times Now Digital

BJP vs Congress Manifesto: कांग्रेस के बाद आज भारतीय जनता पार्टी ने भी आगामी लोकसभा चुनावों के लिए घोषणापत्र जारी कर दिया है। बीजेपी ने अपने संकल्प पत्र में देश में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने और एक देश-एक चुनाव जैसे बड़े वादे किए हैं। तो वहीं, कुछ दिन पहले कांग्रेस ने भी मतदाताओं को लुभाने के लिए 30 लाख नौकरी, महिलाओं को एक लाख रुपये जैसे वादे किए थे। आइए जानते हैं कांग्रेस ओर बीजेपी के घोषणा पत्र में किस वर्ग के लिए क्या वादा किया गया है...

गरीबों के लिए वादे

बीजेपी

गरीब परिवारों के लिए भारतीय जनता पार्टी ने सबसे बड़ा वादा पांच साल मुफ्त राशन का किया है। यानी अगले पांच साल तक लोगों को मुफ्त राशन मिलता रहेगा। वहीं, आगामी पांच सालों में तीन करोड़ प्रधानमंत्री आवास, पाइप लाइन से सस्ती रसोई गैस, बिजली का बिल जीरो करने के लिए पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का वादा किया गया है। इसके अलावा 70 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों को भी आयुष्मान योजना के दायरे में लाने की बात कही गई है।

गरीबों के लिए किए गए वादे

गरीबों के लिए किए गए वादे

कांग्रेस

कांग्रेस पार्टी ने आर्थिक और सामाजिक रूप से पिछड़े वर्ग के लिए राष्ट्रव्यापी आर्थिक और सामाजिक जाति जनगणना कराने का बड़ा वादा किया है। इसके अलावा एससी-एसटी 50% आरक्षण के दायरे को बढ़ाया जाएगा। वहीं, EWS के तहत 10 प्रतिशत रक्षण को बिना भेदभाव लागू करने वादा किया गया है। कांग्रेस ने घर और व्यवसाय के लिए लोन की सीमा में विस्तार और भूमिहीनों को जमीन देने का भी वादा किया है।

युवाओं के लिए वादे

बीजेपी

भारतीय जनता पार्टी ने पेपर लीक नियंत्रण कानून लागू करने का बड़ा वादा किया है। इसके अलावा युवाओं के लिए स्टार्टअप्स फंडिंग में भी विस्तार किया जाएगा। मुद्रा योजना के तहत 10 लाख तक के लोन की सीमा को बढ़ाकर 20 लाख करने का वादा किया गया है।

युवाओं के लिए किए गए वादे

युवाओं के लिए किए गए वादे

कांग्रेस

कांग्रेस पार्टी ने 25 साल से कम उम्र के युवाओं को अप्रेंटिसशिप के लिए एक लाख रुपये देने के अलावा पेपर लीक मामलों के लिए फास्ट ट्रैक अदालतों का गठन और मुआवजा देने का वादा किया है। वहीं सरकार नौकरियों के लिए आवेदन शुल्क समाप्त करने क भी वादा युवाओं से किया गया है। कांग्रेस ने सरकार बनते ही केंद्र सरकार के 30 लाख रिक्त पदों को भरने का बड़ा वादा किया है।

30 लाख नौकरियां

महिलाओं के लिए वादे

बीजेपी

भाजपा ने महिलाओं को भी अपने घोषणापत्र में शामिल किया है। पार्टी की ओर से तीन करोड़ ग्रामीण महिलाओं को लखपति दीदी बनाने की घोषणा की गई है। इसके अलावा कामकाजी महिलाओं के लिए हॉस्टल निर्माण किया जाएगा, जहां शिशुगृह जैसी बुनियादी सुविधाएं होंगी। वहीं, महिलाओं को SHG आईटी, स्वास्थ्य, शिक्षा से जोड़कर आय बढ़ाई जाएगी।

महिलाओं के लिए किए गए वादे

महिलाओं के लिए किए गए वादे

कांग्रेस

कांग्रेस पार्टी ने सरकार बनते ही हर गरीब परिवार की बुजुर्ग महिला को एक लाख रुपये प्रति वर्ष देने का वादा किया है। इस महालक्ष्मी योजना के तहत महिलाओं के खाते में हर महीने 8500 रुपये आएंगे। पार्टी ने 2025 के विधानसभा चुनावों में महिला आरक्षण बिल लागू करने व महिलाओं के लिए सरकारी नौकरी में 50% आरक्षण का भी वादा किया है।

