BJP MLA on Digvijay Singh: लोकसभा चुनाव से पहले मध्य प्रदेश की सियासत में एक नया मोड़ आ गया है, एक भाजपा विधायक ने दिग्विजय सिंह को पाकिस्तान भेजने को लेकर विवादित बयान दिया, जिसके बाद सियासी महकमे में बखेड़ा खड़ा हो गया है। दरअसल ये बयान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की मध्य प्रदेश इकाई के नेता और विधायक रामेश्वर शर्मा ने दिया है।
भाजपा विधायक के बयान पर क्या बोले दिग्विजय?
कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह पर दिये भाजपा विधायक शर्मा के हालिया बयान को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। रामेश्वर शर्मा ने कहा कि राजगढ़ लोकसभा सीट पर दिग्विजय सिंह को हराकर उन्हें पाकिस्तान भेज दिया जाएगा। शर्मा की टिप्पणी पर कड़ी आपत्ति जताते हुए दिग्विजय सिंह ने संवाददाताओं से कहा कि उनके वकील बयान की जांच कर रहे हैं।
'हिंदुस्तान में नहीं, इस्लामाबाद या लाहौर में मिलेगी जगह'
रामेश्वर शर्मा ने ब्यावरा में कहा था, 'भाजपा कार्यकर्ताओं ने राजगढ़ लोकसभा सीट से पार्टी उम्मीदवार (रोडमल नागर) को ब्यावरा विधानसभा क्षेत्र (राजगढ़ लोकसभा सीट का हिस्सा) में एक लाख से अधिक वोटों और लोकसभा क्षेत्र में आठ लाख से अधिक वोटों से जिताने का संकल्प दोहराया है।'
उन्होंने कहा, 'जो 'राजा' (सिंह) यहां घूम रहे हैं, उन्हें इस तरह बोरिया बिस्तर बांधकर भेजा जाएगा कि उन्हें हिंदुस्तान में नहीं बल्कि इस्लामाबाद या लाहौर में ही जगह मिलेगी क्योंकि उनके प्रशंसक अब मध्य प्रदेश और देश में तो हैं नहीं, लेकिन सीमा पार जरूर मौजूद हैं। वे दोनों एक-दूसरे को पसंद करते हैं।'
दिग्विजय सिंह ने शर्मा के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, 'मैं इस बारे में कोई नयी बात नहीं करना चाहता। उनके पास इसके अलावा कोई मुद्दा नहीं है। मेरे वकील बयान की जांच कर रहे हैं और वे उसके अनुसार कार्रवाई करेंगे।'
