इलेक्शन

Bihar Politics: भाजपा ने ली पप्पू यादव की चुटकी, पूछा- अब पूर्णिया छोड़ेंगे या दुनिया?

  • Edited by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 29, 2024, 11:37 PM IST

Lok Sabha Chunav: बिहार में महागठबंधन में सीटों के बंटवारे के बाद भाजपा ने कांग्रेस नेता पप्पू यादव पर कटाक्ष किया है। बीजेपी ने पप्पू से पूछा है कि अब वो पूर्णिया छोड़ेंगे, या दुनिया। वहीं इस सीट बंटवारे को लेकर पप्पू ने प्रतिक्रिया दी है कि कोई बगावत नहीं, लेकिन 'दोस्ताना लड़ाई' हो सकती है।

Image

पप्पू यादव पर भाजपा का कटाक्ष।

Photo : Times Now Digital

Pappu Yadav News: लोकसभा चुनाव के लिए बिहार में महागठबंधन द्वारा सीट बंटवारे की घोषणा पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और राज्य के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कटाक्ष किया और कहा कि पूर्णिया लोकसभा सीट राष्ट्रीय जनता दल (राजद) को दिया जाना कांग्रेस नेता पप्पू यादव के लिए बड़ा झटका है।

भाजपा ने पप्पू यादव से पूछा- अब पूर्णिया छोड़ेंगे या दुनिया?

बिहार के डिप्टी सीएम सिन्हा ने कहा, 'बिहार के पूर्णिया से लोकसभा चुनाव लड़ने की उम्मीद में पिछले हफ्ते अपनी जन अधिकार पार्टी का कांग्रेस में विलय करने वाले पप्पू यादव अब क्या करेंगे। यह उनके लिए बहुत बड़ा झटका है। उनके पास कोई विकल्प नहीं बचा है। हमलोग चिंतित हैं... जैसा कि उन्होंने कहा था, अब वो पूर्णिया छोड़ेंगे, या दुनिया।' पत्रकारों से बातचीत के दौरान उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने उस बात का जिक्र किया, जिसमें पप्पू यादव ने कहा था कि 'मैं दुनिया छोड़ सकता हूं लेकिन पूर्णिया नहीं छोड़ूंगा।'

बगावत नहीं, लेकिन 'दोस्ताना लड़ाई' हो सकती है: पप्पू यादव

बिहार के पूर्णिया से लोकसभा चुनाव लड़ने की उम्मीद में कांग्रेस में शामिल हुए पूर्व सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने इस सीट के सहयोगी पार्टी राजद के पास चले जाने के बाद शुक्रवार को बागी उम्मीदवार के रूप लड़ने की संभावना से इनकार किया। कांग्रेस से पप्पू यादव की पत्नी रंजीत रंजन राज्यसभा सदस्य हैं। उन्होंने पार्टी के प्रति अपनी पूर्ण निष्ठा व्यक्त करते हुए ‘इंडिया’ गठबंधन के घटक दलों के बीच कई निर्वाचन क्षेत्रों में ‘दोस्ताना लड़ाई’ होने के संकेत दिए। उन्होंने कहा, ‘मैं राहुल गांधी को देश का प्रधानमंत्री बनाने और बिहार में कांग्रेस को पुनर्जीवित करने में मदद करने के लिए प्रतिबद्ध हूं।’

पप्पू ने जन अधिकार पार्टी का कांग्रेस में कर दिया था विलय

पूर्व सांसद ने अपनी जन अधिकार पार्टी का कांग्रेस में विलय कर दिया था और दावा किया था कि राहुल गांधी तथा प्रियंका गांधी ने उन्हें पूर्णिया से टिकट देने का आश्वासन दिया था। यह पूछे जाने पर कि क्या वह निर्दलीय के रूप में चुनाव लड़ेंगे, उन्होंने ‘न’ में जवाब दिया। उन्होंने कहा, ‘मैंने अपने हाथों में कांग्रेस का झंडा पकड़ रखा है, इसे अपनी आखिरी सांस तक जाने नहीं दूंगा। मैं पूर्णिया में कांग्रेस को मजबूत बनाने के लिए काम करूंगा और 26 अप्रैल को जब मतदान होगा तो इसका असर सबके सामने होगा।’

पप्पू यादव ने यह भी कहा, ‘इंडिया गठबंधन के सभी घटक दल एक समान उद्देश्य के लिए मिलकर काम कर रहे हैं। कई स्थानों पर वे एक-दूसरे से लड़ते दिख सकते हैं। वायनाड (केरल) में राहुल गांधी को डी राजा की पत्नी एवं भाकपा उम्मीदवार एनी राजा ने चुनौती दी है।’ उन्होंने कहा, ‘पूर्णिया की लड़ाई में मेरी भूमिका क्या होगी, इसे परिभाषित करने का काम मैं पूरी तरह से अपने नेताओं राहुल गांधी और प्रियंका गांधी तथा एआईसीसी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पर छोड़ता हूं।’

2014 में राजद के टिकट पर मधेपुरा से जीते थे पप्पू यादव

पप्पू यादव पिछली बार 2014 के लोकसभा चुनाव में विजयी हुए थे। उस समय वह राजद के टिकट पर मधेपुरा से जीते थे। उन्होंने 1990 के दशक में तीन बार (दो बार निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में) पूर्णिया का प्रतिनिधित्व किया। पिछले सप्ताह राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद द्वारा पूर्णिया से जदयू से पाला बदलकर आईं बीमा भारती को पार्टी का टिकट दिए जाने के बाद ऐसी अटकलें लगाई जा रही थीं कि पप्पू यादव को मधेपुरा या सुपौल से किस्मत आजमाने के लिए कहा जा सकता है। हालांकि ये तीनों सीट अब राजद के खाते में आ गई हैं। पप्पू यादव को खुद को बाहुबली कहलाना पसंद नहीं है। वह उत्तर पूर्वी बिहार के सीमांचल क्षेत्र के कई जिलों में लोकप्रिय माने जाते हैं।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article