किसानों के लिए वादे

बीजेपी

भारतीय जनता पार्टी ने पीएम किसान सम्मान निधि जारी रहने, मिलेट (श्री अन्न) को सुपरफूड के रूप में स्थापित करने और फसलों पर एमएसपी की बढ़ोतरी जैसे वादो किसानों से किए हैं।

किसानों के लिए किए गए वादे

किसानों के लिए किए गए वादे

कांग्रेस

कांग्रेस पार्टी ने स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों को लागू करके फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) को कानूनी गारंटी देने का बड़ा वादा किया है। इसे अलावा कृषि वित्त पर स्थायी आयोग की नियुक्ति व कृषि लागत एवं मूल्य आयोग के लिए वैधानिक निकाय का भी वादा किया गया है।

प्रांजुल श्रीवास्तव
प्रांजुल श्रीवास्तवauthor

<p>मैं इस वक्त टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ा हुआ हूं। पत्रकारिता के 8 वर्षों के तजुर्बे में मुझे और मेरी भाषाई समझ को गढ़ने और तराशने में कई वरिष्ठ पत्रकारों और संपादकों का योगदान रहा। 2016 में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से शुरू हुआ यह सफर देश की राजधानी दिल्ली में 'टाइम्स नाउ नवभारत' तक आ पहुंचा है। अखबारों में रिपोर्टिंग करते हुए शहरों की धूल फांकना और डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों को समझते हुए देश-विदेश की खबरों को आप तक पहुंचाने का मेरा ये सफर काफी किस्से-कहानियों से भरा हुआ है। लखनऊ की बाबा भीम राव अंबेडकर सेंट्रल यूनिवर्सिटी के क्लासरूम में प्रोफेसरों से मिले किताबी ज्ञान और पत्रकारीय सिद्धांतों को जमीन पर उतारने का मौका मुझे 2016 में ही मिल गया। पहला ब्रेक टाइम्स ग्रुप के प्रतिष्ठित अखबार 'नवभारत टाइम्स' ने दिया। यहां बतौर इंटर्न मुझे कई सामाजिक संगठनों की रिपोर्टिंग करने का मौका मिला। दिनभर शहर में घूम-घूम कर खबरों को बटोरना और शाम होते ही उन्हें लिखकर डेस्क के हवाले करना मेरी दिनचर्या का हिस्सा हो गया। इस अनुभव ने मुझे समाज के तौर तरीकों से परिचित कराया तो न्यूजरूम में सीनियर्स से मिली डांट ने पत्रकारिता की बारीकियों और भाषाई मर्यादा को समझने में मदद की। करीब 3 से 4 महीनों की इंटर्नशिप के बाद मुझे 2017 आते-आते गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली भेजा गया। यह समय उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव और सत्ता के बदलाव का था। यहां बतौर रिपोर्टर मैं पहली बार राजनीतिक खबरों से रूबरू हुआ। रायबरेली के मिजाज को करीब 8 महीनों तक समझने के बाद नवभारत टाइम्स ने मुझे वापस लखनऊ बुलाया और शहर की रिपोर्टिंग करने का मौका दिया। यहां विज्ञान, पर्यावरण, बाजार, लखनऊ विकास प्राधिकरण, आवास विकास और मेट्रो जैसी बीट पर जमकर काम किया। यह सफर अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिले मुरादाबाद तक पहुंच गया था, जहां मुझे दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित अखबार के लिए दो वर्षों तक रिपोर्टिंग करने का अवसर मिला। करीब दो वर्षों की पत्रकारिता के बाद अब मुझे देश की राजधानी की ओर रुख करना था और यह मौका अमर उजाला (डिजिटल) ने दिया। अखबारों की रिपोर्टिंग से निकलकर डिजिटल पत्रकारिता के अनुभव से मैं पहली बार रूबरू हो रहा था। यहां पर मुझे मेन डेस्क पर जिम्मेदारी मिली। जहां सबसे आगे रहते हुए सबसे सटीक खबरें आप तक पहुंचाना चुनौती भरा काम था, लेकिन पत्रकारिता की शुरुआत में मिले अनुभवों ने मेरा काम आसान बना दिया। यहां भी करीब दो वर्षों के बाद 2023 में मुझे टाइम्स ग्रुप से दोबारा जुड़ने का मौका मिला और टाइम्स नाउ नवभारत की मेन डेस्क पर मेरा सफर अब तक जारी है।</p>

और पढ़ें
End of Article